POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: तीन दिन की बैटरी या छह साल के अपडेट? ₹25,000 में कौन सा फोन ज़्यादा टिकेगा?

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: सवाल तीन दिन चलने वाली बैटरी और छह साल तक अपडेट पाने वाले फोन के बीच है। POCO M8 Power 8,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी के साथ आया है, और Samsung Galaxy F70 Pro छह Android अपग्रेड के वादे के साथ। कीमत दोनों की ₹25,000 के आसपास ही है।

एक ही दाम में दोनों फोन आपको अलग-अलग चीज़ें दे रहे हैं। POCO की स्क्रीन बड़ी है, बैटरी बड़ी है और 45W चार्जर डिब्बे में ही मिल जाता है। Samsung का प्रोसेसर ज़्यादा तेज़ है, कैमरे में OIS है और स्टोरेज भी तेज़ मिलती है। नीचे एक-एक करके दोनों का फर्क बता रहे हैं, और आखिर में ये भी कि आपके इस्तेमाल के हिसाब से कौन सा फोन सही रहेगा।

ये पढ़ें: POCO M8 Power भारत में 8,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च, जानें कीमत और लॉन्च ऑफर

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: स्पेसिफिकेशन

फीचरPOCO M8 PowerSamsung Galaxy F70 Pro
डिस्प्ले6.99-इंच FHD+ AMOLED, 120Hz, 1800 निट्स पीक, 240Hz टच सैंपलिंग6.7-इंच FHD+ Super AMOLED, 120Hz
प्रोसेसरSnapdragon 4 Gen 4 (4nm), Adreno 613Snapdragon 6 Gen 3 (4nm), Adreno 710
रैम और स्टोरेज6GB/8GB LPDDR4X + 128GB UFS 2.2, अलग माइक्रोSD स्लॉट6GB/8GB LPDDR5X + 128GB/256GB UFS 3.1, हाइब्रिड माइक्रोSD स्लॉट
रियर कैमरा50MP (f/1.8), OIS नहीं50MP OIS (f/1.8) + 5MP अल्ट्रावाइड + 2MP मैक्रो
वीडियो रिकॉर्डिंग1080p 30fps तक4K 30fps तक
फ्रंट कैमरा8MP12MP, HDR सपोर्ट
बैटरी8,000mAh सिलिकॉन-कार्बन6,000mAh
चार्जिंग45W, चार्जर बॉक्स में, 22.5W रिवर्स45W, चार्जर अलग से खरीदना होगा, बायपास चार्जिंग
सॉफ्टवेयरAndroid 16 (HyperOS 3), 4 OS + 6 साल सिक्योरिटी अपडेटAndroid 16 (One UI 8.5), 6 OS + 6 साल सिक्योरिटी अपडेट
मज़बूतीIP65, Gorilla Glass 7iIP64, Gorilla Glass Victus+
वज़न और मोटाई225 ग्राम / 8.45mmकरीब 205 ग्राम / 8.1mm
कीमत₹24,999 से शुरू (लॉन्च ऑफर के बाद ₹21,999)₹25,999 से शुरू (लॉन्च ऑफर में ₹23,999)

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: डिज़ाइन और बिल्ड

हाथ में पकड़ने के लिहाज़ से Galaxy F70 Pro आसान फोन है। इसका माप 162.4×78.2×8.1mm है और वज़न करीब 205 ग्राम, वहीँ POCO M8 Power 169.7×79.1×8.45mm का है और इसका वज़न 225 ग्राम का। ये 20 ग्राम का अंतर तब महसूस होता है जब आप लेटकर आधा घंटा वीडियो देख रहे हों या शर्ट की जेब में फोन रखकर दिनभर घूम रहे हों। वजह भी छिपी नहीं है, 8,000mAh की बैटरी अपना वज़न खुद लेकर आती है।

Samsung ने आगे और पीछे, दोनों तरफ Corning Gorilla Glass Victus+ लगाया है, और कंपनी का दावा है कि ये 2 मीटर की ऊँचाई से गिरने तक झेल सकता है। POCO में आगे Gorilla Glass 7i है और बैक पैनल प्लास्टिक का है।

