Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: सस्ता कौन है ये तो साफ है, पर बेहतर कौन ये चौंकाएगा

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: OnePlus N6 में 8,000mAh की बैटरी है। आज लॉन्च हुए Samsung Galaxy F70 Pro 5G में 6,000mAh की। इसके बाद भी मेरी सलाह F70 Pro की तरफ जाती है।

पहले N6 की तरफ की बात, क्योंकि बैटरी वाकई बड़ी है। तीन दिन चलने वाली बैटरी इस दाम में कहीं और नहीं मिलती, चार्जर इसके डिब्बे में मिलता है, और मज़बूती की रेटिंग भी इसकी ऊँची है। जिसकी सबसे बड़ी शिकायत हमेशा बैटरी रही है, उसके लिए ये फोन उस एक शिकायत का सीधा हल है।

कीमत भी फैसला आसान नहीं करती। F70 Pro का 6GB + 128GB मॉडल ₹23,999 का है और N6 का 6GB + 128GB ₹24,999 का, और बैंक ऑफर जोड़ लें तो दोनों ₹23,000 के आसपास आकर बैठ जाते हैं।

फैसला इसलिए बदलता है कि ₹24,000 पर स्क्रीन और अपडेट पॉलिसी, इन दोनों का कोई विकल्प नहीं होता। और यही दो जगह N6 सबसे कमज़ोर है। आइये इन दोनों फोनों की तुलना हर पहलू पर विस्तार से करते हैं।

ये पढ़ें: Samsung Galaxy F70 Pro भारत में लॉन्च: 6000mAh बैटरी और 6 साल अपडेट, जानें कीमत

Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: स्पेसिफिकेशन

स्पेसिफिकेशनSamsung Galaxy F70 Pro 5GOnePlus N6
डिस्प्ले6.7-इंच FHD+ Super AMOLED, 120Hz, 385 PPI6.8-इंच HD+ LCD, 120Hz, 254 PPI
प्रोसेसरSnapdragon 6 Gen 3 (4nm)Dimensity 6360 Apex (6nm)
रैम / स्टोरेज6GB–8GB / 128GB–256GB4GB–6GB / 128GB
रियर कैमरा50MP OIS + 5MP + 2MP50MP + 2MP
सेल्फी कैमरा12MP (HDR)8MP
बैटरी / चार्जिंग6,000mAh, 45W8,000mAh, 45W
मज़बूतीIP64, Gorilla Glass Victus+IP65, MIL-STD-810H
सॉफ्टवेयरOne UI 8.5, 6 OS अपडेटOxygenOS 16, 2 OS अपडेट
कीमत₹23,999 से₹22,999 से

Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: डिज़ाइन और डिस्प्ले

₹24,000 अब बजट सेगमेंट नहीं है। इस दाम पर FHD+ पैनल मिलना चाहिए, और N6 पर नहीं मिलता।

इसकी 6.8-इंच स्क्रीन 1570 x 720 पिक्सल पर चलती है, यानी 254 PPI, वहीँ F70 Pro का 6.7-इंच Super AMOLED पैनल 1080 x 2340 पिक्सल का है, यानी 385 PPI। ये फर्क आपको पहले दिन दिखेगा। WhatsApp की चैट, Instagram के कैप्शन और YouTube के सबटाइटल, N6 पर हर छोटे टेक्स्ट के किनारे नरम लगेंगे। LCD पैनल होने की वजह से रात में काला रंग गहरा काला नहीं, गहरा भूरा दिखता है, जबकि AMOLED पर वही हिस्सा पूरी तरह बंद रहता है। रिफ्रेश रेट दोनों में 120Hz है, तो स्क्रॉल करते वक्त कमी किसी में नहीं है।

हाथ में F70 Pro हल्का पड़ता है। ये 8.1mm पतला है और N6 अपनी बड़ी बैटरी की वजह से 8.88mm मोटा तथा 224 ग्राम का, दोनों में करीब 20 ग्राम का अंतर है। लेटकर लंबा वीडियो देखते वक्त यही कलाई पर महसूस होता है।

