Zomato फाउंडर दीपिंदर गोयल का सिर पर लगने वाला Temple डिवाइस क्या है, जो Apple Watch को देता है टक्कर? जानें कैसे करता है काम

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

एक नज़र में :

  • Temple बिना स्क्रीन वाला एक छोटा सेंसर है, जो कलाई पर नहीं बल्कि कनपटी पर चिपकता है, यानी लगभग उसी हिस्से पर जहाँ से डॉक्टर अल्ट्रासाउंड से दिमाग का ब्लड फ्लो नापते हैं।
  • कंपनी की अपनी स्टडी में Temple की हार्ट रेट में औसत गलती 1.18 bpm रही, वहीँ Apple Watch Series 12 की 1.94 bpm, लेकिन ये टेस्ट सिर्फ लैब के ट्रेडमिल पर हुआ है।
  • Temple की दिमाग से जुड़ी रिसर्च, कंपनी ने खुद फंड की है और BrainFlow बनाने वाला एल्गोरिदम सार्वजनिक नहीं किया गया है, इसलिए स्वतंत्र जांच अभी बाकी है।
  • ₹85,000 की कीमत में डिवाइस के साथ ज़िंदगी भर का सब्सक्रिप्शन, चिपकाने वाले Grips और रिप्लेसमेंट कवर भी जुड़ा है, और डिलीवरी 2027 की शुरुआत में होगी।

Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल का Temple डिवाइस (Temple Device) कलाई या उंगली पर नहीं, बल्कि आपकी कनपटी पर चिपकता है और दिमाग तक पहुँचने वाले खून के बहाव से जुड़े बदलाव नापने का दावा करता है। अस्पतालों में डॉक्टर भी दिमाग का ब्लड फ्लो जांचने के लिए अल्ट्रासाउंड प्रोब लगभग इसी हिस्से पर रखते हैं, क्योंकि यहाँ से अल्ट्रासाउंड खोपड़ी के पार दिमाग की धमनियों तक पहुँच पाता है। 1 नवंबर से भारत में इसके प्री-ऑर्डर ₹85,000 में शुरू हो चुके हैं, और गोयल का दावा है कि तेज़ वर्कआउट में ये Apple Watch से भी ज़्यादा सही हार्ट रेट बताता है।

हालांकि सोशल मीडिया पर जितनी चर्चा Temple की है, उतनी बात इसके पीछे की रिसर्च पर नहीं हो रही, लेकिन कंपनी के तीन रिसर्च पेपर और Apple Watch वाली स्टडी का व्हाइट पेपर काफी कुछ बता देते हैं। आइए जानते हैं कि Temple असल में कैसे काम करता है, ये बाकियों से अलग क्यों है और ₹85,000 में आपको क्या मिल रहा है।

ये पढ़ें: दो 200MP कैमरे वाला Xiaomi 18 Pro भारत आएगा, लेकिन चीनी मॉडल से छोटी हो सकती है बैटरी

Temple डिवाइस क्या है?

कनपटी पर ट्रू गोल्ड रंग का Temple पहने एक महिला

Temple एक गोली (Pill) जैसे आकार का छोटा सा सेंसर है, जिसमें न स्क्रीन है और न ही कोई बटन। इसे माथे और कान के बीच कनपटी पर Grips नाम के मेडिकल-ग्रेड चिपकने वाले पैच से लगाया जाता है, और सारा डेटा आपको फोन पर Temple ऐप में दिखता है।

कंपनी के रिसर्च पेपर के अनुसार इसमें हरी, लाल और इंफ्रारेड लाइट वाला ऑप्टिकल सेंसर (PPG), एक्सेलेरोमीटर और तापमान सेंसर दिया गया है। इसके डेटा से Temple दो खास नंबर बनाता है, पहला BrainFlow, जो दिमाग तक खून के बहाव में होने वाले बदलाव दिखाता है, और दूसरा Entropy, जो 1 से 250 के स्केल पर बताता है कि आपका शरीर कितने दबाव में है। हालांकि Temple मेडिकल डिवाइस नहीं है, कंपनी ने इसे सिर्फ वेलनेस और जानकारी के लिए बताया है।

क्या पहले भी किसी ने ऐसा डिवाइस बनाया है?

