Samsung ने अपनी Galaxy F-सीरीज़ को आगे बढ़ाते हुए भारत में Galaxy F70 Pro 5G उतार दिया है। ₹24,000 से कम की शुरुआती कीमत में इसमें 6.7-इंच का 120Hz Super AMOLED डिस्प्ले, Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर और 45W चार्जिंग वाली 6,000mAh बैटरी दी गई है।
इस कीमत पर इसकी सबसे बड़ी बात 6 जनरेशन तक OS अपग्रेड और 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट का वादा है। लेकिन अगर आप पिछले कुछ हफ्तों से ₹25,000 के बजट में फोन देख रहे हैं, तो ये स्पेसिफिकेशन शीट आपको जानी-पहचानी लगेगी, और इसकी एक ठोस वजह है। आइए, कीमत और स्पेसिफिकेशन के साथ वो वजह भी जानते हैं।
ये पढ़ें: ₹30,000 से कम में ये हैं जुलाई 2026 के 7 बेस्ट AI फोन
कीमत और सेल
Galaxy F70 Pro तीन वेरिएंट में आया है, और लॉन्च ऑफर के तहत तीनों पर ₹2,000 की छूट दी जा रही है। फोन की सेल 8 अगस्त से शुरू होगी, और लिस्टिंग अभी से Flipkart तथा Samsung की वेबसाइट पर लाइव हो चुकी है।
- 6GB + 128GB: ₹23,999 (लिस्टेड कीमत ₹25,999)
- 8GB + 128GB: ₹27,999 (लिस्टेड कीमत ₹29,999)
- 8GB + 256GB: ₹32,999 (लिस्टेड कीमत ₹34,999)
इसके अलावा Flipkart पर चुनिंदा क्रेडिट कार्ड पर ₹1,200 तक का इंस्टेंट डिस्काउंट भी दिख रहा है, जिसके बाद बेस वेरिएंट ₹22,799 तक आ जाता है। एक्सचेंज ऑफर इससे अलग है, और उसमें मिलने वाली रकम आपके पुराने फोन की हालत पर निर्भर करेगी।

Galaxy F70 Pro स्पेसिफिकेशन
आगे 6.7-इंच का फ्लैट Super AMOLED पैनल है, जो FHD+ रेज़ॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट पर चलता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass Victus+ दिया गया है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि ये 2 मीटर की ऊँचाई से गिरने तक झेल सकता है।
प्रोसेसर Qualcomm Snapdragon 6 Gen 3 है, जिसके साथ LPDDR5X रैम और UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। एक बात ध्यान देने वाली है, कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर खुद लिखा है कि इस चिपसेट के साथ LPDDR5X रैम भी LPDDR5 लेवल की परफॉरमेंस तक ही पहुँच पाती है।

फोटोग्राफी के लिए पीछे तीन कैमरे मौजूद हैं, OIS वाला 50MP प्राइमरी सेंसर, 5MP अल्ट्रावाइड और 2MP मैक्रो। सामने HDR सपोर्ट के साथ 12MP सेल्फी कैमरा है। रियर कैमरे से 4K@30fps तक वीडियो रिकॉर्ड की जा सकती है।
बैटरी 6,000mAh की है, जिसके साथ 45W फास्ट चार्जिंग और रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। गेमिंग के दौरान फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें बायपास चार्जिंग भी दी गई है, जिसमें चार्जर की पावर सीधे मदरबोर्ड तक जाती है। हालाँकि 45W चार्जर बॉक्स में नहीं मिलेगा, कंपनी की वेबसाइट पर साफ लिखा है कि उसे अलग से खरीदना होगा।
फोन Android 16 पर आधारित One UI 8.5 के साथ आता है। मतलब, आज खरीदने पर भी अगले छह साल तक इसे ऑफिशियल अपडेट मिलते रहेंगे, और इस कीमत में ये आपको कम ही फोनों में मिलेगा।
बाकी फीचर्स में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, IP64 डस्ट और स्प्लैश रेज़िस्टेंस, हाइब्रिड सिम स्लॉट (1TB तक microSD), Bluetooth 5.1 और USB-C पोर्ट शामिल हैं। 3.5mm हेडफोन जैक इसमें नहीं दिया गया है। AI फीचर्स में Circle to Search, Google Gemini, ऑब्जेक्ट इरेज़र और AI वॉइस ट्रांसक्रिप्शन जैसे विकल्प मौजूद हैं।
Galaxy M47 से कितना अलग है ये फोन
अब उस वजह पर, जिसका ज़िक्र शुरुआत में किया था। Galaxy F70 Pro दरअसल Galaxy M47 5G का रीब्रांडेड रूप है। प्रोसेसर, डिस्प्ले, कैमरा सेटअप, बैटरी और सॉफ्टवेयर सपोर्ट, दोनों फोनों में ये सब एक जैसा है।
मुख्य फर्क दो जगह दिखता है। पहला, रंग के विकल्प अलग हैं। दूसरा, बिक्री का रास्ता अलग है, F70 Pro Flipkart और Samsung के चैनलों पर मिलेगा, वहीं M47 Amazon और Samsung के ज़रिए बिकता है।
और एक तीसरी बात, जो सीधे आपके काम की है। M47 जून के अंत में ₹22,999 की शुरुआती ऑफर कीमत पर आया था, लेकिन उसके बाद इसके दाम बढ़ते चले गए और अभी ये करीब ₹28,000 पर मिल रहा है। यानी आज के हिसाब से वही हार्डवेयर F70 Pro के नाम पर करीब ₹4,000 कम में मिल रहा है।
ये पढ़ें: अगस्त 2026 में आने वाले स्मार्टफोन – Upcoming Smartphones in August 2026 in India

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।


































