OnePlus N6 Lite vs iQOO Z11 Lite – 17 हज़ार में 4G लें या 5G, कौन सा फोन आपके लिए बेहतर?

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

OnePlus ने आज भारत में N6 Lite लॉन्च कर दिया है, और ₹16,999 की कीमत के साथ यही अब कंपनी की पूरी लाइनअप का सबसे सस्ता फोन है। लेकिन इस कीमत के साथ एक शर्त भी जुड़ी हुई है, क्योंकि ये पूरी तरह 4G फोन है और इसमें 5G सिम काम नहीं करेगी। वजह वही है जो इस साल हर बजट फोन पर दिख रही है, मेमोरी चिप्स की बढ़ती मांग ने ₹20,000 वाले सेगमेंट के दाम इतने ऊपर धकेल दिए हैं कि कंपनियों को कहीं न कहीं कटौती करनी पड़ रही है।

हालाँकि लगभग इसी बजट में iQOO Z11 Lite 5G भी मौजूद है, जिसका 4GB + 64GB वाला वही वैरिएंट अभी Amazon पर ₹17,499 में मिल रहा है, यानी OnePlus से सिर्फ ₹500 ऊपर। और उन ₹500 में आपको 5G, एक जनरेशन नया चिपसेट, 50MP का Sony सेंसर और तीन गुना तेज़ चार्जिंग, सब एक साथ मिल जाती है।

लेकिन वहीँ OnePlus N6 Lite आपको बड़ी 7,000mAh बैटरी और Android 16 आधारित OxygenOS 16 साल की बैटरी हेल्थ गारंटी भी दे रही है। इसके अलावा आप जानते हैं कि OnePlus का सर्विस नेटवर्क और OxygenOS का अनुभव इस सेगमेंट में अपनी अलग पहचान रखते हैं। आइये जानते हैं कि 17 हज़ार के आसपास इन दोनों में से किस फोन पर आपको दाँव लगाना चाहिए।

ये पढ़ें: 7,000mAh बैटरी अब 17 हज़ार से कम में, OnePlus ने लॉन्च किया N6 Lite

कीमत

OnePlus N6 Lite सिर्फ एक ही वैरिएंट में आया है और आप इसे आज से ही ₹16,999 में खरीद पाएंगे। वहीँ iQOO Z11 Lite के चार वैरिएंट बाज़ार में हैं, और इसका सबसे सस्ता 4GB + 64GB मॉडल आपको ₹17,499 में मिलेगा।

फोनवैरिएंटमौजूदा कीमत (Amazon)लॉन्च कीमत
OnePlus N6 Lite4GB + 64GB₹16,999₹16,999
iQOO Z11 Lite 5G4GB + 64GB₹17,499बाद में जोड़ा गया वैरिएंट
iQOO Z11 Lite 5G4GB + 128GB₹19,999₹19,499
iQOO Z11 Lite 5G6GB + 128GB₹22,499₹21,499
iQOO Z11 Lite 5G6GB + 256GB₹26,499₹24,499

यहाँ ये देखिए कि iQOO के तीनों पुराने वैरिएंट अपनी लॉन्च कीमत से ऊपर जा चुके हैं, और 6GB + 256GB मॉडल तो पूरे ₹2,000 महंगा हो चुका है। ये जुलाई में लॉन्च हुआ फोन है, यानी दो महीने में ही इसके दाम बढ़ गए हैं।

ऑफर दोनों पर हैं। OnePlus चुनिंदा बैंक कार्डों की EMI पर ₹750 तक की इंस्टेंट छूट दे रहा है, वहीँ Amazon पर iQOO के साथ चुनिंदा क्रेडिट कार्ड और ICICI डेबिट कार्ड पर ₹850 तक की छूट मिल रही है। N6 Lite आपको Amazon, oneplus.in, OnePlus स्टोर ऐप और कंपनी के एक्सपीरियंस स्टोरों पर मिलेगा, वहीँ Z11 Lite Amazon और iQOO के ई-स्टोर पर उपलब्ध है।

ये पढ़ें: एक साल में ₹9,000 महंगा: सितम्बर 2026 में ₹20,000 में अब कौन सा फोन लेना समझदारी है?

