एक नज़र में :
- GTA 6 अपने ओपन वर्ल्ड, कहानी, ग्राफिक्स और गेमप्ले से खिलाड़ियों को काफी प्रभावित कर रहा है।
- खिलाड़ियों को इसकी असली जैसी दुनिया, बारीकियां और सिंगल-प्लेयर की गहराई सबसे ज़्यादा पसंद आ रही है।
- वहीँ 30 FPS, PC वर्ज़न का न होना और गेमप्ले की झुंझलाहटें सबसे बड़ी शिकायतें बनी हुई हैं।
यकीन करना मुश्किल है, लेकिन GTA 6 आखिरकार आ गया है। Rockstar Games ने अब तक के सबसे ज़्यादा इंतज़ार वाले वीडियो गेम GTA VI को 19 नवंबर 2026 को रिलीज़ कर दिया है, और ये PS5 व Xbox Series X|S पर उपलब्ध है।
फैंस को इसका विशाल ओपन वर्ल्ड खूब पसंद आ रहा है, वहीँ क्रिटिक्स के स्कोर भी उतने ही शानदार हैं।
Metacritic पर इसका स्कोर करीब 99 (यूनिवर्सल अक्लेम) है, जो Ocarina of Time के बनाए अब तक के सबसे ऊंचे रिकॉर्ड के बराबर है। IGN, GameSpot, Eurogamer, GamesRadar और The Guardian समेत कई जगहों से भी इसे पूरे या लगभग पूरे नंबर मिले हैं।
हालांकि इसका मतलब ये नहीं कि गेमर्स और फैंस को इस गेम की हर चीज़ पसंद आ रही है।
ये पढ़ें: GTA 6 में लौटे Cheat Codes, एक कोड से मिलेंगे 2.5 लाख डॉलर! लेकिन पहले खेलने होंगे करीब 50 घंटे
मैंने पिछले कुछ घंटों में गेमप्ले वीडियो, X पर तारीफ वाले पोस्ट और सोशल फोरम की आलोचना को खंगाला है। इसी आधार पर यहां वो 5 चीज़ें हैं जो गेमर्स को GTA 6 में सबसे ज़्यादा भा रही हैं, और वो 5 भी जिन पर सबसे ज़्यादा शिकायतें हो रही हैं।
हर प्रोडक्ट की तरह इसकी भी खूबियां और कमियां हैं, तो आइए बिना देर किए इन्हें एक-एक करके जानते हैं।
GTA 6: ये 5 चीज़ें खिलाड़ियों को सबसे ज़्यादा पसंद आ रही हैं

1. Leonida का जीता-जागता और बारीकियों से भरा ओपन वर्ल्ड
GTA 6 की जिस चीज़ की सबसे ज़्यादा तारीफ हो रही है और जिसे देखकर लोग हैरान हैं, वो यही है।
Leonida पिछले GTA मैप्स से बड़ा और भरा-पूरा तो है ही, इसमें पूरा सामाजिक और भौतिक इकोसिस्टम भी चलता है।
इमारतों, सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर में भरपूर डिटेल है, लेकिन गेम को नया आयाम NPCs का बर्ताव देता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार Rockstar ने इसमें 6 लाख से ज़्यादा अलग-अलग NPC एनिमेशन डाले हैं।
| गेम | NPC एनिमेशन (रिपोर्ट्स के अनुसार) |
|---|---|
| GTA 6 | 6 लाख से ज़्यादा |
| Red Dead Redemption 2 | करीब 3 लाख |
| GTA V | करीब 55,000 |
सड़क पर चलते लोग अपनी दिनचर्या निभाते हैं और आपके पहनावे व हरकतों पर रिएक्ट करते हैं।
उनके साथ अचानक ऐसे वाकये भी हो जाते हैं, जो पहले से तय नहीं होते।
आप उनकी बातें छिपकर सुनें या आसपास देर तक टिके रहें, तो उन्हें इसका पता चल जाता है।
हथियार निकालने पर भी हर NPC अपने स्वभाव के हिसाब से अलग रिएक्ट करता है।