पानी और धूल की रेटिंग में POCO ऊपर है। M8 Power को IP65 रेटिंग मिली है, यानी धूल से पूरी सुरक्षा और कम दबाव वाली पानी की धार से बचाव। वहीँ F70 Pro की IP64 रेटिंग सिर्फ कुछ पानी की छींटों और धूल से सुरक्षा देती है। बारिश में बाइक चलाने वालों के लिए ये फर्क काफी महत्वपूर्ण है।

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: डिस्प्ले

स्क्रीन के मामले में POCO M8 Power बेहतर है। इसका 6.99-इंच AMOLED पैनल, F70 Pro के 6.7-इंच Super AMOLED से करीब एक तिहाई इंच बड़ा है, और पीक ब्राइटनेस 1,800 निट्स तक जाती है, जो Samsung के पैनल की रेटिंग से ऊपर है। दोपहर की धूप में UPI का QR कोड स्कैन करते वक्त ब्राइटनेस काफी महत्वपूर्ण होती है।

रिफ्रेश रेट दोनों में 120Hz है और रेज़ॉल्यूशन भी दोनों का FHD+, तो स्क्रॉलिंग की स्मूदनेस में कोई खास फर्क नहीं मिलेगा। POCO में 240Hz टच सैंपलिंग रेट और 960Hz PWM डिमिंग भी है, जिससे रात में कम ब्राइटनेस पर आंखों पर काम ज़ोर पड़ता है।

Samsung के पक्ष में एक बात है। F70 Pro की स्क्रीन छोटी है और पिक्सल लगभग उतने ही, इसलिए शार्पनेस में ये कागज़ पर थोड़ा आगे है, 385ppi बनाम 375ppi। पर 10ppi का अंतर आंखों से पकड़ पाना मुश्किल है। असल चुनाव बड़ी स्क्रीन और एक हाथ में आने वाली स्क्रीन के बीच है।

ये पढ़ें: Samsung Galaxy F70 Pro भारत में लॉन्च: 6000mAh बैटरी और 6 साल अपडेट, जानें कीमत

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: परफॉरमेंस

Screenshot

परफॉरमेंस के मामले में Galaxy F70 Pro बाज़ी मार ले जाता है, और ये सिर्फ चिपसेट के नाम की बात नहीं है। जहाँ Snapdragon 6 Gen 3 में चार Cortex-A78 कोर 2.4GHz पर चलते हैं, वहीँ Snapdragon 4 Gen 4 में ऐसे सिर्फ दो कोर हैं, 2.3GHz पर, और बाकी छह हल्के Cortex-A55 कोर हैं। GPU भी Adreno 710 बनाम Adreno 613 है, यानी दो अलग लेवल। दोनों चिपसेट 4nm पर बने हैं, तो बैटरी खर्च के मामले में दोनों ठीक हैं।

इससे बड़ा फर्क स्टोरेज का है। F70 Pro में UFS 3.1 स्टोरेज है और M8 Power UFS 2.2 ऑफर करता है। रोज़ के इस्तेमाल में इसका मतलब है ऐप का जल्दी खुलना, गेम का जल्दी लोड होना और बड़ी फाइलें कॉपी करते वक्त कम इंतज़ार। रैम भी F70 Pro में LPDDR5X है और POCO में LPDDR4X। हालाँकि Samsung ने अपनी वेबसाइट पर खुद लिख रखा है कि इस चिपसेट के साथ LPDDR5X रैम भी LPDDR5 लेवल की परफॉरमेंस तक ही पहुँच पाती है, तो इस एक आंकड़े को ज़्यादा वज़न देने की ज़रूरत नहीं।

गेमिंग के शौकीनों के लिए एक और बात ध्यान देने लायक है। M8 Power के सेंसरों की लिस्ट में जायरोस्कोप नहीं है, F70 Pro में है। BGMI या Call of Duty में जायरो एम इस्तेमाल करने वाले खिलाड़ियों को ये बात ज़रूर प्रभावित करेगी।

₹25,000 के बजट में अगर आप फोन तीन-चार साल चलाने की सोच रहे हैं, तो प्रोसेसर और स्टोरेज का ये अंतर सबसे बाद तक असर दिखाएगा।

