फेस्टिव सीज़न में चाहिए अच्छी फोटो? 30 हज़ार से कम के ये 5 कैमरा फोन और इन्हें इस्तेमाल करने का तरीका

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

एक नज़र में :

  • इस सूची के पाँच फोनों में से 2.5x टेलीफोटो लेंस सिर्फ Redmi Note 14 Pro+ में मिलता है, जो फिलहाल Amazon पर ₹27,190 में मौजूद है।
  • Motorola Edge 70 Fusion में कंपनी ने Sony LYTIA 710 सेंसर दिया है, और इसके 32MP फ्रंट कैमरे से भी आप 4K वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।
  • सबसे कम दाम में OIS और अल्ट्रा-वाइड, दोनों लेंस आपको Samsung Galaxy A36 में मिलेंगे, जो ₹26,099 में बिक रहा है।
  • दीये की फोटो लेते वक्त एक्सपोज़र थोड़ा घटाने और आतिशबाज़ी के समय फ्लैश बंद रखने जैसी छोटी सेटिंग्स से भी फोटो काफी बेहतर आती हैं।

दिवाली की रात दीयों, झालरों और रंगोली के बीच ली गई फोटो अक्सर या तो धुंधली आती है या रोशनी वाला हिस्सा पूरा सफेद हो जाता है, और ₹30,000 तक का सही कैमरा फोन इसी दिक्कत को काफी हद तक कम कर देता है। हालांकि इस बजट में अब टेलीफोटो लेंस वाले फोन गिने-चुने रह गए हैं, और हमारी सूची के पाँच फोनों में ये लेंस सिर्फ Redmi Note 14 Pro+ में है। इसकी बड़ी वजह इस साल मेमोरी चिप्स और दूसरे पुर्ज़ों के बढ़े दाम हैं, जिनके चलते कंपनियों ने फोनों की कीमतें भी बढ़ाई हैं, और Motorola Edge 70 Fusion भी लॉन्च के ₹26,999 से बढ़कर अब Amazon पर ₹29,499 में मिल रहा है।

यानी इस बार फोन चुनते समय सिर्फ मेगापिक्सल देखकर फैसला करना ठीक नहीं होगा। कम रोशनी में फोटो के लिए OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइज़ेशन ज़्यादा काम आता है, जो हाथ हल्का हिलने पर भी फोटो को धुंधला होने से बचाता है, और परिवार की ग्रुप फोटो के लिए अल्ट्रा-वाइड लेंस।

आइये जानते हैं ₹30,000 से कम के बेस्ट कैमरा फोन (Best Camera Phones Under 30000) की सूची में कौन कौन से फोन शामिल हैं, और त्योहार पर इनसे बेहतर फोटो लेने के लिए आपको किन सेटिंग्स का इस्तेमाल करना चाहिए।

ये पढ़ें: ₹30,000 से कम में कैमरा और बैटरी दोनों चाहिए? ये फोन खरीदें, इनसे बचें

30 हज़ार से कम के बेस्ट कैमरा फोन (Best Camera Phones Under 30000)

फोनप्राइमरी कैमरादूसरे लेंसफ्रंट कैमराकीमत (Amazon)
Motorola Edge 70 Fusion (8GB+128GB)50MP Sony LYTIA 710, OIS13MP अल्ट्रा-वाइड + मैक्रो32MP₹29,499
Redmi Note 14 Pro+ (8GB+128GB)50MP Light Hunter 80050MP 2.5x टेलीफोटो + 8MP अल्ट्रा-वाइड20MP₹27,190
Samsung Galaxy A36 (8GB+128GB)50MP, OIS8MP अल्ट्रा-वाइड + 5MP मैक्रो12MP₹26,099
Realme P4 Power (8GB+128GB)50MP Sony IMX882, OIS8MP अल्ट्रा-वाइड16MP₹29,919
Vivo T5x (6GB+128GB)50MP Sony IMX8522MP बोकेह32MP₹26,999

