15 नवंबर से महंगे होंगे Lava के फोन: अभी खरीदें या रुकें?

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

एक नज़र में :

  • Lava के सभी स्मार्टफोन 15 नवंबर से ₹3,000 तक महंगे होंगे, और ये बढ़ोतरी Amazon-Flipkart के साथ दुकानों पर भी लागू होगी।
  • Bold N4 Pro, Virat V1 Pro और Shark 2 Pro अंदर से लगभग एक ही फोन हैं, फिर भी इनके दाम में ₹1,700 तक का फर्क है।
  • पिछले साल ₹24,999 में लॉन्च हुआ Agni 4 आज Amazon पर ₹30,999 का है, यानी नई बढ़ोतरी से पहले ही ये ₹6,000 महंगा हो चुका है।

Lava Price Hike: Lava के स्मार्टफोन 15 नवंबर से ₹3,000 तक महंगे होने वाले हैं, यानी पुरानी कीमत पर इन्हें खरीदने के लिए आपके पास अब चार दिन ही बचे हैं। कंपनी ने खुद ग्राहकों से कहा है कि बढ़ोतरी से पहले वे त्योहारों वाले ऑफर का फायदा उठा लें। लेकिन Lava के कुछ फोन इस ऐलान से पहले ही काफी महंगे हो चुके हैं, क्योंकि पिछले साल ₹24,999 में लॉन्च हुआ Lava Agni 4 आज Amazon पर ₹30,999 में बिक रहा है। कंपनी ने इस बढ़ोतरी की वजह मेमोरी चिप्स की लगातार कमी बताई है, जिसके चलते इस साल Realme, Vivo और Samsung जैसी कंपनियां भी अपने फोनों के दाम बढ़ा चुकी हैं।

हालांकि Lava ने अभी ये नहीं बताया है कि किस मॉडल पर कितने रुपये बढ़ेंगे, इसलिए हर फोन पूरे ₹3,000 महंगा होगा, ऐसा ज़रूरी नहीं है। वहीँ इसकी रेंज में कुछ फोन आज भी उतनी ही रैम और स्टोरेज वाले दूसरे ब्रांड के फोनों से सस्ते हैं, तो कुछ अपनी लॉन्च कीमत से हज़ारों रुपये ऊपर बिक रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कि ₹13 हज़ार से ₹31 हज़ार तक के Lava के सात मॉडलों में से किसे 15 नवंबर से पहले खरीद लेना ठीक रहेगा और किस पर रुक जाना बेहतर है।

ये पढ़ें: तीन महीने में दूसरी बार महंगे हुए Ai+ के फोन, 15 नवंबर से ₹3,000 तक बढ़ेंगे दाम

Lava के 7 मॉडल: कौन सा अभी लें, कौन सा नहीं

अगर किसी मॉडल पर पूरे ₹3,000 बढ़ते हैं, तो ₹12,799 वाले Virat V1 5G के लिए ये करीब 23% का उछाल होगा, वहीँ ₹30,999 वाले Agni 4 पर ये करीब 10% बैठेगा। मतलब, सस्ता फोन खरीदने वालों पर ये बढ़ोतरी सबसे ज़्यादा भारी पड़ेगी।

मॉडल (वैरिएंट)लॉन्च कीमतआज की कीमतहमारी सलाह
Virat V1 5G (4GB+64GB)₹12,999₹12,799 (Amazon)अभी लें
Bold N4 Pro (6GB+128GB)₹13,999₹14,999 (Amazon)अभी लें
Virat V1 Pro (6GB+128GB)₹15,999₹14,999 (Flipkart)अभी लें
Shark 2 Pro (6GB+128GB)₹16,699ऑनलाइन उपलब्ध नहींइसकी जगह ऊपर वाले दो में से एक लें
Play Max (6GB+128GB)₹12,999₹19,799 (Flipkart)इस दाम पर न लें
Virat Curve (6GB+128GB)₹23,999₹22,999 (Flipkart)कर्व्ड स्क्रीन चाहिए तो ही लें
Agni 4 (8GB+256GB)₹24,999₹30,999 (Amazon)परफॉरमेंस चाहिए तो अभी लें

