Realme P4s Lite vs OnePlus N6 Lite: दोनों लगभग एक ही फोन, तो 17 हज़ार में कौन सा लें?

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

Realme P4s Lite vs OnePlus N6 Lite: अगर इन दोनों फोनों के पीछे लगा लोगो ढककर इन्हें आपके सामने रख दिया जाए, तो इन्हें अलग पहचान पाना लगभग नामुमकिन होगा। Realme ने आज बिना किसी लॉन्च इवेंट के अपनी वेबसाइट पर नया Realme P4s Lite लिस्ट किया है, और इसकी स्पेक शीट को करीब दो हफ्ते पहले आए OnePlus N6 Lite से मिलाएँ, तो लंबाई, चौड़ाई, वज़न, स्क्रीन और कैमरे तक के आंकड़े एक जैसे निकलते हैं। दोनों में 7,000mAh की बड़ी बैटरी और 120Hz स्क्रीन मिलती है, लेकिन ₹16,000 से ऊपर की कीमत में भी ये दोनों सिर्फ 4G नेटवर्क पर चलते हैं।

हालाँकि कागज़ पर दोनों के बीच दिखने वाला ₹500 का फर्क सेल वाले दिन इतना छोटा नहीं रहेगा। OnePlus N6 Lite अभी Amazon पर अपनी पूरी कीमत पर बिक रहा है, वहीँ लॉन्च ऑफर के साथ P4s Lite आपको ₹3,000 तक सस्ता पड़ेगा। इसके अलावा Realme इसका 128GB वाला वैरिएंट भी ला रहा है, जो OnePlus के पास है ही नहीं।

लेकिन N6 Lite की अपनी दलील भी है, क्योंकि इसे आप आज ही खरीद सकते हैं और ये OnePlus के OxygenOS 16 के साथ आता है। आप जानते हैं कि OnePlus का OxygenOS और उसका सर्विस नेटवर्क इस बजट में अपनी अलग पहचान रखते हैं। आइये आपको बताते हैं कि जब हार्डवेयर लगभग एक ही है, तो 17 हज़ार के इस बजट में आपको कौन सा फोन लेना चाहिए।

ये पढ़ें: Realme P4s Lite भारत में लॉन्च, मिलेगी 7,000mAh बैटरी और 120Hz स्क्रीन

कीमत

Realme P4s Lite

  • 4GB + 64GB: ₹16,499 (ऑफर के बाद ₹13,999)
  • 4GB + 128GB: ₹18,499 (ऑफर के बाद ₹15,999)

OnePlus N6 Lite

  • 4GB + 64GB: ₹16,999

Realme ने लॉन्च ऑफर में बैंक और UPI पेमेंट पर ₹2,500 तक की छूट रखी है। वहीँ N6 Lite को आप Amazon Pay ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड से खरीदकर ₹509 तक का कैशबैक पा सकते हैं।

यानी ऑफर के बाद P4s Lite का 128GB वाला मॉडल भी आप N6 Lite के 64GB मॉडल से ₹1,000 कम में खरीद पाएंगे। P4s Lite की सेल 8 अक्टूबर से Flipkart और realme की वेबसाइट पर शुरू होगी, वहीँ N6 Lite इस वक्त Amazon और OnePlus की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

ये पढ़ें: 7,000mAh बैटरी अब 17 हज़ार से कम में, OnePlus ने लॉन्च किया N6 Lite

Realme P4s Lite vs OnePlus N6 Lite: डिज़ाइन और डिस्प्ले

आपको दोनों फोनों में 6.75-इंच की HD+ LCD स्क्रीन मिलती है, जिसका रेज़ॉल्यूशन 1570×720 पिक्सल और पिक्सल डेंसिटी 256 PPI है। ब्राइटनेस आम तौर पर 700 निट्स और HBM मोड में 900 निट्स तक जाती है, और रिफ्रेश रेट 120Hz है।