आप उन्हें हाय-हैलो कर सकते हैं, चिढ़ा सकते हैं या उनसे छोटी-मोटी बातचीत भी कर सकते हैं।
गेम में ऐसे अपने-आप होने वाले इवेंट्स सैकड़ों में हैं।
इनमें फोटो खींचते टूरिस्ट और कुत्तों संग फ्रिस्बी खेलते लोगों से लेकर कारजैकिंग, पुलिस चेकिंग, खराब गाड़ियां और भागते लुटेरे तक शामिल हैं।
जिन इमारतों में अंदर जाया जा सकता है, उनकी संख्या भी बढ़ी है।
इनमें कई कमरे खाली नहीं हैं, बल्कि वहां रखा निजी सामान, तस्वीरें और माहौल खुद एक कहानी कहते हैं।
मौसम के हिसाब से बदलते रिफ्लेक्शन, लहराते कपड़े, मेहनत के बाद पसीना और वक्त के साथ बदलता ट्रैफिक भी इसे असली बनाते हैं।
इनके साथ 170 से ज़्यादा तरह के जानवर भी हैं, जिससे ये दुनिया हर पल चलती-फिरती लगती है।
2. Jason और Lucia का रिश्ता: दो किरदारों वाली कहानी
शुरुआत में गेमर्स को शक था कि एक कपल के इर्द-गिर्द कहानी बुनना कितना सही रहेगा।
लेकिन Bonnie और Clyde जैसी ये कहानी उम्मीद से कहीं ज़्यादा कामयाब रही है।
यही रिश्ता अब GTA 6 का भावनात्मक इंजन बन गया है।
दोनों कितना वक्त साथ बिताएंगे और अपराध मिलकर करेंगे या नहीं, ये खिलाड़ी तय कर सकते हैं।
रोज़मर्रा के छोटे इशारों से दोनों एक-दूसरे के लिए प्यार कैसे जताएंगे, इस पर भी आपका असर रहता है।
इसके अलावा एक Criminal Profile भी है, जो दिखाता है कि आप अपराध किस अंदाज़ में करते हैं।
इनका रिश्ता चार पॉइंट वाले क्लोज़नेस सिस्टम पर चलता है।
इस पर रोज़ की गतिविधियों, साथ किए गए अपराधों और शारीरिक इशारों का असर पड़ता है।
रोमांस पूरी तरह आपकी मर्ज़ी पर है, यानी चाहें तो आप सिर्फ अपराध वाली कहानी पर ध्यान दे सकते हैं।
रिव्यूअर Lucia को Rockstar के अब तक के सबसे मज़बूत किरदारों में गिन रहे हैं।
वो कहीं भी Jason से कमतर या उसकी छाया में दबी हुई नहीं लगती।
इसी वजह से ये कहानी दो अलग कैंपेन जैसी नहीं, बल्कि एक साझा ज़िंदगी जैसी लगती है।
ये पढ़ें: 19 नवंबर को भारत में UK से साढ़े 5 घंटे पहले खुलेगी Vice City, आपके PS5 में इतनी जगह लेगा GTA 6
3. GTA 6 के ग्राफिक्स, माहौल और तकनीकी बारीकी
एक लाइन में कहें तो Rockstar ने ओपन-वर्ल्ड गेम की तकनीकी और कलात्मक सीमाएं और आगे बढ़ा दी हैं।
इसकी विज़ुअल क्वालिटी सिर्फ सिनेमैटिक सीन या तय मिशनों तक सीमित नहीं है।
घूमते वक्त, गाड़ी चलाते हुए और बदलते मौसम में भी ये हैरानी की हद तक एक जैसी रहती है।
सबसे ज़्यादा प्रभावित करता है रोशनी का माहौल में स्वाभाविक तरीके से घुलना।
हेडलाइट कमरों के अंदर तक रोशनी डालती है और लैपटॉप की स्क्रीन किरदारों के चश्मे में झलकती है।
वहीँ हिलते पेड़ों से छनकर आती धूप असली जैसी परछाइयां बनाती है।
मौसम भी इस अनुभव में बड़ी भूमिका निभाता है।
ये सिर्फ बैकग्राउंड का रंग नहीं बदलता, बल्कि आसपास की हर चीज़ का रूप और एहसास बदल देता है।
तेज़ धूप में इमारतों, गाड़ियों और पेड़-पौधों की बारीकियां उभर आती हैं।