ये कीमतें 11 नवंबर 2026 को Amazon और Flipkart पर दिख रही थीं, और इनमें बैंक ऑफर शामिल नहीं हैं।

Virat V1 5G (₹12,799): इस बजट में अभी लेना ठीक

Lava Virat V1 5G स्मार्टफोन, 4GB रैम और IP64 रेटिंग

Lava Virat V1 5G में Unisoc T8200 प्रोसेसर, 4GB रैम, 64GB स्टोरेज, 6.75 इंच की HD+ 120Hz स्क्रीन और 6,000mAh बैटरी जैसे फीचर मिलते हैं। लेकिन यहां ये देखिए कि इतनी ही रैम और स्टोरेज वाला Poco C85x 5G, जो मार्च में ₹10,999 में लॉन्च हुआ था, आज Flipkart पर ₹13,999 का है। यानी Lava का ये फोन अपने सीधे विकल्प से अभी करीब ₹1,000 सस्ता पड़ता है। हाँ, Poco में आपको 6.9 इंच की बड़ी स्क्रीन और 6,300mAh बैटरी ज़रूर मिलती है। इसलिए ₹13 हज़ार के आसपास आपको 5G फोन चाहिए, तो Virat V1 5G को 15 नवंबर से पहले ले लीजिए।

हालांकि इसके साथ 10W का चार्जर आता है। रात को चार्जर लगाना भूल जाएं और सुबह घर से निकलने में आधा घंटा बचा हो, तो ये फोन उतनी देर में पूरा नहीं भर पाएगा। Lava के अपने टेस्ट में ही इसे 0 से 100% होने में 185 मिनट लगते हैं। हाँ अगर धीमी चार्जिंग आपको खलती है, तो ₹2,000 ज़्यादा में Moto G37 Power (4GB+64GB) Flipkart पर 7,000mAh बैटरी और 30W चार्जिंग के साथ मिल जाता है।

Bold N4 Pro, Virat V1 Pro और Shark 2 Pro: एक जैसा फोन, तीन दाम

Lava Price Hike: Lava Bold N4 Pro

Lava के ये तीनों फोन कागज़ पर लगभग एक जैसे हैं। तीनों में Unisoc T8200 प्रोसेसर, 6GB रैम, 128GB स्टोरेज, 6.75 इंच की HD+ 120Hz स्क्रीन, 50MP कैमरा और 18W चार्जिंग वाली 6,000mAh बैटरी जैसे फीचर दिए गए हैं, और इनका साइज़ (168.29×77.64×8.68mm) व 207 ग्राम वज़न भी एक ही है। फर्क बस रंगों और बिकने की जगह का है –

  • Lava Bold N4 Pro: Amazon पर बिकने वाला ये फोन अभी ₹14,999 का है।
  • Lava Virat V1 Pro: Flipkart पर ये ₹14,999 का है, वहीँ Amazon पर एक सेलर इसे ₹15,390 में बेच रहा है।
  • Lava Shark 2 Pro: ये ₹16,699 में दुकानों के लिए आया था, और Amazon-Flipkart पर लिस्ट नहीं है।

मेरी सलाह है कि इन तीनों में से वही फोन लीजिए जो ₹14,999 में मिल रहा है, और 15 नवंबर से पहले लीजिए। Shark 2 Pro के लिए ₹1,700 ज़्यादा देकर आपको रंगों के अलावा कुछ भी अलग नहीं मिलेगा। हाँ अगर आप फोन दुकान से ही लेते हैं, तो Shark 2 Pro का दाम पूछने से पहले अपने फोन पर Flipkart में Virat V1 Pro की कीमत खोलकर रखिए।

हालांकि ₹15,000 के फोन में भी कंपनी 6.75 इंच की स्क्रीन पर FHD+ नहीं, HD+ रेज़ॉल्यूशन दे रही है, जो निराशाजनक है, और इन्हें Android 17 तक का ही अपडेट मिलेगा। वहीँ ₹2,000 ज़्यादा में Flipkart पर Moto G37 Power (4GB+128GB) 7,000mAh बैटरी देता है, लेकिन इसमें रैम 4GB ही है।

ये पढ़ें: HMD Vibe2 Pro vs Lava Bold N4 Pro: FHD+ स्क्रीन या IP64 और घर पर सर्विस, 15,000 में आपके लिए क्या बेहतर?