सिर पर लगकर खून का बहाव पढ़ने वाला Temple पहला डिवाइस नहीं है। रिसर्च पेपरों में ऐसे कई डिवाइस मिलते हैं, जो कनपटी से हार्ट रेट या दिमाग का ब्लड फ्लो नापते हैं, लेकिन इनमें से ज़्यादातर लैब या अस्पताल तक ही सीमित रहे हैं:

डिवाइसकहाँ लगता हैक्या नापता हैकिसके लिए बना
Polar OH1कनपटी, बाज़ू या शरीर का कोई भी हिस्साहार्ट रेटबाज़ार में बिकने वाला फिटनेस सेंसर
Openwater हेडसेटमाथे के दोनों तरफ, कंसोल से तार के ज़रिए जुड़ालेज़र लाइट से दिमाग का ब्लड फ्लोअस्पताल में मरीज़ के बिस्तर के पास निगरानी
UC San Diego का अल्ट्रासाउंड पैचकनपटी (टेम्पोरल विंडो)दिमाग की बड़ी धमनियों में खून की रफ्तारलैब में तैयार रिसर्च प्रोटोटाइप
Kernel का TD-NIRS सिस्टमसिर पर लगने वाले मॉड्यूलदिमाग और त्वचा में हीमोग्लोबिन के बदलावरिसर्च लैब
Templeकनपटी का अगला हिस्साBrainFlow, हार्ट रेट और Entropyआम लोग, ₹85,000 में प्री-ऑर्डर

नॉर्वे में हुई 2020 की एक स्टडी में 26 तैराकों ने Polar OH1 सेंसर स्विमिंग कैप के नीचे कनपटी पर पहना था, और इसकी रीडिंग छाती वाले ECG स्ट्रैप से लगभग मेल खा गयी थी, वहीँ कलाई वाली घड़ी की रीडिंग कम सटीक निकली थी। यानी कनपटी से हार्ट रेट नापने का आइडिया नया नहीं है।

Temple का नयापन इस बात में है कि ये दिमाग से जुड़े ब्लड फ्लो का संकेत एक इतने छोटे डिवाइस में ले आया है, जिसे आप बिना तार या हेडसेट के दिन भर पहन सकते हैं।

Temple कनपटी से ही क्यों नापता है?

आंख के पास कनपटी पर चिपका Temple, जो दिमाग तक खून के बहाव से जुड़े संकेत पढ़ता है

इसका जवाब कनपटी की बनावट में है। Temple के रिसर्च पेपर के अनुसार कनपटी के अगले हिस्से पर दो अलग रास्तों से आने वाली धमनियाँ मिलती हैं। एक तरफ चेहरे और खोपड़ी को खून देने वाली Superficial Temporal Artery की शाखा यहाँ से गुज़रती है, वहीँ दूसरी तरफ आंख की धमनी (Ophthalmic Artery) की शाखाएँ भी यहीं तक आती हैं, जो दिमाग को खून देने वाली अंदरूनी धमनी से निकलती हैं।

मतलब कंपनी के अनुसार यही वो जगह है, जहाँ त्वचा के ऊपर से दिमाग वाली धमनी के खून की झलक मिल सकती है। इसके अलावा कंपनी की एक और स्टडी में नब्ज़ की 89 खूबियों में से कनपटी पर 14 उम्र के साथ बदलती मिलीं, वहीँ कलाई पर सिर्फ 3 खूबियाँ, हालांकि ये दोनों आंकड़े अलग-अलग लोगों के समूह से लिए गए थे।

क्या डॉक्टर भी वहीं से नापते हैं?

हाँ, लगभग उसी हिस्से से, लेकिन तरीका बिल्कुल अलग है। अस्पताल में दिमाग का ब्लड फ्लो जांचने के लिए ट्रांसक्रेनियल डॉप्लर (TCD) अल्ट्रासाउंड किया जाता है, जिसकी प्रोब कनपटी की टेम्पोरल विंडो पर रखी जाती है। Nature जर्नल में छपी 2024 की एक रिसर्च के अनुसार TCD जांच के लिए यही सबसे ज़्यादा इस्तेमाल होने वाली जगह है।

फर्क ये है कि TCD की अल्ट्रासाउंड लहरें खोपड़ी के अंदर करीब 4 से 6.5 सेंटीमीटर गहराई पर बहने वाली धमनी में खून की असल रफ्तार नापती हैं। वहीँ Temple की लाइट त्वचा के ऊपर की नसों से सिग्नल पढ़कर एक इंडेक्स बनाती है, जो बहाव के बढ़ने-घटने का अंदाज़ा देता है। इसी को परखने के लिए Temple ने अपने डिवाइस को दो मशीनों से मिलाकर देखा है:

