राशन लेने दुकान पहुंचे और डीलर ने कह दिया कि पहले घर के बाकी लोगों को भी साथ लाइए, उनकी Ration Card e-KYC अभी बाकी है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि राशन कार्ड में जितने नाम दर्ज हैं, e-KYC उन सभी की अलग-अलग होती है, और दुकान पर ये e-POS मशीन पर अंगूठा या आंख स्कैन करके ही हो पाती है। और अब ये एक बार का काम भी नहीं रहा, क्योंकि जुलाई 2025 से लागू नए नियम के तहत हर परिवार को हर पांच साल में e-KYC दोबारा करानी होगी।
अच्छी बात ये है कि इसके लिए अब दुकान की लाइन ही अकेला रास्ता नहीं है। केंद्र सरकार के खाद्य विभाग के लिए NIC ने Mera eKYC नाम का ऐप बनाया है, जो आपके फोन के फ्रंट कैमरे से चेहरा स्कैन करके उसे आधार से मिलाता है। इसके लिए बस आपके आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर चालू होना चाहिए। तो आइये जानते हैं कि राशन कार्ड e-KYC घर बैठे कैसे पूरी करें, और ऐप बीच में अटक जाए तो आपके पास क्या रास्ता बचता है।
ये पढ़ें: क्या है NREGA और अपना नाम NREGA जॉब कार्ड लिस्ट में ऑनलाइन कैसे चेक करें
राशन कार्ड e-KYC (Ration Card e-KYC) क्या है और ये किन तरीकों से होती है

e-KYC में आपका नाम, पता, जन्मतिथि और फोटो आधार के सर्वर से सीधे राज्य के खाद्य विभाग तक पहुंचते हैं। विभाग इन्हें राशन कार्ड के रिकॉर्ड से मिलाता है, और दोनों जानकारी एक जैसी निकलने पर ही आपकी पहचान पक्की मानी जाती है। इसी से फर्जी और डुप्लीकेट राशन कार्ड पकड़े जाते हैं।
Ration Card e-KYC पूरा करने के आपके पास तीन तरीके हैं –
| तरीका | कहां से होगा | पहचान कैसे होगी | किसके लिए ठीक है |
|---|---|---|---|
| Mera eKYC ऐप | अपने Android फोन से | आधार OTP + चेहरा स्कैन | जिनका मोबाइल नंबर आधार से लिंक है |
| राशन की दुकान | e-POS मशीन पर | अंगूठा या आंख (आइरिस) स्कैन | जिनका OTP नहीं आता या ऐप फेल हो रहा है |
| डाकघर (जैसे गुजरात में) | पोस्टमैन घर आकर | आधार ऑथेंटिकेशन से | बुज़ुर्ग, दिव्यांग और बिस्तर पर रहने वाले लोग |
शुरू करने से पहले ये चीज़ें पास रखें
- जिस सदस्य की राशन कार्ड e-KYC करनी है, उसका 12 अंकों का आधार नंबर।
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर, जो उस वक्त आपके पास चालू हो, क्योंकि OTP उसी पर आएगा।
- Android फोन, जिसका फ्रंट कैमरा ठीक काम करता हो।
- स्थिर इंटरनेट कनेक्शन, ताकि चेहरा स्कैन होते वक्त प्रक्रिया बीच में न टूटे।
Mera eKYC ऐप से राशन कार्ड e-KYC कैसे करें
- सबसे पहले Google Play Store पर Mera eKYC सर्च करें और इसे इंस्टॉल कर लें। इंस्टॉल करने से पहले डेवलपर का नाम National Informatics Centre, DFPD Division ज़रूर देख लें।
- इसी तरह UIDAI का AadhaarFaceRD ऐप भी इंस्टॉल करें। चेहरा स्कैन करने का असली काम यही ऐप करता है।
- अब Mera eKYC खोलें और मांगे जाने पर इसे लोकेशन और कैमरा की परमिशन दे दें।
- ऐप की पहली स्क्रीन पर Select State में अपना राज्य चुनें और Verify Location पर टैप करें। ऐप यहां आपकी मौजूदा लोकेशन जांचता है।
[स्क्रीनशॉट: Face eKYC स्क्रीन, जिसमें Select State और Enter Aadhaar Number दिख रहे हैं]
- लोकेशन वेरिफाई होते ही Enter Aadhaar Number वाले खाने में उस सदस्य का आधार नंबर डालें और Generate OTP दबाएं।
- आधार से लिंक नंबर पर आया OTP भरें। अगर स्क्रीन पर कैप्चा दिखे, तो उसे भी भर दें।
- इसके बाद आपके सामने उस सदस्य का नाम, जिला और e-KYC स्टेटस आ जाएगा। यहां Face eKYC पर टैप करें और सहमति (Consent) दे दें।
[स्क्रीनशॉट: सदस्य की जानकारी और Face eKYC बटन]
- अब फ्रंट कैमरा खुल जाएगा। फोन को चेहरे के ठीक सामने रखें, चेहरा स्क्रीन पर बने गोले के बीच में लाएं और कहे जाने पर दो-तीन बार पलकें झपकाएं।
- स्कैन पूरा होते ही स्क्रीन पर eKYC Successful का मैसेज आ जाएगा। घर के बाकी सदस्यों के लिए उनके आधार नंबर के साथ यही प्रक्रिया दोहराएं।
[स्क्रीनशॉट: eKYC Successful मैसेज]
ये ज़रूर ध्यान रखें: AadhaarFaceRD इंस्टॉल होने के बाद भी आपको फोन में उसका कोई आइकन नहीं मिलेगा, और Play Store से भी वो खुलता नहीं है। UIDAI ने इसे इसी तरह बनाया है, ताकि ये सिर्फ किसी सरकारी ऐप के बुलाने पर ही बैकग्राउंड में चले। इसलिए इसे खराब समझकर अनइंस्टॉल न करें, वरना Mera eKYC में कैमरा खुलेगा ही नहीं।