IP65 रेटिंग N6 के पास है और F70 Pro पर IP64, यानी छींटों से आगे बढ़कर कम दबाव वाली पानी की धार भी N6 झेल लेगा, साथ में इसे मिलिट्री-ग्रेड MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन भी मिला है। F70 Pro की स्क्रीन पर Corning Gorilla Glass Victus+ है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि ये 2 मीटर की ऊँचाई से गिरने तक झेल सकता है।

ये पढ़ें: OnePlus N6 8,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च, जानिए कीमत

Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: परफॉरमेंस

4GB रैम पर ₹23,000 खर्च करना 2026 में भारी लगता है, और N6 का ₹22,999 वाला मॉडल वहीँ खड़ा है। F70 Pro इससे कुछ पैसे ज़्यादा देकर 6GB रैम से शुरू होता है।

चिपसेट में F70 Pro के पास 4nm पर बना Snapdragon 6 Gen 3 है और N6 के पास 6nm पर बना Dimensity 6360 Apex। रोज़ के WhatsApp, कॉल और YouTube में दोनों ठीक चलेंगे, फर्क तब दिखेगा जब आठ-दस ऐप एक साथ खुले हों। 4GB पर बैकग्राउंड के ऐप बार-बार बंद होते हैं, और हर बार ऐप को नए सिरे से खुलते देखना इतने पैसे खर्च करने के बाद अच्छा नहीं लगता।

एक बात Samsung ने खुद अपनी वेबसाइट पर लिख दी है, इस चिपसेट के साथ LPDDR5X रैम भी LPDDR5 लेवल तक ही पहुँच पाती है। F70 Pro असल इस्तेमाल में कितना तेज़ निकलता है, इस पर पक्की बात 8 अगस्त से सेल शुरू होने और रिव्यू आने के बाद ही होगी।

Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: कैमरा

कैमरे में सेंसर दोनों का 50MP है और अपर्चर भी दोनों का f/1.8, असल अंतर OIS का है।

ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइज़ेशन F70 Pro में मिलता है और N6 में नहीं। आपके लिए इसका मतलब है कि चलते-चलते बनाया वीडियो कम हिलेगा और शाम की कम रोशनी में फोटो कम धुंधली आएगी। इसके साथ F70 Pro में 5MP का अल्ट्रावाइड लेंस भी है, तो ग्रुप फोटो के लिए पीछे हटने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी, वहीँ N6 में ये लेंस मौजूद ही नहीं है। वीडियो F70 Pro पर 4K@30fps तक जाती है और N6 पर 1080p पर रुक जाती है, वो भी 60fps सिर्फ 6GB वाले वेरिएंट में मिलता है। सेल्फी कैमरा 12MP बनाम 8MP का है।

फाइनल फोटो कैसी आती है, ये सेंसर से ज़्यादा सॉफ्टवेयर प्रोसेसिंग पर तय होता है, इसलिए इस पर भी पक्की बात रिव्यू के बाद ही होगी।

ये पढ़ें: OnePlus N6x vs OnePlus N6: चिपसेट एक ही है, तो ज़्यादा पैसे देने पर क्या मिलेगा? (31 जुलाई 2026)

Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: बैटरी और चार्जिंग

8,000mAh बनाम 6,000mAh, पूरे 2,000mAh का अंतर, और यही N6 की सबसे मज़बूत दलील है।

OnePlus का दावा है कि एक चार्ज तीन दिन चलता है। दो दिन की शादी में जाइए और चार्जर घर छोड़ दीजिए, फोन साथ देगा। इतनी बड़ी बैटरी के बदले धीमी चार्जिंग भी नहीं झेलनी पड़ती, क्योंकि 45W चार्जिंग दोनों फोनों में एक जैसी है और कंपनी 47 मिनट में 50% का दावा करती है। बायपास चार्जिंग तथा रिवर्स चार्जिंग भी दोनों में मौजूद हैं।