OnePlus N6 Lite vs iQOO Z11 Lite: डिस्प्ले और डिज़ाइन

इन दोनों में स्क्रीन का रेज़ॉल्यूशन एक ही है, HD+, और यही इस पूरे बजट की सबसे बड़ी सीमा भी है। N6 Lite में 6.75-इंच का LCD पैनल दिया गया है, जो 1570×720 पिक्सल पर 256 ppi देता है, वहीँ Z11 Lite का 6.74-इंच पैनल 1600×720 पिक्सल के साथ लगभग 260 ppi पर बैठता है। रिफ्रेश रेट दोनों में 120Hz ही है।

असली फर्क ब्राइटनेस का है। iQOO का पैनल HBM में 1,200 निट्स तक जाता है, वहीँ OnePlus का 900 निट्स पर रुक जाता है, और सामान्य हालात में ये आंकड़ा 700 निट्स का है। दोपहर में बस स्टॉप पर खड़े होकर किसी को लोकेशन भेजनी हो, तो 300 निट्स का ये फासला स्क्रीन पढ़ पाने और न पढ़ पाने का फर्क बन जाता है।

मज़बूती में भी एक लेवल का अंतर है। N6 Lite को IP64 रेटिंग मिली है, जो सिर्फ छींटों से बचाती है, वहीँ Z11 Lite की IP65 रेटिंग पानी की हल्की धार भी झेल लेती है। MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन दोनों को मिला है, और iQOO इसके ऊपर SGS की फाइव-स्टार ड्रॉप रेज़िस्टेंस रेटिंग भी देता है। बारिश में स्कूटर से उतरकर जेब से भीगा फोन निकालना पड़े, तो उस स्थिति में iQOO ज़्यादा भरोसा देता है।

गीली स्क्रीन पर टच दोनों में चलता है। OnePlus इसे Aqua Touch कहता है और iQOO इसे Wet-Hand व Greasy-Hand Touch के नाम से देता है। हाथ में Z11 Lite थोड़ा बेहतर लगता है, क्योंकि ये 209 ग्राम का और 8.39mm पतला है, वहीँ N6 Lite 215 ग्राम का और 8.95mm मोटा है।

OnePlus N6 Lite vs iQOO Z11 Lite: परफॉरमेंस

यही वो सेक्शन है जहाँ ₹500 का फासला सबसे बड़ा दिखता है। N6 Lite में Unisoc T7250 चिपसेट दिया गया है, जो 12nm पर बना है और दो Cortex-A75 व छह Cortex-A55 कोर के साथ आता है। Z11 Lite में MediaTek Dimensity 6300 है, जो 6nm पर बना है और इसमें दो Cortex-A76 कोर 2.4GHz पर व छह Cortex-A55 कोर 2.0GHz पर चलते हैं। A76 कोर A75 से एक पूरी जनरेशन आगे है, और 12nm से 6nm पर आना बैटरी की खपत भी घटाता है। GPU दोनों में Mali-G57 ही है।

रैम और स्टोरेज का हार्डवेयर दोनों में एक जैसा है, LPDDR4X रैम और UFS 2.2 स्टोरेज। लेकिन N6 Lite सिर्फ 64GB में आता है और इससे ऊपर का कोई वैरिएंट है ही नहीं, वहीँ Z11 Lite में आपको 256GB तक का विकल्प मिल जाता है।

मेमोरी कार्ड के मामले में बढ़त उल्टी तरफ चली जाती है। OnePlus ने इसमें तीन स्लॉट वाला ट्रे दिया है, यानी दोनों सिम और 2TB तक का मेमोरी कार्ड आप एक साथ चला सकते हैं। iQOO में स्लॉट हाइब्रिड है, तो दूसरी सिम और मेमोरी कार्ड में से कोई एक ही चुनना पड़ेगा।

गेमिंग में एक बात दोनों पर बराबर लागू होती है। iQOO अपनी साइट पर जायरोस्कोप को वर्चुअल बताता है और OnePlus की सेंसर सूची में जायरोस्कोप है ही नहीं, यानी BGMI या CoD में जायरो-एम पर टिककर खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए इनमें से कोई भी फोन नहीं बना है।

ये पढ़ें: POCO M8x 5G vs OnePlus N6x: नया Snapdragon या OnePlus की मिलिट्री-ग्रेड बॉडी?