1. Motorola Edge 70 Fusion (₹29,499)

Motorola Edge 70 Fusion के कैमरा मॉड्यूल का क्लोज़-अप, जिस पर LYTIA और OIS लिखा है

Motorola Edge 70 Fusion में कंपनी ने 50MP का Sony LYTIA 710 प्राइमरी सेंसर दिया है, जो OIS और f/1.8 अपर्चर के साथ आता है। इसके साथ 13MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा है, जिसका 120 डिग्री का व्यू मैक्रो कैमरे का काम भी करता है, और सामने 32MP का सेल्फी कैमरा मिलता है।

पूजा के बाद पूरा परिवार एक फ्रेम में नहीं समा रहा हो और किसी को पीछे हटना पड़े, तो 120 डिग्री वाले अल्ट्रा-वाइड लेंस से आप बिना जगह बदले सबको एक ही फोटो में ले सकते हैं। इसके अलावा इसके फ्रंट कैमरे से भी 4K वीडियो रिकॉर्ड होती है, यानी सेल्फी वाली रील्स भी आप 4K में शूट कर सकते हैं।

इसके साथ फोन में 68W चार्जिंग वाली 7,000mAh बैटरी मिलती है। हालांकि Flipkart पर यही 8GB+128GB वैरिएंट ₹30,999 का है, इसलिए खरीदने से पहले दोनों जगह दाम ज़रूर देख लें।

2. Redmi Note 14 Pro+ (₹27,190)

काले रंग का Redmi Note 14 Pro+, आगे की स्क्रीन और पीछे का गोल कैमरा मॉड्यूल

मंच पर हो रही आरती या दूर आसमान में फूटते पटाखों की फोटो लेनी हो, तो Redmi Note 14 Pro+ इस सूची में सबसे अलग विकल्प है। इसमें 50MP का 2.5x टेलीफोटो कैमरा मिलता है, यानी आप आगे बढ़े बिना सब्जेक्ट को पास ला सकते हैं, और डिजिटल ज़ूम की तरह फोटो की डिटेल उतनी नहीं बिगड़ती।

इसका प्राइमरी कैमरा 50MP का Light Hunter 800 है, जो 1/1.55-इंच के बड़े सेंसर और f/1.6 अपर्चर के साथ आता है। साथ ही इसमें 8MP अल्ट्रा-वाइड और 20MP का फ्रंट कैमरा है, और पीछे के कैमरे से 4K वीडियो रिकॉर्ड की जा सकती है।

इसके अलावा फोन में 90W चार्जिंग वाली 6,200mAh बैटरी मिलती है। हालांकि ये फोन Android 14 के साथ लॉन्च हुआ था, वहीँ इस सूची के Edge 70 Fusion, P4 Power और T5x सीधे Android 16 के साथ आए हैं।

ये पढ़ें: फोटो असली है या AI से बनी? फोन पर ऐसे करें चेक, अब OpenAI वाली फोटो भी पकड़ी जाएगी

3. Samsung Galaxy A36 (₹26,099)

Samsung Galaxy A36 5G का हल्के बैंगनी रंग का बैक पैनल और उसके पीछे रखा फोन का डिब्बा

कम बजट में OIS और अल्ट्रा-वाइड, दोनों चाहिए, तो Samsung Galaxy A36 इस सूची का सबसे सस्ता फोन है। इसमें OIS वाला 50MP प्राइमरी कैमरा, 123 डिग्री का 8MP अल्ट्रा-वाइड लेंस और 5MP का मैक्रो कैमरा दिया गया है।

रंगोली के बारीक डिज़ाइन या मिठाई की थाली को बिल्कुल पास से कैप्चर करना हो, तो मैक्रो कैमरा यहाँ काम आता है। वहीँ इसके 12MP फ्रंट कैमरे से भी आप 4K वीडियो बना सकते हैं।

हालांकि बैटरी के मामले में ये फोन बाकी चारों से पीछे है। इसमें 5,000mAh बैटरी और 45W चार्जिंग मिलती है, वहीँ इसी सूची में Vivo T5x लगभग इसी कीमत पर 7,200mAh बैटरी दे रहा है।