दोनों फोन करीब 166.5mm लंबे, 78.2mm चौड़े और लगभग 9mm मोटे हैं, और इनका वज़न 215 ग्राम है। मज़बूती के लिए दोनों को IP64 रेटिंग और MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन मिला है, यानी बारिश में भीगने या पानी के छींटे पड़ने पर दोनों फोन बराबर सुरक्षित रहेंगे।

स्क्रीन और डिज़ाइन देखकर इन दोनों में से किसी एक को चुनने की कोई वजह नहीं बनती।

Realme P4s Lite vs OnePlus N6 Lite: परफॉरमेंस

दोनों फोनों में Unisoc T7250 चिपसेट है, जो 12nm पर बना है और दो Cortex-A75 व छह Cortex-A55 कोर के साथ आता है। Mali-G57 GPU, 4GB LPDDR4X रैम और UFS 2.2 स्टोरेज भी दोनों में एक ही है, इसलिए रोज़ाना के इस्तेमाल में दोनों की स्पीड एक जैसी रहेगी।

लेकिन realme का ही P4 Lite 5G इस वक्त Amazon पर ₹16,499 में बिक रहा है, और उसमें 6nm पर बना Dimensity 6300 चिपसेट और 5G दोनों मिलते हैं। यानी इन दोनों फोनों का 12nm चिपसेट इस कीमत पर एक पीढ़ी पीछे है।

असली फर्क स्टोरेज का है। ₹16,999 के फोन में भी OnePlus आपको सिर्फ 64GB स्टोरेज दे रहा है, जो निराशाजनक है। WhatsApp पर आने वाली फैमिली ग्रुप की फोटो और वीडियो इतनी कम जगह को जल्दी भर देंगी। P4s Lite का 128GB मॉडल लेकर आप इस दिक्कत से शुरुआत में ही बच सकते हैं।

हालांकि N6 Lite में मेमोरी कार्ड के लिए अलग स्लॉट दिया गया है, यानी आप दोनों सिम के साथ 2TB तक का कार्ड एक साथ लगा सकते हैं।

गेम खेलने वालों के लिए एक बात दोनों पर बराबर लागू होती है। किसी भी फोन की सेंसर लिस्ट में जायरोस्कोप नहीं है, इसलिए BGMI जैसे गेम में फोन घुमाकर निशाना लगाने का विकल्प आपको दोनों में नहीं मिलेगा।

परफॉरमेंस दोनों में एक जैसी है, लेकिन 128GB स्टोरेज का विकल्प सिर्फ P4s Lite में मिलता है।

ये पढ़ें: OnePlus N6 Lite vs iQOO Z11 Lite – 17 हज़ार में 4G लें या 5G, कौन सा फोन आपके लिए बेहतर?

Realme P4s Lite vs OnePlus N6 Lite: कैमरा

आपको दोनों फोनों के पीछे 13MP का एक ही कैमरा मिलता है, जिसमें f/2.2 अपर्चर, 81 डिग्री का फील्ड ऑफ व्यू और ऑटोफोकस दिया गया है। OnePlus ने इसके सेंसर का नाम OmniVision OV13B10 बताया है। सेल्फी के लिए दोनों में 5MP का फ्रंट कैमरा है।

पीछे का कैमरा दोनों में 1080p@30fps तक रिकॉर्ड करता है, वहीँ फ्रंट कैमरा 720p@30fps पर ही रुक जाता है।

किसी बिल, फॉर्म या डॉक्यूमेंट की फोटो लेनी हो, तो दोनों फोनों का ऑटोफोकस पास के टेक्स्ट पर फोकस कर लेगा।

दोनों की असली फोटो क्वॉलिटी में कितना फर्क रहेगा, ये रिव्यू के बाद ही पक्का कहा जा सकेगा।

कागज़ पर दोनों का कैमरा हार्डवेयर एक ही है, इसलिए कैमरे के लिए इनमें से किसी एक को चुनने की ज़रूरत नहीं है।