OnePlus N6 Lite vs iQOO Z11 Lite: कैमरा

कैमरे का हार्डवेयर यहाँ बराबरी का नहीं है। N6 Lite के बैक पैनल पर 13MP का OmniVision OV13B10 सेंसर लगा है, जिसका साइज़ 1/3-इंच और अपर्चर f/2.2 है। Z11 Lite में 50MP का Sony सेंसर मिलता है, जिसका साइज़ 1/2.93-इंच और अपर्चर f/1.8 है। बड़ा सेंसर और चौड़ा अपर्चर, दोनों मिलकर कम रोशनी में ज़्यादा लाइट अंदर लेते हैं।

iQOO के साथ 0.08MP का एक दूसरा सेंसर भी दिया गया है, लेकिन उससे कोई काम का फायदा आपको नहीं मिलेगा। सेल्फी कैमरा दोनों में 5MP का ही है, और अल्ट्रावाइड लेंस किसी में नहीं मिलेगा। वीडियो भी दोनों में 1080p तक सीमित है, तो बच्चे के स्कूल फंक्शन की रिकॉर्डिंग आप 4K में नहीं कर पाएंगे।

इतना साफ है कि दिन की रोशनी और कम रोशनी, दोनों में ज़्यादा डिटेल Z11 Lite से ही मिलेगी। हालांकि इस दाम पर iQOO का कैमरा भी कोई कमाल नहीं करता, और दोनों की असल फोटो क्वॉलिटी में कितना फासला रहेगा, ये रिव्यू के बाद ही पक्का कहा जा सकेगा।

OnePlus N6 Lite vs iQOO Z11 Lite: बैटरी और चार्जिंग

बैटरी बड़ी OnePlus की है, 7,000mAh, लेकिन उसे भरने का इंतज़ाम कंपनी ने नहीं किया। N6 Lite पर चार्जिंग सिर्फ 15W की है, वहीँ Z11 Lite की 6,500mAh बैटरी 44W पर चार्ज होती है, यानी लगभग तीन गुना तेज़। iQOO का दावा है कि ये फोन 38 मिनट में आधा भर जाता है, और यही वो आंकड़ा है जो ऑफिस निकलने से पहले के आधे घंटे में सबसे ज़्यादा मायने रखता है।

दिन भर की बैटरी में OnePlus आगे रहेगा, क्योंकि 500mAh ज़्यादा क्षमता के साथ इसका 4G चिपसेट 5G मॉडम के मुकाबले कम बिजली खींचता है। कंपनी का दावा है कि एक चार्ज में ये फोन तीन दिन तक चल जाता है।

लंबी अवधि की बात करें तो एक वादा सिर्फ OnePlus कर रहा है। कंपनी के अनुसार 1,600 चार्ज साइकिल, यानी करीब छह साल बाद भी इस बैटरी में 80% क्षमता बची रहेगी, और इसके साथ 36 महीने की फ्लुएंसी गारंटी भी दी गयी है। iQOO की तरफ से इस तरह का कोई आंकड़ा नहीं दिया गया है। रिवर्स चार्जिंग और बायपास चार्जिंग, दोनों फोनों में मिल जाती है।

सॉफ्टवेयर और कनेक्टिविटी

Android 16 दोनों में मिलता है, बस स्किन अलग है। N6 Lite पर OxygenOS 16 चलता है, जिसमें AI Eraser, AI Clear Face और Google Gemini का इंटीग्रेशन दिया गया है। Z11 Lite पर OriginOS 6 है, जिसके साथ आपको Private Space, DocMaster और Office Kit जैसे फीचर मिलेंगे।

कनेक्टिविटी की सूची लगभग एक जैसी है। 3.5mm हेडफोन जैक, साइड में लगा फिंगरप्रिंट सेंसर और Wi-Fi 5, ये तीनों दोनों फोनों में हैं, और NFC किसी में नहीं मिलेगा। ब्लूटूथ में iQOO 5.4 पर है और OnePlus 5.2 पर।

लेकिन सबसे बड़ा फर्क यहीं बैठा है। N6 Lite में सिर्फ LTE बैंड दिए गए हैं और 5G के लिए कोई बैंड इसमें है ही नहीं, वहीँ Z11 Lite दस 5G बैंड के साथ आता है और दोनों सिम पर 5G चला सकता है। आज आपके शहर में 5G न भी हो, तो भी अगले तीन-चार साल इसी फोन पर निकालने का मतलब है कि आप अपनी ही सिम की स्पीड इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।

ये पढ़ें: क्या इस बार Amazon-Flipkart सेल में सस्ते होंगे फोन? 21% बढ़े दाम, किस पर रुकें किस पर नहीं