  • TCD से तुलना: 23 स्वस्थ लोगों पर हुई स्टडी में साइकिल चलाने और खड़े से लेटने के दौरान Temple का BrainFlow और TCD की रीडिंग करीब 0.8 के कोरिलेशन के साथ एक ही दिशा में चलीं।
  • TD-NIRS से तुलना: 20 से 32 साल के 44 पुरुषों पर हुई दूसरी स्टडी में सिर नीचे झुकाने पर Temple की रीडिंग दिमाग के हिस्से से 0.91 और खोपड़ी की त्वचा से सिर्फ 0.49 के कोरिलेशन पर मेल खायी।
  • कमज़ोर कड़ी: इसी स्टडी के खड़े से लेटने वाले टेस्ट में दिमाग (0.84) और त्वचा (0.77) के कोरिलेशन के बीच का फर्क आंकड़ों के हिसाब से अहम नहीं निकला।

यानी Temple का BrainFlow दिमाग के ब्लड फ्लो में बदलाव का एक रिलेटिव संकेत है, अस्पताल वाली सटीक माप नहीं, और पेपर लिखने वालों ने भी यही निष्कर्ष लिखा है।

Apple Watch से आगे कैसे निकला?

अलग-अलग स्किन टोन वाली त्वचा पर कनपटी के पास चिपका सुनहरे रंग का Temple

गोयल ने 1 नवंबर को X पर दावा किया कि Temple सभी फ्लैगशिप वियरेबल्स से ज़्यादा सटीक हार्ट रेट ट्रैकर है। कंपनी के व्हाइट पेपर के अनुसार गुरुग्राम की एक लैब में 20 से 35 साल के 43 लोगों ने एक समय पर Temple और पाँच दूसरे वियरेबल पहनकर ट्रेडमिल पर दौड़ लगाई, और सबकी रीडिंग को छाती पर चिपकाए Polar H10 ECG स्ट्रैप से हर सेकंड मिलाया गया:

डिवाइसहार्ट रेट में औसत गलती
Temple1.18 bpm
Apple Watch Series 121.94 bpm
Fitbit Air2.96 bpm
WHOOP MG3.14 bpm
Garmin Forerunner 9703.18 bpm
Oura Ring 55.21 bpm

औसत से ज़्यादा अहम आंकड़ा बड़ी गलतियों का है। कसरत के दौरान Temple की सिर्फ 1.8% रीडिंग 5 bpm से ज़्यादा गलत निकलीं, वहीँ बाकी वियरेबल्स में ऐसी रीडिंग 9% से 36.1% तक रहीं।

इस स्टडी का सबसे अहम हिस्सा एक छोटा सब-टेस्ट है, जिसमें एक ही तरह का Polar Verity Sense सेंसर कनपटी, छाती, अंगूठे और कलाई पर एक साथ लगाया गया। इसमें कनपटी पर गलती 3.50 bpm रही, वहीँ बाकी तीन जगहों पर 5.10 से 6.03 bpm। मतलब फायदा सिर्फ Temple के हार्डवेयर का नहीं, बल्कि जगह का भी है, क्योंकि दौड़ते वक्त कनपटी कलाई की तरह झटके नहीं खाती।

हालांकि इस तुलना में Apple Watch और Oura Ring की रीडिंग लगभग हर 5 सेकंड में मिली, वहीँ Temple की हर सेकंड। साथ ही ये कंपनी की अपनी स्टडी है, जो सिर्फ लैब के ट्रेडमिल पर हुई, सड़क या जिम में नहीं।

₹85,000 इतना महंगा क्यों?

कनपटी पर डीप ब्लू रंग का Temple पहने एक व्यक्ति

Temple की कीमत में सिर्फ डिवाइस नहीं, बल्कि आगे का खर्च भी पहले ही जोड़ दिया गया है। कंपनी के ऑर्डर पेज के अनुसार ₹85,000 में आपको ये मिलेगा:

  • ऑर्डर के बाद हाथ से बनाया गया डिवाइस, छह रंगों में
  • लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन, यानी ऐप के लिए कोई मासिक या सालाना फीस नहीं
  • ज़िंदगी भर के लिए Grips पैच
  • Temple Care, जिसमें ज़िंदगी भर मामूली फीस पर डिवाइस रिप्लेसमेंट मिलेगा
  • करीब 25 दिन का चार्ज रखने वाला चार्जिंग पॉड और पर्सनल ऑनबोर्डिंग सेशन