Ration Card e-KYC पूरी हुई या नहीं, ऐसे चेक करें
मैसेज आने के बाद भी एक बार स्टेटस देख लेना ठीक रहता है, क्योंकि ऐप कई बार आखिरी स्टेप पर अटक जाता है।
- Mera eKYC दोबारा खोलें और उसी सदस्य का आधार नंबर डालकर OTP से लॉग-इन करें।
- जानकारी वाली स्क्रीन पर eKYC Status के आगे Y दिख रहा है, तो उस सदस्य की e-KYC पूरी हो चुकी है।
- अगर वहां Y न दिखे, तो प्रक्रिया दोबारा करें या नीचे बताए दूसरे रास्ते अपनाएं।
ऐप अटक जाए तो क्या करें
Mera eKYC को Play Store पर एक करोड़ से ज़्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है, लेकिन इसकी रेटिंग 5 में से 2.9 ही है। सितंबर में आए रिव्यू में भी कई यूज़र्स ने बताया है कि चेहरा स्कैन होकर हरा निशान आने के बाद भी आखिर में ‘Failed’ लिखा आ जाता है। इन दिक्कतों का हल ये है –
- Location verification failed: ऐप आपकी लोकेशन को चुने गए राज्य की सीमा से मिलाता है। दिल्ली सरकार की गाइड में साफ लिखा है कि दिल्ली के राशन कार्ड की e-KYC इस ऐप से सिर्फ दिल्ली की सीमा के अंदर ही होगी। जो सदस्य राज्य से बाहर रहते हैं, वो राशन कार्ड, आधार कार्ड और फोन नंबर लेकर अपने पास की किसी भी राशन की दुकान पर ये काम करा सकते हैं।
- OTP नहीं आ रहा: Ration Card e-KYC के लिए OTP नहीं आ रहा, इसका मतलब है कि आधार से जुड़ा नंबर बंद है या बदल चुका है। ऐसे में पहले पास के आधार केंद्र पर मोबाइल नंबर अपडेट कराएं।
- चेहरा स्कैन बार-बार फेल: कुछ घंटे बाद दोबारा कोशिश करें, क्योंकि कई बार दिक्कत सर्वर की तरफ से होती है। फिर भी बात न बने, तो दुकान पर अंगूठे से e-KYC करा लें।
अगर दुकान पर भी अंगूठा या आंख बार-बार स्कैन न हो पाए, तो खाद्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार आपका मामला फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए भेजा जाता है। डीलर को ये निर्देश भी दिया गया है कि बायोमेट्रिक फेल होने की वजह से किसी असली लाभार्थी का राशन न रुके।
परिवार, बच्चों और आखिरी तारीख से जुड़े नियम
जुलाई 2025 में लागू हुए टार्गेटेड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम (कंट्रोल) संशोधन आदेश में ये बातें साफ कर दी गई हैं –
- हर पात्र परिवार को हर पांच साल में e-KYC दोबारा करानी होगी।
- पांच साल से छोटे बच्चे का आधार नंबर उपलब्ध हो, तो रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा, और पांच साल का होने के एक साल के अंदर उसकी e-KYC करानी होगी।
- जिस राशन कार्ड पर छह महीने से राशन नहीं लिया गया है, राज्य सरकार उसे अस्थायी रूप से बंद कर सकती है। फिर तीन महीने के अंदर फील्ड वेरिफिकेशन और e-KYC से तय होगा कि कार्ड आगे चलेगा या नहीं।
आखिरी तारीख की बात करें तो पूरे देश के लिए कोई एक तारीख नहीं है, हर राज्य अपनी समयसीमा तय करता है। दिल्ली ने 31 मार्च 2025, गुजरात ने 30 जून 2025 और तेलंगाना ने इस साल 31 जुलाई की डेडलाइन रखी थी। यानी आपके राज्य की तारीख आपको अपने राशन डीलर या राज्य के खाद्य विभाग की वेबसाइट से ही पता करनी होगी।
e-KYC के नाम पर होने वाली ठगी से बचें
Ration Card e-KYC की आड़ में ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं। ठग फोन करके कहते हैं कि e-KYC नहीं कराई तो राशन कार्ड से नाम कट जाएगा, और फिर पैसे या OTP मांगते हैं।
- e-KYC के लिए खाद्य विभाग किसी को फोन नहीं करता, और Mera eKYC ऐप भी पूरी तरह मुफ्त है।
- OTP किसी को न बताएं।
- इंटरनेट पर ‘Mera eKYC’ नाम से कई वेबसाइटें और APK फाइलें मिलती हैं, जो सरकारी नहीं हैं। ऐप सिर्फ Play Store से और NIC वाले डेवलपर नाम के साथ ही इंस्टॉल करें।
- मैसेज या WhatsApp पर आए किसी लिंक से e-KYC करने की कोशिश न करें।
ये पढ़ें: SIM Swap Fraud से मिनटों में खाली हो सकता है अकाउंट, इस एक सेटिंग से बच सकते हैं
घर में जिनकी e-KYC बाकी है, उनकी सूची बनाकर आप एक ही शाम में सबका काम निपटा सकते हैं, क्योंकि ऐप में हर सदस्य के लिए बस आधार नंबर बदलना होता है। जिनका चेहरा ऐप से न पहचाना जाए, सिर्फ उन्हें ही अगली बार राशन लेने जाते वक्त दुकान पर साथ ले जाना होगा।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।








