Play Max (₹19,799) और Virat Curve (₹22,999): पहले Poco X7 देख लीजिए

Lava Price Hike: Lava Virat Curve 5G

Lava Play Max दिसंबर 2025 में ₹12,999 (6GB+128GB) में दुकानों के लिए लॉन्च हुआ था। Flipkart पर अभी इसका Himalayan White रंग वाला मॉडल ही उपलब्ध है, और वो भी ₹19,799 में, यानी लॉन्च से ₹6,800 ज़्यादा। इस दाम पर आप Play Max मत लीजिए, क्योंकि Flipkart पर ₹17,999 में Poco X7 5G (8GB+128GB) मिल रहा है।

Poco X7 में Play Max जैसा ही Dimensity 7300 सीरीज़ का प्रोसेसर है, लेकिन साथ में 1.5K AMOLED स्क्रीन, 5,500mAh बैटरी और IP68 रेटिंग जैसे फीचर भी मिलते हैं। वहीँ Play Max में LCD स्क्रीन, 5,000mAh बैटरी और IP54 रेटिंग दी गयी है। हाथ से फिसलकर फोन पानी से भरी बाल्टी में गिर जाए, तो Play Max की IP54 रेटिंग काम नहीं आएगी, क्योंकि ये धूल और छींटों से ही बचाव देती है। वहीँ Poco X7 की IP68 रेटिंग 1.5 मीटर पानी में 30 मिनट तक का बचाव देती है। हाँ अगर आपको Play Max ही चाहिए, तो इसे ऑनलाइन लेने के बजाय किसी दुकान पर इसका दाम पूछिए, क्योंकि ये फोन दुकानों के लिए ही लॉन्च हुआ था।

वहीँ Lava Virat Curve सितंबर में ₹23,999 में लॉन्च हुआ था और शुरुआत में ₹19,999 के खास दाम पर बिका था, लेकिन आज Flipkart पर ये ₹22,999 का है। इसमें 6.67 इंच की 3D कर्व्ड AMOLED स्क्रीन, पिछले हिस्से पर एक मिनी डिस्प्ले, Dimensity 7100 प्रोसेसर और 45W चार्जिंग वाली 6,000mAh बैटरी मौजूद हैं। कर्व्ड स्क्रीन और पीछे वाली मिनी डिस्प्ले आपको चाहिए, तो इसे 15 नवंबर से पहले खरीद लीजिए। अपडेट में भी ये आगे है, क्योंकि Lava इसे Android 18 तक अपडेट देगी, वहीँ जनवरी 2025 में आए Poco X7 को Android 17 तक ही अपडेट मिलेंगे। हाँ अगर ये बातें आपके लिए ज़रूरी नहीं हैं, तो ज़्यादा रैम वाला Poco X7 आपको ₹5,000 कम में मिल जाएगा।

Agni 4 (₹30,999): परफॉरमेंस चाहिए तो अभी, बैटरी चाहिए तो Realme P4 Power

हाथ में Lava Agni 4, स्क्रीन पर डिवाइस टेस्ट ऐप

Lava की रेंज में सबसे ऊपर Agni 4 है, जिसमें आपको Dimensity 8350 प्रोसेसर, 8GB LPDDR5X रैम, 256GB UFS 4.0 स्टोरेज, 1.5K AMOLED स्क्रीन और 66W चार्जिंग वाली 5,000mAh बैटरी जैसे फीचर मिलते हैं। इस पर पूरे ₹3,000 और बढ़े, तो ये फोन अपनी ₹24,999 की लॉन्च कीमत से करीब 36% महंगा हो जाएगा। इसलिए गेमिंग या भारी ऐप्स के लिए आपको तेज़ फोन चाहिए, तो Agni 4 को 15 नवंबर से पहले ही ऑर्डर कर दीजिए। Android 15 के साथ आए इस फोन को कंपनी 3 Android अपडेट देगी, यानी ये भी Android 18 तक अपडेट होगा।

