एक नज़र में :
- Meta ने 9 नवंबर को Instagram पर AI से उम्र का अंदाज़ा लगाने वाली तकनीक दुनियाभर में लागू कर दी है, यानी भारत में भी कम उम्र लगने वाले यूज़र अपने आप Teen Account में पहुंच जाएंगे।
- ये AI आपकी बायो, कैप्शन और बर्थडे या स्कूल की क्लास वाली पोस्ट से उम्र भांपता है, लेकिन कंपनी के अनुसार फोटो में किसी का चेहरा नहीं पहचानता।
- अगर आप 18 साल से बड़े हैं और गलती से Teen Account में चले गए हैं, तो जन्मतिथि ठीक करके वीडियो सेल्फी या ID से अपनी उम्र साबित कर सकते हैं।
Instagram पर अब आपकी उम्र सिर्फ वो जन्मतिथि तय नहीं करेगी जो आपने अकाउंट बनाते वक्त डाली थी, क्योंकि Meta ने 9 नवंबर को अपनी AI एज-एस्टिमेशन तकनीक (Instagram AI Age Detection) दुनियाभर में लागू कर दी है। ये तकनीक टीनएजर जैसे दिखने वाले अकाउंट ढूंढकर उन्हें अपने आप Teen Account में डाल देती है, भले ही प्रोफाइल पर 18 साल से ज़्यादा की उम्र लिखी हो।
अब तक ये तकनीक सिर्फ अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप के 27 देशों और ब्राज़ील में चल रही थी। यानी भारत में भी अब कोई 15 साल का यूज़र बड़ी उम्र लिखकर Teen Account की पाबंदियों से नहीं बच पाएगा। कंपनी के अनुसार कई टीनएजर इन्हीं पाबंदियों से बचने के लिए गलत जन्मतिथि डालते हैं, और इसी वजह से इसे हर देश में लाया गया है।
हालांकि भारत में Teen Account नए नहीं हैं, और अप्रैल 2026 में यहां इनके लिए 13+ कंटेंट सेटिंग भी आ चुकी है। नया बस इतना है कि अब फैसला आपकी लिखी जन्मतिथि के साथ AI के अंदाज़े से भी होगा। आइए जानते हैं कि AI उम्र कैसे भांपता है, और गलती से आपका अकाउंट Teen Account बन जाए तो उसे कैसे ठीक करें।
ये पढ़ें: 30 नहीं, अब सिर्फ 5… Diwali Reels के लिए ये हैं सही हैशटैग और कैप्शन
Instagram AI Age Detection: AI आपकी उम्र का अंदाज़ा कैसे लगाता है
Meta का AI किसी एक चीज़ को देखकर फैसला नहीं करता। ये आपके पूरे प्रोफाइल से छोटे-छोटे संकेत जोड़ता है, जिनमें से ये संकेत कंपनी ने खुद बताए हैं:
- लिखी हुई बातें: आपकी बायो, पोस्ट के कैप्शन और कमेंट AI पढ़ता है।
- बर्थडे और स्कूल का ज़िक्र: जन्मदिन के जश्न वाली पोस्ट या “10वीं क्लास” जैसे ज़िक्र से AI को उम्र का सुराग मिलता है।
- फोटो और वीडियो: AI तस्वीरों में कद-काठी जैसे आम संकेत देखता है। कंपनी का कहना है कि ये फेस रिकग्निशन नहीं है, यानी AI ये नहीं पहचानता कि फोटो में कौन है।
- पुराना अकाउंट: किसी टीनएजर का पुराना अकाउंट पहले से हो, तो Instagram उसकी जानकारी से नए अकाउंट पर बड़ी उम्र लिखने की कोशिश भी रोकता है।
वहीँ 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नियम और सख्त है। ऐसा लगने पर अकाउंट बंद कर दिया जाता है, और उसे डिलीट होने से बचाने के लिए यूज़र को अपनी उम्र का सबूत देना पड़ता है।

Teen Account बनते ही क्या-क्या बदल जाता है
AI जैसे ही आपके अकाउंट को टीनएजर का मानता है, उस पर Teen Account की सेटिंग्स अपने आप लग जाती हैं। ऐप में आपको “We’ve updated your safety settings” जैसा नोटिस दिखता है, और ये बदलाव हो जाते हैं:
| सेटिंग | Teen Account में क्या होता है |
|---|---|
| अकाउंट | अपने आप प्राइवेट हो जाता है |
| मैसेज (DM) | सिर्फ उन्हीं के मैसेज आते हैं जिन्हें आप फॉलो करते हैं या जिनसे पहले बात हो चुकी है |
| टैग और मेंशन | सिर्फ वही लोग कर सकते हैं जिन्हें आप फॉलो करते हैं |
| कंटेंट | 13+ सेटिंग, यानी 13 साल के दर्शकों लायक कंटेंट ही दिखता है |
| स्लीप मोड | रात 10 से सुबह 7 बजे तक नोटिफिकेशन म्यूट रहते हैं |
| टाइम रिमाइंडर | दिन में कुल 60 मिनट होने पर ऐप बंद करने का रिमाइंडर |
| लाइव | लाइव शुरू करने का विकल्प डिफॉल्ट रूप से बंद |
इन सेटिंग्स को ढीला करना भी उम्र पर टिका है। 13 से 15 साल के यूज़र को इसके लिए माता-पिता की इजाज़त चाहिए, वहीँ 16 और 17 साल वाले ज़्यादातर सेटिंग खुद बदल सकते हैं।