वहीँ तेज़ बारिश में सड़कों पर असली जैसे रिफ्लेक्शन दिखते हैं, और पानी की रेंडरिंग भी इसकी बड़ी खूबी है।
किरदारों के मॉडल्स पर भी उतना ही ध्यान दिया गया है।
बुज़ुर्ग किरदारों की त्वचा पर झुर्रियां दिखती हैं, और बाल हरकत व मौसम के साथ हिलते हैं।
कपड़ों पर भी असली जैसी सिलवटें और घिसावट नज़र आती है।
फेंके गए रैपर के पास जमा होते कीड़ों से लेकर कपड़ों पर जमी धूल तक, छोटी चीज़ें भी इसे असली बनाती हैं।
इतनी बारीकी बनाए रखना बड़ी तकनीकी कामयाबी है, खासकर PS5 और PS5 Pro पर, जहां गेम 30 FPS टारगेट करता है।
आसपास की आवाज़ों का डिज़ाइन भी उतना ही असरदार है।
दूर से आती पुलिस सायरन, चीखते टायर और पत्तों के बीच से गुज़रती हवा साफ सुनाई देती है।
वहीँ बंद जगहों में गूंजती गोलियां और एक साथ चलती कई बातचीत इस दुनिया में जान डाल देती हैं।
4. बेहतर पुलिस/वॉन्टेड सिस्टम और डकैतियां
GTA 6 में अपराध करके पुलिस से बचना अब कहीं ज़्यादा पेचीदा और बारीक हो गया है।
पुलिस अब Jason और Lucia को ढूंढने के लिए इन चीज़ों का सहारा लेती है:
- गवाहों के बयान
- CCTV फुटेज और फेशियल रिकग्निशन
- आपके कपड़े और हथियार
- भागने में इस्तेमाल हुई गाड़ी का हुलिया
ये GTA V के पुराने सिस्टम से बड़ा कदम है, जिसमें बस स्टार बढ़ते थे और छिपकर बचा जा सकता था।
अब आपको अपने खिलाफ जमा हो रहे सबूत खुद संभालने होते हैं।
इसके लिए कपड़े और गाड़ी बदलनी पड़ती है, हथियार फेंकने पड़ते हैं और कैमरे की फुटेज मिटानी पड़ती है।
इसके अलावा एक नया Heat सिस्टम भी है।
ये बताता है कि पीछा खत्म होने के बाद भी पुलिस क्राइम सीन की जांच कितनी तेज़ी से कर रही है।

डकैतियां भी अब पहले से काफी पेचीदा हो गई हैं।
इनमें सिक्योरिटी गार्ड, अलार्म, तिजोरी के कोड, बंधकों और भागने के इंतज़ाम, सबका ध्यान रखना पड़ता है।
खिलाड़ी छोटी दुकानों और ज्वेलरी स्टोर से लेकर बैंक तक, सब कुछ लूट सकते हैं।
एक और नई चीज़ Criminal Profile सिस्टम है, जो धीरे-धीरे आपका अंदाज़ दिखाता है।
ये बताता है कि आप पेशेवर तरीके से काम कर रहे हैं या बेवजह हिंसा कर रहे हैं।
पुलिस भी आपके इसी बर्ताव के हिसाब से जवाब देती है।
5. सिंगल-प्लेयर का निखार और अपने तरीके से खेलने की आज़ादी
आखिर में असली बात ये है कि गेमप्ले के अलग-अलग सिस्टम आपस में कितनी गहराई से जुड़ते हैं।
यही जुड़ाव असली दुनिया जैसा एहसास देता है और सिंगल-प्लेयर अनुभव को पूरा करता है।
एक खास बदलाव ये है कि मुख्य कहानी ओपन वर्ल्ड में ही घुली-मिली है।
कहानी के कुछ मोड़ फोन कॉल, अपराध के मौकों और Jason-Lucia की गतिविधियों से सामने आते हैं।
इसके अलावा RPG जैसे मैकेनिक्स किरदार को संभालने को भी मायने वाला बनाते हैं:
- वर्कआउट करने से किरदार की शारीरिक क्षमता बढ़ती है।
- खाना, पीना और सोना सेहत, स्टैमिना और दूसरी क्षमताओं पर असर डालते हैं।