हाँ अगर आपके लिए परफॉरमेंस से ज़्यादा बैटरी ज़रूरी है, तो इसी ₹30,999 में Flipkart पर Realme P4 Power (8GB+128GB) मिल रहा है, जिसमें 10,001mAh बैटरी, 80W चार्जिंग, 144Hz AMOLED स्क्रीन और IP69 रेटिंग दी गयी है। Realme का दावा है कि ये फोन एक चार्ज में 32.5 घंटे तक वीडियो चला सकता है। हालांकि इसका Dimensity 7400 Ultra प्रोसेसर Agni 4 के Dimensity 8350 से एक लेवल नीचे है, और इसकी 128GB स्टोरेज भी Agni 4 से आधी है।

ये पढ़ें: सस्ता फोन लेने वालों को सबसे बड़ा झटका, 10 हज़ार से कम वाले फोन 32% तक महंगे

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

Imageअक्टूबर में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की रिकॉर्ड बिक्री, पर 1 लाख वाले इस स्कूटर के लिए 2027 तक करना होगा इंतज़ार

एक नज़र में : Electric Scooter Sales October 2026: अक्टूबर 2026 में भारत में करीब 2.24 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिके हैं, जो किसी एक महीने में अब तक की सबसे बड़ी बिक्री है। इस रिकॉर्ड महीने में सबसे आगे TVS रही, जिसने 60,429 यूनिट बेचे हैं। ये पहली बार है जब किसी भारतीय कंपनी ने …

Imageतीन महीने में दूसरी बार महंगे हुए Ai+ के फोन, 15 नवंबर से ₹3,000 तक बढ़ेंगे दाम

एक नज़र में : Ai+ ने ऐलान किया है कि 15 नवंबर से उसकी Pulse 2 और Nova 2 सीरीज़ के सात फोन ₹3,000 तक महंगे हो जाएंगे। इनमें 28 सितंबर को ₹9,999 की कीमत पर लॉन्च हुआ Ai+ Pulse 2 FE भी शामिल है, जो अब ₹10,999 का हो जाएगा। कंपनी इससे पहले 21 …

ImageRamayana OTT Release: 5 नवंबर को थिएटर में आएगी रणबीर की रामायण, फोन पर देखने के लिए करना होगा इतना इंतज़ार

एक नज़र में : रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की Ramayana 5 नवंबर को सिनेमाघरों में आ रही है, और आज अमेरिका में इसकी रेटिंग के साथ इसकी लंबाई भी सामने आ गई है। IMAX की वेबसाइट के अनुसार ये फिल्म 3 घंटे 15 मिनट की है। लेकिन इसे फोन या TV पर देखने …

ImageHMD Vibe2 Pro vs Lava Bold N4 Pro: FHD+ स्क्रीन या IP64 और घर पर सर्विस, 15,000 में आपके लिए क्या बेहतर?

HMD ने आज से Flipkart की Big Billion Days सेल में अपना नया HMD Vibe2 Pro 5G बेचना शुरू कर दिया है, और लॉन्च ऑफर के साथ इसकी कीमत ₹14,999 बैठती है। ठीक इसी कीमत पर Amazon पर देसी ब्रांड Lava का Lava Bold N4 Pro 5G भी मिल रहा है, जिसे कंपनी ने करीब …

Imagerealme C100i vs Lava Virat V1 5G: ₹15,000 में 4G की बड़ी बैटरी या 5G और दोगुनी स्टोरेज?

realme C100i vs Lava Virat V1 5G: जहाँ एक तरफ मेमोरी चिप्स की मांग के चलते फोनों की कीमत बढ़ती जा रही है, वहीँ दूसरी तरफ अब भी ₹15,000 के बजट में आपको 5G फोन मिल रहे हैं। हाल ही में Lava Virat V1 5G लॉन्च हुआ है, जिसकी शुरूआती कीमत 14,499 रुपए है। इसका …

Discuss

Be the first to leave a comment.