Realme P4s Lite vs OnePlus N6 Lite: बैटरी और चार्जिंग

दोनों फोनों में 7,000mAh की बैटरी है, और दोनों कंपनियों ने इसकी रेटेड क्षमता 6,820mAh बताई है। चार्जिंग भी दोनों में सिर्फ 15W की है, इसलिए इतनी बड़ी बैटरी को पूरा भरने के लिए आपको फोन रात भर चार्ज पर ही लगाना पड़ेगा।

दोनों कंपनियाँ छह साल की बैटरी हेल्थ का दावा कर रही हैं, और दोनों में 5W की वायर्ड रिवर्स चार्जिंग भी मिलती है। सफर में किसी दोस्त का फोन बंद हो जाए, तो C-to-C केबल से आप उसे अपने फोन से थोड़ी बैटरी दे सकते हैं।

बैटरी और चार्जिंग में ये दोनों फोन पूरी तरह बराबर हैं।

सॉफ्टवेयर और कनेक्टिविटी

सॉफ्टवेयर ही वो जगह है जहाँ ये दोनों फोन सच में अलग हैं। N6 Lite Android 16 पर आधारित OxygenOS 16 के साथ आता है, वहीँ P4s Lite realme UI पर चलता है।

ब्लूटूथ ऑडियो में भी एक छोटा फर्क है। दोनों में Bluetooth 5.2 और LDAC सपोर्ट है, लेकिन N6 Lite में aptX, aptX HD और LHDC 5.0 कोडेक भी मिलते हैं। यानी aptX वाले ईयरबड्स N6 Lite पर अपनी बेहतर क्वॉलिटी में चल पाएंगे।

बाकी कनेक्टिविटी दोनों में एक जैसी है। 3.5mm हेडफोन जैक, Wi-Fi 5 और साइड में लगा फिंगरप्रिंट सेंसर दोनों में है, और NFC व eSIM किसी में नहीं मिलेगा।

सॉफ्टवेयर और ऑडियो कोडेक, यही दो चीज़ें N6 Lite को P4s Lite से थोड़ा अलग बनाती हैं।

ये पढ़ें: Redmi 17C 5G vs vivo T5 Lite 5G: बड़ी स्क्रीन या बड़ी बैटरी, 21 हज़ार में आपके लिए क्या बेहतर?

पूरी स्पेसिफिकेशन तुलना

स्पेसिफिकेशनRealme P4s LiteOnePlus N6 Lite
डिस्प्ले6.75-इंच HD+ LCD, 120Hz, 900 निट्स (HBM)6.75-इंच HD+ LCD, 120Hz, 900 निट्स (HBM)
प्रोसेसरUnisoc T7250 (12nm), Mali-G57Unisoc T7250 (12nm), Mali-G57
रैम और स्टोरेज4GB LPDDR4X + 64GB/128GB UFS 2.24GB LPDDR4X + 64GB UFS 2.2
मेमोरी कार्डसपोर्टेडअलग स्लॉट, 2TB तक
रियर कैमरा13MP, f/2.2, ऑटोफोकस13MP (OV13B10), f/2.2, ऑटोफोकस
फ्रंट कैमरा5MP5MP
बैटरी और चार्जिंग7,000mAh, 15W, 5W रिवर्स7,000mAh, 15W, 5W रिवर्स
मज़बूतीIP64, MIL-STD-810HIP64, MIL-STD-810H
नेटवर्कसिर्फ 4Gसिर्फ 4G
सॉफ्टवेयरrealme UIOxygenOS 16 (Android 16)
वज़न और मोटाई215 ग्राम, लगभग 9mm215 ग्राम, 8.95mm
शुरूआती कीमत₹16,499₹16,999

किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?