- स्मार्टफोन में बैंकिंग, कॉन्टैक्ट, टारगेट की जानकारी और ट्रांसपोर्ट सर्विस, सब एक जगह मिलते हैं।
इससे भी ज़्यादा तारीफ उस आज़ादी की हो रही है, जिसके साथ आप ये सब कर सकते हैं।
मिसाल के तौर पर, कुछ डकैतियां आप चुपके से, डरा-धमकाकर या खुली हिंसा से कर सकते हैं।
अंदर घुसने और बाहर निकलने के रास्ते भी आप खुद चुन सकते हैं।
पहला प्लान फेल हो जाए, तो मौके पर नया तरीका भी निकाल सकते हैं।
पुलिस से पीछा छुड़ाने में भी आप दिमाग लगा सकते हैं।
आप गाड़ी या कपड़े बदल सकते हैं, या भागने का तय रास्ता छोड़ सकते हैं।
आसपास के माहौल में घुल-मिलकर आप सबके सामने रहते हुए भी छिप सकते हैं।
GTA 6: इन 5 चीज़ों पर हो रही है सबसे ज़्यादा शिकायत
1. PS5 Pro पर भी GTA 6 का गेमप्ले 30 FPS पर लॉक
मेरी राय में GTA 6 को लेकर सबसे ज़्यादा उठने वाली तकनीकी शिकायत यही है।
गेम बेहद बारीक और देखने में शानदार है, लेकिन Rockstar ने सभी कंसोल पर फ्रेम रेट 30 FPS पर सीमित रखा है।
इसमें काफी ज़्यादा ताकतवर PS5 Pro भी शामिल है, और इसी फैसले से खिलाड़ी निराश हैं।
फिलहाल इसमें 60 FPS वाला कोई परफॉरमेंस मोड नहीं है, ऑप्शन के तौर पर भी नहीं।
2026 में कई मिड-टियर से टॉप-टियर गेम 60 FPS पर चलते हैं, इसलिए गंभीर गेमर्स इसके आदी हैं।
ज़्यादा FPS से मूवमेंट ज़्यादा स्मूद होता है और कंट्रोल तेज़ी से रिस्पॉन्ड करते हैं।
GTA 6 में खिलाड़ियों को यही कमी साफ महसूस हो रही है।
ये भी पढ़ने को मिला है कि तेज़ ड्राइविंग, कैमरे की तेज़ हलचल और ज़ोरदार लड़ाई में फ्रेम ड्रॉप हो सकते हैं।
ये दिक्कत 30 FPS पर भी आती है, खासकर स्टैंडर्ड PlayStation 5 पर।
वहीँ PlayStation 5 Pro पर ये परेशानी काफी कम है।
मेरी राय में Rockstar ग्राफिक्स क्वालिटी में थोड़ा समझौता करके 60 FPS मोड दे सकती थी।
हो सकता है ऐसा मोड जल्द आ भी जाए।
2. लॉन्च पर GTA 6 का PC वर्ज़न नहीं
मेरे जानने वालों में कंसोल से कहीं ज़्यादा PC गेमर्स हैं, इसलिए ये मुद्दा मेरे लिए मायने रखता है।
PC पर ये सीरीज़ लंबे समय से लोकप्रिय रही है, फिर भी GTA 6 सिर्फ PS5 और Xbox Series X|S पर आया है।
यानी PC प्लेयर्स के पास लॉन्च पर इसे खेलने का कोई तरीका नहीं है।
PC पर GTA V की कम्युनिटी दुनिया की सबसे बड़ी गेमिंग कम्युनिटी में से एक है।
ऐसे में नए गेम का अभी तक PC पर न आना थोड़ा अजीब लगता है।
हालांकि अच्छी बात ये है कि Rockstar अपने गेम कंसोल के बाद PC पर भी लाती रही है।
ये पढ़ें: GTA 6 मोबाइल पर खेलना है? ये रहा तरीका, लेकिन इन लिंक पर क्लिक किया तो होगी बड़ी गलती
साफ है कि पब्लिशर पहले कंसोल पर ज़्यादा से ज़्यादा बिक्री चाहता है, और फिर PC मार्केट में उतरना।
इसका फायदा Rockstar के लॉन्च पार्टनर Sony और Microsoft को भी मिलेगा।
3. लड़ाई, कंट्रोल और फिज़िक्स में अब भी अटपटापन