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: कैमरा

कैमरे में दोनों फोनों में आपको 50MP प्राइमरी सेंसर ही मिल रहा है, अपर्चर भी दोनों का f/1.8, और सेंसर का आकार तक एक जैसा (1/2.76-इंच) है। असल फर्क उसके आगे शुरू होता है।

F70 Pro के प्राइमरी सेंसर में OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइज़ेशन है, M8 Power में नहीं। कम रोशनी में जब शटर देर तक खुला रहता है, हाथ की हल्की सी हरकत भी फोटो को धुंधला कर देती है, और यही वो जगह है जहाँ OIS आपके काम आता है। वीडियो में अंतर और बड़ा है, F70 Pro 4K 30fps पर शूट कर सकता है जबकि M8 Power दोनों कैमरों से सिर्फ 1080p 30fps तक ही वीडियो रिकॉर्डिंग कर पायेगा। ₹25,000 के फोन में 4K का विकल्प न होना 2026 में खटकता है।

लेंस की गिनती भी अलग है। Samsung ने 5MP अल्ट्रावाइड और 2MP मैक्रो दिया है, तो ग्रुप फोटो या किसी इमारत को पूरा फ्रेम में लेना मुमकिन है। 2MP मैक्रो से बहुत उम्मीद रखना सही नहीं है, पर अल्ट्रावाइड काम का लेंस है। POCO में रियर पर सिर्फ एक ही कैमरा है, बैक पैनल पर दिखने वाला दूसरा गोल कटआउट फ्लैश का है।

सेल्फी में भी यहां अंतर है। Galaxy F70 Pro का फ्रंट कैमरा 12MP का है और Samsung के अनुसार इस सेगमेंट में HDR सपोर्ट वाला अकेला सेल्फी कैमरा है, वहीं M8 Power में 8MP का फ्रंट कैमरा है। स्पेसिफिकेशनों के आधार पर तो फोटोग्राफी के मामले में Samsung ही बेहतर है, हालाँकि दोनों की असली फोटो क्वॉलिटी में कितना फासला रहेगा, ये रिव्यू के बाद ही पक्का कहा जा सकेगा।

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: बैटरी और चार्जिंग

बैटरी वो जगह है जहाँ POCO M8 Power की पूरी पहचान टिकी है। इसमें 8,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है, वहीँ F70 Pro में 6,000mAh की। ये 2,000mAh का फर्क है, यानी करीब एक तिहाई ज़्यादा। POCO के अनुसार एक बार फुल चार्ज करने के बाद ये फोन तीन दिन चलता है, और कंपनी ने आंकड़े भी दिए हैं, 42 घंटे वीडियो प्लेबैक, 68 घंटे सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग, 18 घंटे गेमिंग और 16 घंटे नेविगेशन।

Samsung के अनुसार, F70 Pro भी 24 घंटे से ज़्यादा YouTube स्ट्रीमिंग, करीब 12 घंटे सोशल मीडिया और 8 घंटे से ज़्यादा गेमिंग। दोनों कंपनियों के टेस्ट अलग-अलग हालात में हुए हैं, इसलिए इन्हें सीधे जोड़-घटाकर देखना ठीक नहीं, पर दोनों का अपना दावा भी वही फर्क दिखाता है जो बैटरी के आंकड़े में है।

चार्जिंग स्पीड दोनों की 45W है, लेकिन एक बात जेब पर सीधे असर डालती है। जहाँ POCO 45W चार्जर बॉक्स में ही दे रहा है, वहीँ Samsung की वेबसाइट पर साफ लिखा है कि 45W फास्ट चार्जर अलग से खरीदना होगा। यानी F70 Pro लेते ही आपको एक चार्जर का खर्च और जोड़ना पड़ेगा, वरना पुराने धीमे चार्जर पर 6,000mAh भरने में लंबा वक्त लगेगा।

Samsung के पास एक फीचर है जो POCO के पास नहीं, बायपास चार्जिंग। गेम खेलते वक्त चार्जर की पावर सीधे मदरबोर्ड तक जाती है, जिससे फोन कम गर्म होता है। दूसरी तरफ M8 Power 22.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग देता है, तो ईयरबड्स या दोस्त का फोन इमरजेंसी में इससे थोड़ा चार्ज किया जा सकता है।

