एक नज़र में :
- EPFO ने 1 नवंबर से अपनी सेवाएं WhatsApp पर शुरू कर दी हैं, और +91 8796441800 पर ‘Hi’ भेजकर आप PF बैलेंस, पासबुक और पिछले 5 ट्रांजेक्शन देख सकते हैं।
- पहले ही दिन कई यूज़र्स को ‘Something went wrong’ और OTP न आने जैसे मैसेज मिले, इसलिए बैकअप तरीके पता होना काम आएगा।
- सेवा अटके तो 9966044425 पर मिस्ड कॉल, 7738299899 पर SMS या UMANG ऐप से भी आपका PF बैलेंस मिल जाएगा, और पहले दो तरीकों में इंटरनेट की ज़रूरत भी नहीं है।
PF का बैलेंस जानने के लिए अब आपको EPFO की वेबसाइट पर UAN और पासवर्ड डालकर लॉग-इन करने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि EPFO ने अपनी सेवाएं WhatsApp पर भी शुरू कर दी हैं। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने 1 नवंबर को EPFO के 74वें स्थापना दिवस पर इसे लॉन्च किया, और अब एक ‘Hi’ भेजकर आप बैलेंस, पासबुक और पिछले 5 ट्रांजेक्शन तक देख सकते हैं।
हालांकि पहले ही दिन ये सेवा कई लोगों के लिए अटक गई। किसी को हर विकल्प पर ‘Something went wrong’ का मैसेज मिला, तो किसी के फोन पर OTP ही नहीं पहुंचा, और यूज़र्स ने EPFO की X पोस्ट के नीचे इसकी शिकायत भी की।
आइये जानते हैं कि WhatsApp पर PF बैलेंस (PF Balance on WhatsApp) कैसे चेक करें, और सेवा न चले तो कौन से 3 तरीके आपके काम आएंगे।
ये पढ़ें: EPFO का नया फरमान: PF नंबर अब सिर्फ डिजिटल तरीके से मिलेगा, जानिए कैसे
WhatsApp पर PF बैलेंस कैसे चेक करें (EPFO WhatsApp Number)
ये सेवा हर नंबर पर नहीं चलती, इसलिए शुरू करने से पहले दो बातें देख लें:
- रजिस्टर्ड नंबर: WhatsApp उसी मोबाइल नंबर पर चलना चाहिए जो EPFO में आपके UAN के साथ रजिस्टर्ड है।
- ब्लू टिक: चैट खोलने पर EPFO के नाम के आगे वेरिफाइड बैज दिखना चाहिए।
इसके बाद ये स्टेप फॉलो करें:
- फोन में +91 8796441800 नंबर सेव करके WhatsApp पर इसकी चैट खोलें। EPFO की पोस्ट में दिया QR कोड स्कैन करके भी आप सीधे इसी चैट तक पहुंच सकते हैं।
- चैट में Hi लिखकर भेजें।
- जवाब में आए वेलकम मैसेज में Choose language पर टैप करें और अपनी भाषा चुनें।
- अब आपके सामने चार विकल्प आएंगे: Check Balance, Last 5 Transactions, Download Passbook और भाषा बदलने का विकल्प।
- जिस जानकारी की ज़रूरत है, वो विकल्प चुनें। पहचान के लिए सेवा आपके रजिस्टर्ड नंबर पर OTP भेजती है, जिसके बाद जानकारी चैट में ही आ जाती है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) का कोई काम अधूरा रह गया है, जैसे आधार ऑथेंटिकेशन, तो उसमें भी आपको इसी चैट पर मदद मिलेगी।
‘Something went wrong’ दिखे, तो ये 3 तरीके आएंगे काम
पहले दिन यूज़र्स को दो तरह के मैसेज दिखे: हर विकल्प पर ‘We could not complete that, something went wrong’, या फिर ‘We’re unable to send the OTP right now’। दोनों ही मैसेज कुछ देर बाद दोबारा कोशिश करने को कहते हैं। लेकिन अगर आपको PF का बैलेंस अभी चाहिए, तो EPFO के ये पुराने रास्ते अब भी चालू हैं:
| तरीका | नंबर / जगह | क्या करना है |
|---|---|---|
| मिस्ड कॉल | 9966044425 | रजिस्टर्ड नंबर से मिस्ड कॉल दें, बैलेंस SMS पर आ जाएगा |
| SMS | 7738299899 | EPFOHO, अपना 12 अंकों का UAN और भाषा का कोड लिखकर भेजें |
| UMANG ऐप | Play Store / App Store | EPFO सेक्शन में View Passbook खोलें |
मिस्ड कॉल और SMS के लिए फोन में इंटरनेट होना ज़रूरी नहीं है, यानी डेटा खत्म हो जाए तब भी आपको बैलेंस मिल जाएगा। शर्त बस इतनी है कि कॉल या SMS उसी नंबर से जाए जो आपके UAN से जुड़ा है।
SMS में भाषा का कोड सबसे आखिर में लगता है। हिंदी में जवाब के लिए HIN और अंग्रेज़ी के लिए ENG लिखें, यानी आपका मैसेज EPFOHO [आपका UAN] HIN जैसा दिखेगा।

वहीं UMANG ऐप में EPFO सेक्शन के अंदर View Passbook से आप पिछले 3 महीनों के ट्रांजेक्शन देख सकते हैं, और बाकी पासबुक PDF में डाउनलोड हो जाती है।

इनमें से कुछ भी काम न करे, तो आप EPFO के टोल-फ्री नंबर 1800118005 पर बात कर सकते हैं।
₹1,000 तक वाले बंद PF खातों का पैसा अपने-आप मिलेगा
उसी कार्यक्रम में EPFO ने एक और काम की सुविधा शुरू की है। जिन आधार-वेरिफाइड PF खातों में लेन-देन बंद हो चुका है (इनऑपरेटिव अकाउंट) और उनमें ₹1,000 तक की रकम पड़ी है, उनका पैसा अब बिना क्लेम किए बैंक खाते में आएगा।
EPFO पहचान और बैंक खाते की जांच के बाद ये रकम खुद ट्रांसफर करेगा। श्रम मंत्रालय के अनुसार इससे करीब 1 लाख खातों में पड़े लगभग ₹5 करोड़ उनके हकदारों तक पहुंचेंगे।
एक ज़रूरी सावधानी
EPFO के नाम पर आने वाले कॉल और मैसेज को लेकर EPFO खुद अपनी पासबुक वेबसाइट पर चेतावनी देता है, और WhatsApp पर भी वही नियम लागू होता है। याद रखें कि EPFO किसी कॉल या मैसेज पर आपसे UAN पासवर्ड, आधार, बैंक डिटेल या OTP शेयर करने को नहीं कहता। ऐसी कोई मांग दिखे, तो उसे नज़रअंदाज़ करें और चैट सिर्फ ब्लू टिक वाले EPFO अकाउंट पर ही करें।
WhatsApp वाली सेवा ठीक से चलने लगी, तो PF देखने का ये सबसे आसान तरीका बन जाएगा। तब तक 9966044425 और 7738299899, ये दोनों नंबर अपने फोन में सेव कर लीजिए।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।



