डिब्बे में चार्जर मिलना अब अपने आप में एक फीचर है, और वो N6 के साथ आता है। Samsung ने अपनी वेबसाइट पर साफ लिखा है कि F70 Pro का 45W चार्जर अलग से खरीदना होगा। माइक्रोएसडी कार्ड के लिए भी N6 में अलग स्लॉट है, जबकि F70 Pro में कार्ड डालने के लिए दूसरा सिम निकालना पड़ेगा।

सॉफ्टवेयर और अपडेट

Samsung इस फोन को 6 जनरेशन OS अपग्रेड और 6 साल सिक्योरिटी अपडेट दे रहा है। OnePlus N6 को 2 OS अपग्रेड और 3 साल सिक्योरिटी अपडेट मिलेंगे।

मतलब आज खरीदा F70 Pro 2032 तक ऑफिशियल अपडेट पाता रहेगा, और N6 का सफर 2029 में खत्म हो जाएगा। ₹23,000 का फोन तीन साल में बदलने का इरादा न हो, तो ये अंतर बाकी किसी स्पेसिफिकेशन से बड़ा है।

सॉफ्टवेयर दोनों में Android 16 पर आधारित है, F70 Pro में One UI 8.5 और N6 में OxygenOS 16। AI फीचर्स में F70 Pro पर Circle to Search, Google Gemini, ऑब्जेक्ट इरेज़र और AI वॉइस ट्रांसक्रिप्शन जैसे विकल्प मिलते हैं।

कीमत

Samsung Galaxy F70 Pro 5G

  • 6GB + 128GB: ₹23,999 (लिस्टेड कीमत ₹25,999)
  • 8GB + 128GB: ₹27,999 (लिस्टेड कीमत ₹29,999)
  • 8GB + 256GB: ₹32,999 (लिस्टेड कीमत ₹34,999)

Flipkart पर चुनिंदा क्रेडिट कार्ड पर ₹1,200 तक का इंस्टेंट डिस्काउंट दिख रहा है, जिसके बाद बेस मॉडल ₹22,799 का पड़ता है। सेल 8 अगस्त से शुरू होगी और रंगों में Alpha Black तथा Aura Green मिलेंगे।

OnePlus N6

  • 4GB + 128GB: ₹22,999
  • 6GB + 128GB: ₹24,999

इस पर ₹2,000 तक का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट चल रहा है और फोन अभी सेल पर है। रंगों में Fresh Mint तथा Midnight Green के विकल्प हैं। बैंक ऑफर आपके कार्ड पर निर्भर करते हैं, इसलिए खरीदते वक्त अपनी फाइनल कीमत ज़रूर देख लें।

ये ज़रूर ध्यान रखें: Galaxy F70 Pro दरअसल Galaxy M47 5G का रीब्रांडेड रूप है, प्रोसेसर से बैटरी और सॉफ्टवेयर सपोर्ट तक दोनों एक जैसे हैं। M47 जून के अंत में करीब ₹22,999 पर आया था और अभी करीब ₹28,000 पर मिल रहा है। यानी वही हार्डवेयर आज F70 Pro के नाम पर करीब ₹4,000 कम में मिल रहा है।

किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?