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: सॉफ्टवेयर और कनेक्टिविटी

अपडेट के वादे में Samsung दो साल आगे है। F70 Pro को छह Android अपग्रेड मिलेंगे, यानी आज का Android 16 वाला फोन Android 22 तक पहुँचेगा। M8 Power को चार अपग्रेड मिलेंगे, यानी Android 20 तक। सिक्योरिटी अपडेट दोनों को छह साल तक कम्पनियाँ देंगी। ₹25,000 में तीन-चार साल फोन चलाने वालों के लिए ये सबसे बड़ी बात हो सकती है।

इंटरफेस अलग हैं, F70 Pro पर Android 16 के ऊपर One UI 8.5 है और M8 Power पर HyperOS 3 मिलेंगे। इसके अलावा दोनों में Circle to Search और Google Gemini जैसे AI फीचर्स मिलते हैं।

कनेक्टिविटी में कुछ छोटी पर काम की बातें हैं। POCO में IR ब्लास्टर है, तो फोन से TV और AC का रिमोट चलाया जा सकता है, और माइक्रोSD के लिए अलग स्लॉट है, यानी दो सिम और मेमोरी कार्ड तीनों एक साथ लग जाएंगे। F70 Pro का स्लॉट हाइब्रिड है, तो दूसरी सिम और मेमोरी कार्ड में से एक ही चुनना होगा। ऑडियो में POCO ने स्टीरियो स्पीकर और Dolby Atmos दिया है। फिंगरप्रिंट सेंसर M8 Power में डिस्प्ले के अंदर है और F70 Pro में साइड पर। 3.5mm हेडफोन जैक दोनों में से किसी में भी नहीं है।

कीमत

POCO M8 Power की पहली सेल 7 अगस्त से Flipkart पर शुरू होगी।

  • 6GB + 128GB: ₹24,999
  • 8GB + 128GB: ₹27,999

लॉन्च ऑफर में ₹1,000 का कूपन डिस्काउंट है, जो सेल के पहले 12 घंटों तक ही चलेगा, और इसके साथ ₹2,000 का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट या उतने का एक्सचेंज बोनस, इनमें से एक चुना जा सकता है। दोनों जोड़ने पर बेस वेरिएंट ₹21,999 और 8GB वेरिएंट ₹24,999 पर आ जाता है। ध्यान रखें कि एक्सचेंज बोनस डिस्काउंट नहीं है, वो आपके पुराने फोन के बदले मिलने वाली रकम है।

Samsung Galaxy F70 Pro की सेल 8 अगस्त से Flipkart और Samsung की वेबसाइट पर शुरू होगी। लॉन्च ऑफर के तहत तीनों वेरिएंट पर ₹2,000 की छूट मिल रही है।

  • 6GB + 128GB: ₹23,999 (लिस्टेड ₹25,999)
  • 8GB + 128GB: ₹27,999 (लिस्टेड ₹29,999)
  • 8GB + 256GB: ₹32,999 (लिस्टेड ₹34,999)

बेस वेरिएंट पर दोनों के बीच ₹2,000 का फासला है। 8GB + 128GB पर दोनों की कीमत एक ही ₹27,999 दिखती है, पर POCO के लॉन्च ऑफर लागू होते ही वो ₹24,999 पर आ जाता है, यानी वहाँ फासला ₹3,000 का हो जाता है। 256GB स्टोरेज का विकल्प सिर्फ Samsung के पास है, वहीँ POCO में अलग माइक्रोSD स्लॉट होने की वजह से स्टोरेज बाद में भी बढ़ाई जा सकती है।

ये पढ़ें: Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: सस्ता कौन है ये तो साफ है, पर बेहतर कौन ये चौंकाएगा

किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा

POCO M8 Power उनके लिए है जिनका फोन दिनभर स्क्रीन ऑन रहता है। आठ घंटे की शिफ्ट, लंबा सफर, बीच में चार्जर ढूंढने की गुंजाइश नहीं, ऐसे इस्तेमाल में 8,000mAh वाकई फर्क डालती है। इसके साथ 6.99-इंच का बड़ा AMOLED पैनल, 1,800 निट्स ब्राइटनेस, स्टीरियो स्पीकर और IR ब्लास्टर मिलते हैं, और ₹2,000 से ₹3,000 की बचत भी। पर याद रखिए कि 225 ग्राम हल्का वज़न नहीं है, कैमरे में OIS और अल्ट्रावाइड दोनों नहीं मिलेंगे, और वीडियो 1080p से आगे नहीं जाएगी।

Samsung Galaxy F70 Pro उनके लिए है जो फोन को लंबा चलाना चाहते हैं और कैमरे से समझौता नहीं करना चाहते। छह Android अपग्रेड, UFS 3.1 स्टोरेज और एक लेवल ऊपर का प्रोसेसर, ये तीनों तीसरे-चौथे साल में सबसे ज़्यादा दिखेंगे। OIS वाला 50MP कैमरा, अल्ट्रावाइड लेंस, 4K वीडियो और 12MP HDR सेल्फी कैमरा इसे परिवार वाले फोन के तौर पर बेहतर बनाते हैं, और 205 ग्राम पर ये हाथ में हल्का भी लगेगा। बस दो बातें जोड़ लीजिए, बैटरी 2,000mAh छोटी है और 45W चार्जर आपको अलग से खरीदना होगा।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

ImagePOCO M8 Power भारत में 8,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च, जानें कीमत और लॉन्च ऑफर

POCO ने भारत में POCO M8 Power 5G लॉन्च कर दिया है। इस फोन की पूरी पहचान एक ही आंकड़े पर टिकी है, 8,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी। POCO का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर ये फोन तीन दिन चलता है। ₹25,000 से कम की शुरुआती कीमत में इसमें 6.99-इंच का 120Hz …

ImageSamsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: सस्ता कौन है ये तो साफ है, पर बेहतर कौन ये चौंकाएगा

Samsung Galaxy F70 Pro vs OnePlus N6: OnePlus N6 में 8,000mAh की बैटरी है। आज लॉन्च हुए Samsung Galaxy F70 Pro 5G में 6,000mAh की। इसके बाद भी मेरी सलाह F70 Pro की तरफ जाती है। पहले N6 की तरफ की बात, क्योंकि बैटरी वाकई बड़ी है। तीन दिन चलने वाली बैटरी इस दाम में …

ImageSamsung Galaxy F70 Pro भारत में लॉन्च: 6000mAh बैटरी और 6 साल अपडेट, जानें कीमत

Samsung ने अपनी Galaxy F-सीरीज़ को आगे बढ़ाते हुए भारत में Galaxy F70 Pro 5G उतार दिया है। ₹24,000 से कम की शुरुआती कीमत में इसमें 6.7-इंच का 120Hz Super AMOLED डिस्प्ले, Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर और 45W चार्जिंग वाली 6,000mAh बैटरी दी गई है। इस कीमत पर इसकी सबसे बड़ी बात 6 जनरेशन …

ImageGalaxy M47 vs iQOO Z11x: AMOLED और 6 साल का अपडेट या बड़ी बैटरी और दमदार गेमिंग, किसके लिए कौन सा सही?

Galaxy M47 vs iQOO Z11x: Samsung ने हाल ही में अपनी M-सीरीज़ की भारत में वापसी कराते हुए Galaxy M47 5G लॉन्च किया है, और इसकी सीधी टक्कर है उस iQOO Z11x से, जो इस साल मार्च में आया है और तभी से ही इस बजट में कई लोगों की पसंद बना हुआ है। दोनों …

ImageTecno Pova 8 vs Vivo T5 Pro: एक जैसी कीमत, फिर ₹30,000 में कौन सा फोन ज़्यादा सही?

Tecno Pova 8 vs Vivo T5 Pro: ₹30,000 के आसपास बजट हो और हाथ में दो दमदार दिखने वाले फोन हों, ये आज बहुत से खरीदारों के सामने वाली असली उलझन है। एक तरफ है बिल्कुल नया Tecno Pova 8, जो 8000mAh की बड़ी बैटरी और बैक पैनल पर मौजूद Alive Matrix LED लाइट की …

Discuss

Be the first to leave a comment.