ऐसा लग रहा है कि कीमत के पीछे रिसर्च का खर्च भी एक वजह है। Temple के साइंटिफिक एडवाइज़री बोर्ड में Harvard Medical School, Boston University और EPFL जैसे संस्थानों के प्रोफेसर शामिल हैं। प्री-ऑर्डर temple.com/order या Temple ऐप से होता है, और डिलीवरी में करीब तीन महीने लगेंगे, यानी 2027 की शुरुआत में।

फिर भी लोग Temple को लेकर इतने उत्सुक क्यों हैं?

Temple के कितने ऑर्डर आए हैं, ये कंपनी ने नहीं बताया है, लेकिन इसकी चर्चा की वजहें साफ दिखती हैं। एक पॉडकास्ट में गोयल की कनपटी पर लगा ये छोटा सा डिवाइस लोगों की नज़र में आया, और देखते ही देखते एपिसोड से ज़्यादा चर्चा इसी की होने लगी।

इसके बाद बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी मैच के दौरान इसे पहने नज़र आयीं। वहीँ मई में पहले 100 डिवाइस सिर्फ चुनिंदा एथलीट्स, वैज्ञानिकों, डॉक्टरों और फाउंडर्स को सख्त चयन के बाद दिए गए। साथ ही बिना मासिक फीस वाला मॉडल फिटनेस को गंभीरता से लेने वालों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

ये पढ़ें: CMF Watch 3 Pro लॉन्च: ₹6,999 में ChatGPT, GPS और 13 दिन बैटरी, जानें पूरी डिटेल

खरीदने से पहले ये बातें भी जान लें

रिसर्च पेपर के आखिर में लिखे डिस्क्लोज़र में कुछ ऐसी बातें हैं, जो प्री-ऑर्डर से पहले आपको पता होनी चाहिए:

  • TD-NIRS वाली स्टडी Temple Private Limited ने खुद डिज़ाइन और फंड की है, और इसके कई लेखक कंपनी के कर्मचारी हैं।
  • BrainFlow बनाने वाला एल्गोरिदम कंपनी का अपना है और पेपर के अनुसार इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, यानी कोई बाहरी वैज्ञानिक इसे पूरी तरह दोहरा नहीं सकता।
  • दिमाग वाली स्टडी सिर्फ स्वस्थ युवा पुरुषों पर हुई है, और लेखकों ने खुद माना है कि महिलाओं, बुज़ुर्गों और मरीज़ों पर ये नतीजे लागू हों, ये ज़रूरी नहीं।
  • गोयल खुद कह चुके हैं कि स्वतंत्र जांच अभी चल रही है, और जिन्हें शक है, वो खरीदने से पहले इंतज़ार करें।

हमारी राय

रिसर्च से साफ है कि कनपटी को चुनने के पीछे ठोस वैज्ञानिक तर्क है और हार्ट रेट वाली स्टडी काफी बारीकी से की गयी है। लेकिन Temple की सबसे बड़ी खूबी, यानी दिमाग का ब्लड फ्लो, अभी सिर्फ कंपनी की फंड की हुई स्टडी पर टिकी है।

हमारी राय में आम खरीददार के लिए सही यही रहेगा कि पहले बैच की डिलीवरी और स्वतंत्र रिव्यू आने तक इंतज़ार करें। हाँ अगर आप एथलीट हैं और ट्रेनिंग के लिए सबसे सटीक हार्ट रेट चाहते हैं, तो शिपिंग तक रिफंड का विकल्प होने के कारण प्री-ऑर्डर करने में ज़्यादा जोखिम नहीं है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

Q. क्या Temple दिमाग का ब्लड फ्लो सच में नापता है?
A. ये ब्लड फ्लो की असल मात्रा नहीं, बल्कि उसमें होने वाले बदलाव का एक रिलेटिव इंडेक्स देता है, जो कंपनी की स्टडी में TCD और TD-NIRS की रीडिंग से मेल खाता दिखा है।

Q. क्या डॉक्टर भी कनपटी से ही दिमाग का ब्लड फ्लो जांचते हैं?
A. हाँ, TCD अल्ट्रासाउंड की प्रोब कनपटी पर ही रखी जाती है, लेकिन वो खोपड़ी के अंदर की धमनी में खून की रफ्तार नापती है, वहीँ Temple त्वचा के ऊपर से लाइट से सिग्नल पढ़ता है।