OnePlus N6 उनके लिए है जिनकी सबसे बड़ी शिकायत हमेशा बैटरी रही है। रोज़ साइट पर, सड़क पर या फील्ड में रहते हैं और चार्जिंग पॉइंट भरोसे का नहीं होता, तो 8,000mAh बैटरी, IP65 रेटिंग और डिब्बे में मिलने वाला चार्जर उस एक परेशानी का सबसे सीधा हल हैं।

Samsung Galaxy F70 Pro बाकी सबके लिए है। दिन में तीन-चार घंटे स्क्रीन पर बीतते हैं, फोटो-वीडियो बनाते हैं, या फोन को चार-पाँच साल खींचने का इरादा है, तो FHD+ AMOLED, OIS वाला कैमरा और 6 साल का अपडेट सपोर्ट इसे ज़्यादा समझदारी वाला सौदा बनाते हैं। एक जैसे वेरिएंट पर ये ₹1,000 सस्ता भी पड़ता है।

N6 बाज़ार में एक महीने से है और इसका रिव्यू हो चुका है, वहीँ F70 Pro 8 अगस्त से बिकना शुरू होगा। स्पेसिफिकेशन पर ये आगे है, पर परफॉरमेंस और कैमरे का असल हिसाब रिव्यू के बाद ही पक्का होगा।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

ImagePixel 11 सीरीज़ लॉन्च से पहले पूरी लीक: दाम बढ़ेंगे और Pro में कटौती भी, वजह Google ने खुद बता दी

Google की Pixel 11 सीरीज़ के लॉन्च में नौ दिन बचे हैं, और इवेंट से पहले लीक होने के लिए शायद ही कुछ बाकी रह गया है। Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold, चारों की स्पेसिफिकेशन शीट और कीमतें बाहर आ चुकी हैं। शुरुआत भी खुद Google …

ImageOnePlus N6x vs OnePlus N6: चिपसेट एक ही है, तो ज़्यादा पैसे देने पर क्या मिलेगा?

OnePlus N6x vs OnePlus N6: ₹20,000 से कम का सेगमेंट इस समय बड़ी बैटरी वाले फोनों से भरा हुआ है, और अब OnePlus ने यहां अपने दो फोन एक ही महीने के अंतराल पर उतार दिए हैं। OnePlus N6 30 जून को आया था और कंपनी की बजट N-सीरीज़ का पहला नाम बना, जिसकी सबसे …

ImageSamsung Galaxy F70 Pro भारत में लॉन्च: 6000mAh बैटरी और 6 साल अपडेट, जानें कीमत

Samsung ने अपनी Galaxy F-सीरीज़ को आगे बढ़ाते हुए भारत में Galaxy F70 Pro 5G उतार दिया है। ₹24,000 से कम की शुरुआती कीमत में इसमें 6.7-इंच का 120Hz Super AMOLED डिस्प्ले, Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर और 45W चार्जिंग वाली 6,000mAh बैटरी दी गई है। इस कीमत पर इसकी सबसे बड़ी बात 6 जनरेशन …

ImageOnePlus N6 Vs Galaxy M47 5G: शानदार AMOLED डिस्प्ले व कैमरा या 8000mAh की दमदार बैटरी, क्या चुनेंगे आप?

OnePlus N6 vs Galaxy M47 5G: इस हफ्ते भारत में दो फोन ऐसे आए हैं जो सीधे आमने-सामने खड़े हैं। कीमत लगभग बराबर है, सेल भी एक ही दिन यानी 4 जुलाई से शुरू है। Samsung का Galaxy M47 5G ₹24,999 (कूपन के साथ करीब ₹22,999) में मिलता है, और OnePlus N6 ₹22,999 से शुरू …

ImageOnePlus Nord CE 6 Vs Vivo T5 Pro: दोनों की कीमत बराबर, लेकिन कौन देता है बेहतर फायदा?

₹30,000 के आसपास नया फोन खरीदना इस समय थोड़ा उलझन वाला काम हो गया है। हाल ही में इस बजट में दो पॉपुलर फोन लॉन्च हुए हैं। एक तरफ OnePlus Nord CE 6 है, जो बड़ी बैटरी, साफ सॉफ्टवेयर अनुभव और मज़बूत बॉडी के साथ आता है। दूसरी तरफ Vivo T5 Pro है, जो और …

Discuss

Be the first to leave a comment.

Related Products