4. Realme P4 Power (₹29,919)

Realme P4 Power 5G स्मार्टफोन का आधिकारिक रेंडर

सुबह की पूजा से लेकर रात की आतिशबाज़ी तक पूरा दिन फोटो और वीडियो लेने हों, तो Realme P4 Power की 10,001mAh बैटरी इस सूची में सबसे बड़ी है। ये बैटरी 80W चार्जिंग के साथ आती है, और 27W रिवर्स चार्जिंग से आप इससे दूसरा फोन भी चार्ज कर सकते हैं।

कैमरे की बात करें तो इसमें OIS वाला 50MP का Sony IMX882 प्राइमरी सेंसर, 8MP अल्ट्रा-वाइड लेंस और 16MP का फ्रंट कैमरा है, और पीछे के कैमरे से 4K वीडियो रिकॉर्ड होती है।

हालांकि हमारे अनुसार इसे कैमरे से ज़्यादा बैटरी के लिए खरीदना चाहिए। रिव्यू में इसके कैमरे को औसत ही माना गया है, और 219 ग्राम वज़न की वजह से लंबे समय तक हाथ में पकड़कर वीडियो बनाना थोड़ा भारी लग सकता है।

ये पढ़ें: Amazon-Flipkart सेल 2026: 35 हज़ार से कम के 5 बेस्ट फोन, कौन सा फोन कहाँ मिलेगा सबसे सस्ता?

5. Vivo T5x (₹26,999)

गमलों के बीच रखा सफेद रंग का Vivo T5x 5G, जिसके पीछे डुअल कैमरा दिख रहा है

जिन्हें त्योहार पर सेल्फी और दोस्तों के साथ फ्रंट कैमरे से फोटो ज़्यादा लेनी होती हैं, उनके लिए Vivo T5x में 32MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। पीछे की तरफ इसमें 50MP का Sony IMX852 सेंसर और 2MP का बोकेह कैमरा है, और कैमरा ऐप में पोर्ट्रेट और नाइट मोड दोनों दिए गए हैं।

इसके साथ फोन में 7,200mAh बैटरी, 44W चार्जिंग और IP68 व IP69 रेटिंग मिलती है। लेकिन ₹26,999 के फोन में भी कंपनी आपको यहाँ AMOLED नहीं, LCD स्क्रीन दे रही है और अल्ट्रा-वाइड लेंस भी नहीं दे रही, जो निराशाजनक है। यही दोनों चीज़ें आपको इससे ₹900 कम में Galaxy A36 में मिल जाती हैं।

त्योहार पर फोन से अच्छी फोटो कैसे लें

फोन चाहे कोई भी हो, कुछ आसान सेटिंग्स से दिवाली की फोटो काफी बेहतर हो जाती हैं। नीचे दिए ज़्यादातर तरीके ऊपर के पाँचों फोनों पर काम करेंगे।

  • दीये और मोमबत्ती: जलते दीये पर टैप करके फोकस करें और एक्सपोज़र स्लाइडर को थोड़ा नीचे खिसकाएं, इससे लौ के आसपास की डिटेल बची रहती है और फोटो सफेद नहीं पड़ती।
  • रात की फोटो: कम रोशनी में नाइट मोड चालू करें और फोन को कुछ सेकंड स्थिर रखें, या किसी दीवार या मेज़ का सहारा लें। अगर नाइट मोड से फोटो ज़रूरत से ज़्यादा चमकदार लगे, तो उसे बंद करके भी एक बार ट्राई करें।
  • पोर्ट्रेट: जिसकी फोटो ले रहे हैं, उसे दीयों या लाइट की झालर के पास खड़ा करें और पोर्ट्रेट मोड इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि रोशनी चेहरे पर पड़े, उसके पीछे से नहीं।
  • आतिशबाज़ी: फ्लैश बंद रखें, क्योंकि पटाखे खुद रोशनी देते हैं। दूर से फोटो ले रहे हैं तो टेलीफोटो लेंस, और पास हैं तो अल्ट्रा-वाइड लेंस चुनें, और फोन को सीधा पकड़कर वर्टिकल फोटो लें।

आपके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?