मेरी सलाह है कि अगर आप 8 अक्टूबर तक रुक सकते हैं, तो Realme P4s Lite लीजिए, क्योंकि ऑफर के साथ ये सस्ता भी है और 128GB में भी मिलता है।

Realme P4s Lite तब लीजिए, जब:

  • आपको फोन में 64GB से ज़्यादा स्टोरेज चाहिए।
  • आप बैंक या UPI ऑफर का फायदा उठाकर कम कीमत में फोन लेना चाहते हैं।
  • आप सेल शुरू होने तक कुछ दिन रुक सकते हैं।

OnePlus N6 Lite तब लीजिए, जब:

  • आपको फोन आज ही चाहिए।
  • आप OnePlus का OxygenOS इस्तेमाल करना चाहते हैं।
  • आप दोनों सिम के साथ मेमोरी कार्ड भी लगाना चाहते हैं, या aptX वाले ईयरबड्स इस्तेमाल करते हैं।

हाँ अगर आपके इलाके में 5G पहले से चल रहा है, तो इन दोनों में से कोई भी फोन आपके लिए सही नहीं रहेगा। इसी बजट में realme का P4 Lite 5G आपको Amazon पर ₹16,499 में मिल जाएगा, जिसमें 5G के साथ ज़्यादा नया Dimensity 6300 चिपसेट भी है।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

ImageRealme P4s Lite भारत में लॉन्च, मिलेगी 7,000mAh बैटरी और 120Hz स्क्रीन

Realme के P4s नाम से अब तक दिमाग में बस 8,000mAh बैटरी और 144Hz AMOLED स्क्रीन वाला realme P4s 5G ही आता था। लेकिन आज कंपनी ने इसी नाम के आगे Lite जोड़कर, बिना किसी लॉन्च इवेंट के, अपनी वेबसाइट पर नया Realme P4s Lite लिस्ट कर दिया है। अच्छी बात ये है कि जैसे …

ImageOnePlus N6 Lite vs iQOO Z11 Lite – 17 हज़ार में 4G लें या 5G, कौन सा फोन आपके लिए बेहतर?

OnePlus ने आज भारत में N6 Lite लॉन्च कर दिया है, और ₹16,999 की कीमत के साथ यही अब कंपनी की पूरी लाइनअप का सबसे सस्ता फोन है। लेकिन इस कीमत के साथ एक शर्त भी जुड़ी हुई है, क्योंकि ये पूरी तरह 4G फोन है और इसमें 5G सिम काम नहीं करेगी। वजह वही …

ImageVivo T5e vs Realme C100x: ₹14,000 में आपके लिए कौन सा फोन सही?

Vivo T5e vs Realme C100x: अगर आपका बजट ₹14,000 के आसपास है और आप एक भरोसेमंद 4G फोन ढूंढ रहे हैं, तो इन दिनों दो नाम सीधे आमने-सामने हैं, Vivo T5e और Realme C100x। दोनों हाल ही में भारत में लॉन्च हुए हैं, दोनों की कीमत लगभग बराबर है, और दोनों ही एक जैसे खरीददार …

ImageRedmi Note 17 Pro vs vivo T5: 35 हजार में 9,000mAh बैटरी या 144Hz स्क्रीन, कौन सा फोन लें

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: Redmi Note 17 Pro को भारतीय बाज़ार में एंट्री मिल चुकी है, लेकिन इस बार ये फोन ₹35,000 के बजट में आया है। लेकिन इस बजट में भारतीय बाज़ार में अगर आपको एक बड़ी बैटरी और AMOLED स्क्रीन वाला फोन चाहिए, तो केवल एक यही नहीं है। इसी …

Image7,000mAh बैटरी अब 17 हज़ार से कम में, OnePlus ने लॉन्च किया N6 Lite

OnePlus ने भारत में N6 Lite लॉन्च कर दिया है, और यही अब कंपनी की मौजूदा लाइनअप का सबसे सस्ता फोन है। ये फोन सिर्फ एक ही 4GB + 64GB वैरिएंट में आया है, जिसकी कीमत ₹16,999 रखी गयी है। यानी ये N6x से नीचे बैठता है, जो ₹20,999 से शुरू होता है। आप इसे …

Discuss

Be the first to leave a comment.

Related Products