बड़े यूज़र, खासकर क्रिएटर के काम पर ये बदलाव सीधा असर डालता है। मान लीजिए आप किसी ब्रांड से कोलैब की बात कर रहे हैं और अचानक उनके नए मैसेज आने बंद हो जाते हैं, क्योंकि Teen Account अनजान अकाउंट्स के DM रोक देता है। उम्र साबित होते ही आप ये सेटिंग्स वापस बदलकर ब्रांड से बात आगे बढ़ा सकते हैं।

गलती से Teen Account बन गया? ऐसे ठीक करें अपनी उम्र
ये तरीका उनके लिए है जिनकी उम्र 18 साल या उससे ज़्यादा है, लेकिन AI ने उनका अकाउंट Teen Account में डाल दिया है। Instagram के हेल्प सेंटर के अनुसार ऐसे में आप अपनी जन्मतिथि खुद ठीक कर सकते हैं।
- Instagram ऐप में नीचे दाईं ओर अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें।
- ऊपर कोने में दिए मेन्यू (☰) या Settings में जाएं।
- Accounts Center खोलें और Profiles and personal details पर टैप करें।
- Date of birth चुनें, Edit दबाएं और सही जन्मतिथि डालें।
- अब Instagram आपसे उम्र साबित करने को कहेगा। स्क्रीन पर वीडियो सेल्फी या ID अपलोड में से एक विकल्प चुनें।
मतलब, सिर्फ तारीख बदल देने से बात पूरी नहीं होती। Meta के अनुसार जब कोई अपनी उम्र 18 से कम से बढ़ाकर 18+ करता है, तो बदलाव पूरा करने के लिए उसे ID या चेहरे से उम्र के अंदाज़े वाली जांच से गुज़रना पड़ता है।
अगर Accounts Center में ये विकल्प न दिखे, तो प्रोफाइल पर Edit profile से जन्मतिथि बदलकर देखें, क्योंकि मेन्यू के नाम ऐप वर्ज़न के हिसाब से थोड़े अलग हो सकते हैं।
वीडियो सेल्फी से उम्र कैसे साबित करें
इस जांच के लिए Instagram थर्ड-पार्टी कंपनी Yoti की मदद लेता है, जो सिर्फ उम्र का अंदाज़ा लगाती है और किसी की पहचान नहीं करती।
- सेल्फी लेते वक्त पूरा चेहरा दिखना चाहिए और रोशनी अच्छी होनी चाहिए। मास्क या टोपी न पहनें।
- स्क्रीन पर बताए अनुसार चेहरा दाएं-बाएं और ऊपर-नीचे घुमाएं।
- जांच में 20 मिनट तक लग सकते हैं, और नतीजा आपको नोटिफिकेशन से मिलेगा।
- Instagram के अनुसार उम्र तय होने के बाद सेल्फी की इमेज 30 दिन के अंदर डिलीट कर दी जाती है।
ID से उम्र कैसे साबित करें
ID वाले विकल्प में ऐसा डॉक्यूमेंट चाहिए जिस पर आपका पूरा नाम और फोटो हो, या पूरा नाम और उम्र लिखी हो। पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर ID और जन्म प्रमाणपत्र जैसे डॉक्यूमेंट यहां चलते हैं।
- आधार कार्ड: Instagram खुद कहता है कि उम्र साबित करने के लिए आधार इस्तेमाल न करें। अगर आपके पास यही एक ID है, तो फोटो लेने से पहले आधार नंबर को टेप या कागज़ से ढक दें।
- एडिटेड फोटो नहीं: ऐप से एडिट करके जानकारी छिपाई गई ID की फोटो Instagram स्वीकार नहीं करता। गैर-ज़रूरी जानकारी फोटो लेने से पहले हाथ से ढकें।
हालांकि हेल्प सेंटर ये भी बताता है कि ये विकल्प हर देश में एक जैसे नहीं मिलते, इसलिए आपकी स्क्रीन पर जो विकल्प दिखें, उन्हीं में से एक चुनें।
ये पढ़ें: Instagram ने 10 साल बाद बदला अपना लोगो, यूज़र्स ने नाम दे दिया “Instagzam”
उम्र ठीक करने से पहले ये बातें जान लें
- जन्मतिथि बार-बार नहीं बदलेगी: Instagram पर जन्मतिथि बदलने की एक सीमा है। हाल में बदली है, तो अगली बार के लिए इंतज़ार करना पड़ सकता है।
- Facebook से जुड़ा अकाउंट: Facebook और Instagram एक ही Accounts Center में हैं, तो Facebook पर बदली गई जन्मतिथि Instagram पर भी बदल जाती है।
- टीनएजर के माता-पिता के लिए: Meta की सलाह है कि बच्चे असली जन्मतिथि डालें। ज़्यादा छूट देनी हो, तो पैरेंट सुपरविज़न टूल से सेटिंग्स बदली जा सकती हैं।
इसके अलावा Facebook पर भी ये तकनीक धीरे-धीरे लागू हो रही है, और Threads पर कंपनी इसे इस साल के आखिर तक लाने की तैयारी में है। यानी Instagram के बाद इन दोनों ऐप पर भी टीनएजर जैसा लगने वाला अकाउंट इसी तरह Teen Account की सेटिंग्स में जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।




