ज़्यादातर लोगों के लिए मेरी सलाह है कि Motorola Edge 70 Fusion लीजिए, क्योंकि इसमें OIS, अल्ट्रा-वाइड और 4K सेल्फी वीडियो, तीनों एक साथ मिल जाते हैं। वहीँ अगर आप ज़ूम करके ज़्यादा फोटो लेते हैं, तो Redmi Note 14 Pro+ का टेलीफोटो लेंस इस बजट में आपको कम ही फोनों में मिलेगा।

हाँ अगर आपके मौजूदा फोन में पहले से OIS वाला कैमरा है, तो सिर्फ त्योहार की फोटो के लिए नया फोन लेने से पहले ऊपर दी गई सेटिंग्स एक बार ज़रूर आज़मा लें, क्योंकि कई बार फर्क फोन से ज़्यादा सही सेटिंग से आता है।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

Imageनई TVS Raider 125 vs Hero Xtreme 125R: ट्रैक्शन कंट्रोल या डुअल-चैनल ABS, कौन सी बाइक लें?

TVS Raider 125 vs Hero Xtreme 125R: TVS ने 15 अक्टूबर को TVS Raider 125 के टॉप TFT DD और SXC DD वैरिएंट में ट्रैक्शन कंट्रोल जोड़ दिया है, और कंपनी का दावा है कि Raider ये फीचर पाने वाली अपने सेगमेंट की पहली बाइक है। लेकिन लगभग इसी बजट में Hero की Xtreme 125R …

ImageAmazon-Flipkart सेल 2026: 35 हज़ार से कम के 5 बेस्ट फोन, कौन सा फोन कहाँ मिलेगा सबसे सस्ता?

एक नज़र में : Amazon Great Indian Festival और Flipkart Big Billion Days, दोनों सेल अब सभी के लिए लाइव हो चुकी हैं, और ₹35,000 के बजट में इस बार आपको वो फोन भी मिल रहे हैं जो कुछ दिन पहले तक इस दायरे से बाहर थे। POCO X8 Pro इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, …

Imageअक्टूबर 2026 में ₹25,000 में बेस्ट फोन: 4K कैमरा से गेमिंग के लिए दमदार चिपसेट तक सब कुछ

₹25,000 का बजट सुनते ही अब तक दिमाग में एक पूरे पैकेज वाले फोन की तस्वीर आती थी, जिसमें AMOLED स्क्रीन, तेज़ प्रोसेसर और भरोसेमंद कैमरा, सब कुछ एक साथ मिल जाता था। लेकिन इस साल ये तस्वीर बदल चुकी है, क्योंकि मेमोरी चिप्स के बढ़ते दामों ने कई बजट फोनों को खिसकाकर इसी रेंज …

Image6,000mAh बैटरी और स्टॉक Android 16 के साथ Lava ने लॉन्च किया नया 14 हजार से कम का ये 5G फोन

नया बजट फोन सेटअप करते समय अक्सर हम सबसे पहले उन ऐप्स को हटाते हैं, जो प्री-इंस्टॉल्ड होती हैं और हमें उनकी कोई ज़रुरत नहीं होती। लेकिन Lava ने आज भारत में जो नया फोन उतारा है, उसकी सबसे बड़ी बात यही है कि कंपनी के अनुसार इसमें न कोई विज्ञापन आएगा और न कोई …

ImageAi+ ने लॉन्च किया Pulse 2 FE, 10 हजार से कम में 120Hz स्क्रीन और 50MP कैमरा

फोन के नाम में FE दिखते ही अब तक दिमाग में बस यही बात आती थी कि ये किसी मॉडल का सस्ता वर्ज़न होगा। लेकिन Ai+ ने आज भारत में जो Ai+ Pulse 2 FE लॉन्च किया है, उसकी कीमत ₹9,999 रखी गयी है। वहीँ मार्च में आया Ai+ Pulse 2 ₹7,499 की शुरूआती कीमत …

Discuss

Be the first to leave a comment.