Q. क्या Temple, Apple Watch से बेहतर है?
A. कंपनी की स्टडी में हार्ट रेट की औसत गलती Temple की 1.18 bpm और Apple Watch Series 12 की 1.94 bpm रही, लेकिन स्क्रीन, कॉल या नोटिफिकेशन जैसे फीचर Temple में नहीं मिलते।

Q. क्या Temple पहनकर नहा या तैर सकते हैं?
A. गोयल के अनुसार आप इसे पहनकर दौड़, नहा और तैर सकते हैं, लेकिन स्कूबा डाइविंग के लिए ये नहीं बना है।

Q. क्या Temple मेडिकल डिवाइस है?
A. नहीं, कंपनी ने इसे सिर्फ वेलनेस और जानकारी के लिए बताया है, किसी बीमारी की जांच या इलाज के लिए नहीं।

Q. Temple की कीमत और डिलीवरी क्या है?
A. इसकी कीमत ₹85,000 है और डिलीवरी ऑर्डर के करीब तीन महीने बाद होगी। शिपिंग से पहले तक प्री-ऑर्डर रिफंड हो सकता है।

ये पढ़ें: OnePlus 16 और 16R दोनों आ सकते हैं भारत… फ्लैगशिप की कीमत जा सकती है लाख के पार

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

ImageWhatsApp पर PF बैलेंस घर बैठे ऐसे देखें, सेवा अटके तो ये 3 तरीके आएंगे काम

एक नज़र में : PF का बैलेंस जानने के लिए अब आपको EPFO की वेबसाइट पर UAN और पासवर्ड डालकर लॉग-इन करने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि EPFO ने अपनी सेवाएं WhatsApp पर भी शुरू कर दी हैं। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने 1 नवंबर को EPFO के 74वें स्थापना दिवस पर इसे लॉन्च …

Imageअमेरिका में 9% महंगा, भारत में 22%… आखिर दामों में इतना अंतर क्यों, जानें भारत में किस कीमत पर मिलेगा iPhone 18 Pro

Apple का “Surprise and Shine” इवेंट पूरा हुआ। ये इवेंट आपके लिए खुशी और उत्साह वाला रहा या फिर निराशा और झुंझलाहट वाला, ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप दुनिया में कहाँ बैठे हैं। मेरे लिए इस बार चौंकाने वाली चीज़ iPhone Duo नहीं था, बल्कि वो फर्क था जो कंपनी अपने …

ImageTRAI का नया आदेश, हर कंपनी को देना होगा 30 दिन वाला सिर्फ कॉल-SMS रिचार्ज

TRAI ने 22 सितंबर को Telecom Consumer Protection (13th Amendment) Regulations, 2026 जारी कर दिए हैं, और अब सिर्फ कॉल और SMS वाला सस्ता रिचार्ज हर कंपनी को देना ही होगा। नियम कहता है कि 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी पर जो भी प्लान कंपनी डेटा के साथ बेचती है, उसी वैलिडिटी पर बिना …

ImageMahindra XUV 3XO CNG लॉन्च, CNG पर भी पेट्रोल जितनी पावर और 24.7 km/kg माइलेज, जानें कीमत

एक नज़र में : Mahindra ने आज भारत में XUV 3XO का CNG वर्ज़न, XUV 3XO ZNG लॉन्च कर दिया है, जिसकी शुरुआती कीमत ₹9.99 लाख (एक्स-शोरूम) है। इसकी खास बात इसका टर्बो इंजन है, जो CNG पर चलते हुए भी पेट्रोल जितनी ही पावर देता है। आम तौर पर CNG कारें गैस पर चलते …

Imageमनपसंद फोटो बनेगी प्रोफाइल की पहली झलक – आ गया Instagram का Reorder Grid फीचर, जानें कैसे करता है काम

Instagram Reorder Grid फीचर – सोचिए, पिछले साल किसी ट्रिप की या किसी ख़ास मौके की एक कमाल की फोटो आपने पोस्ट की थी, जो आपकी सबसे फेवरेट पोस्ट में से एक थी। लेकिन आज कोई आपकी प्रोफाइल खोलता है, तो वो फोटो कहीं नीचे, स्क्रॉल-दर-स्क्रॉल छुपी पड़ी रहती है। अब तक Instagram profile grid …

Discuss

Be the first to leave a comment.