गनप्ले और गाड़ियों की हैंडलिंग बेहतर हुई है, फिर भी खिलाड़ियों की कुछ शिकायतें बाकी हैं।
उन्हें लगता है कि GTA 6 कई बार तेज़ रिस्पॉन्स से ज़्यादा असलियत को तरजीह देता है।
ये बात तारीफ बटोरने वाले कई रिव्यू में भी कॉमन है।
लड़ाई कई बार थकाऊ लगती है, क्योंकि Rockstar ने GTA V वाला ऑटो-लॉक-ऑन सिस्टम हटा दिया है।
इससे निशाना लगाना ज़्यादा मेहनत का काम हो गया है।
शरीर के किसी खास हिस्से पर निशाना लगाना हो, तब भी खिलाड़ियों को खुद एम सेट करना पड़ता है।
इससे गेम में गहराई तो आती है, लेकिन कई लोगों से भिड़ंत के वक्त झुंझलाहट भी होती है।
मिसाल के तौर पर, रीलोड करने की कोशिश में कभी-कभी गलती से किसी को लात पड़ जाती है।
वहीँ गिरे दुश्मन का सामान उठाने की कोशिश में Jason या Lucia पास की गाड़ी में बैठ जाते हैं।
हाथापाई वाली लड़ाई (मेली कॉम्बैट) की भी आलोचना हो रही है, क्योंकि ये काफी अकड़ी हुई लगती है।
तेज़ मोड़ पर, फुटपाथ से टकराने पर या भारी ट्रैफिक में गाड़ियां बेकाबू होकर घूम सकती हैं।
सवाल ये है कि जिस गेम का मुख्य काम मनोरंजन है, उसमें कितनी असलियत ज़रूरत से ज़्यादा है।
4. मैप में भीड़ का असंतुलन और कहीं-कहीं धीमी रफ्तार
Vice City तो गतिविधियों से भरा है, लेकिन ग्रामीण Leonida की तरफ जाते ही ये फर्क दिखता है।
Grass River के दलदल, सुनसान हाईवे, छोटी बस्तियां और Leonida Keys शहर के मुकाबले काफी सूने लग सकते हैं।
उदाहरण के लिए, आपको दलदली इलाकों से होकर लंबी ड्राइव करनी पड़ सकती है।
वहां Vice City की चहल-पहल के मुकाबले पैदल लोग, दुकानें और अचानक होने वाली गतिविधियां कम मिलती हैं।
कहानी की रफ्तार पर भी कुछ खिलाड़ियों ने सवाल उठाए हैं।
शुरुआती चैप्टर Jason और Lucia का रिश्ता बनाने में काफी वक्त लेते हैं।
कहानी के बीच के कुछ हिस्सों में बार-बार तैयारी वाले काम भी करने पड़ते हैं।
ये फर्क तब ज़्यादा खलता है, जब रोज़ के कामों का लंबा सिलसिला चलता है।
इसके ठीक बाद कोई बड़ी डकैती या एक्शन से भरा मिशन आ जाता है।
5. लॉन्च की दिक्कतें: कीमत, स्टोरेज, बॉक्स में कोड और GTA Online की कमी
GTA 6 का स्टैंडर्ड एडिशन करीब ₹5,999 का है, जो रेगुलर कंसोल गेमर्स के लिए भी बड़ी खरीद है।
फिजिकल कॉपी जमा करने के शौकीन भी “कोड-इन-बॉक्स” मॉडल से निराश हैं।
बताया जा रहा है कि इसमें रिटेल पैक खरीदने पर भी ज़रूरी नहीं कि आपको गेम डिस्क मिले।
ये पढ़ें: Blinkit अब 10 मिनट में घर पहुंचा रहा GTA 6, भारत में आधी रात के लॉन्च से ठीक पहले शुरू हुई डिलीवरी
एक और बड़ी निराशा लॉन्च पर GTA Online का न होना है।
मल्टीप्लेयर, को-ऑप मिशन, कॉम्पिटिटिव मोड और ऑनलाइन इकॉनमी के लिए खिलाड़ियों को इसकी अलग रिलीज़ का इंतज़ार करना होगा।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।


