पूरी स्पेसिफिकेशन तुलना

स्पेसिफिकेशनOnePlus N6 LiteiQOO Z11 Lite 5G
डिस्प्ले6.75-इंच HD+ LCD, 120Hz, 900 निट्स (HBM)6.74-इंच HD+ LCD, 120Hz, 1,200 निट्स (HBM)
प्रोसेसरUnisoc T7250 (12nm)MediaTek Dimensity 6300 (6nm)
रैम और स्टोरेज4GB LPDDR4X + 64GB UFS 2.24GB/6GB LPDDR4X + 64GB/128GB/256GB UFS 2.2
मेमोरी कार्डअलग स्लॉट, 2TB तकहाइब्रिड स्लॉट
रियर कैमरा13MP (1/3-इंच, f/2.2)50MP Sony (1/2.93-इंच, f/1.8) + 0.08MP
फ्रंट कैमरा5MP5MP
वीडियो1080p तक1080p तक
बैटरी7,000mAh6,500mAh
चार्जिंग15W वायर्ड44W वायर्ड
नेटवर्कसिर्फ 4G5G (10 बैंड)
मज़बूतीIP64, MIL-STD-810HIP65, MIL-STD-810H, SGS ड्रॉप रेटिंग
सॉफ्टवेयरOxygenOS 16 (Android 16)OriginOS 6 (Android 16)
वज़न और मोटाई215 ग्राम, 8.95mm209 ग्राम, 8.39mm
शुरुआती कीमत₹16,999₹17,499

किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?

मेरी सलाह है कि ₹500 और जोड़कर iQOO Z11 Lite 5G लीजिए। एक ही दाम के आसपास इसमें आपको 5G, एक जनरेशन नया चिपसेट, तीन गुना तेज़ चार्जिंग, चमकीली स्क्रीन और बेहतर कैमरा सेंसर, सब एक साथ मिल जाता है।

OnePlus N6 Lite तब लीजिए, जब:

  • आपको 5G की ज़रूरत ही नहीं है, जैसे घर के बड़ों के लिए या दूसरे फोन के तौर पर
  • एक चार्ज में सबसे लंबी बैटरी आपकी पहली शर्त है
  • दोनों सिम और मेमोरी कार्ड एक साथ चलाने हैं
  • आपको OnePlus का सर्विस नेटवर्क और OxygenOS चाहिए

iQOO Z11 Lite 5G तब लीजिए, जब:

  • यही आपका रोज़ वाला प्राइमरी फोन रहने वाला है
  • आप इसे तीन साल से ज़्यादा चलाने का मन बना रहे हैं
  • फोटो और तेज़ चार्जिंग आपके काम की चीज़ें हैं
  • आपको 128GB या उससे ज़्यादा स्टोरेज चाहिए

हाँ अगर आप स्टोरेज पर समझौता नहीं कर सकते, तो हिसाब बदल जाता है। Z11 Lite का 128GB वाला वैरिएंट ₹19,999 का है, यानी N6 Lite से पूरे ₹3,000 ऊपर, और उस बजट में आपके सामने कई दूसरे 5G फोन भी खुल जाते हैं। ऐसे में इन दोनों में से चुनने के बजाय थोड़ा ऊपर देखना ज़्यादा समझदारी होगी।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

Image7,000mAh बैटरी अब 17 हज़ार से कम में, OnePlus ने लॉन्च किया N6 Lite

OnePlus ने भारत में N6 Lite लॉन्च कर दिया है, और यही अब कंपनी की मौजूदा लाइनअप का सबसे सस्ता फोन है। ये फोन सिर्फ एक ही 4GB + 64GB वैरिएंट में आया है, जिसकी कीमत ₹16,999 रखी गयी है। यानी ये N6x से नीचे बैठता है, जो ₹20,999 से शुरू होता है। आप इसे …

ImageLava Virat Curve 5G vs Redmi 17 5G: ढाई दिन की बैटरी या कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले, 24 हज़ार में आपके लिए क्या बेहतर?

Lava Virat Curve 5G vs Redmi 17 5G: Lava ने आज अपना नया स्मार्टफोन 25,000 के बजट में पेश किया है, जिसकी खासियत है उसकी सेकेंडरी डिस्प्ले जो रियर पैनल पर कैमरा सेटअप के साथ दी गयी है। हालांकि सेकेंडरी स्क्रीन इस बजट में एक आकर्षक फीचर हो सकती है, लेकिन क्या ये इस सेगमेंट …

ImageRealme P4s 5G vs Nothing Phone 4b – ₹35,000 में कौन सा फोन आपके लिए बेहतर?

Realme ने अपनी P4 सीरीज़ में एक और नया स्मार्टफोन realme P4s 5G पेश किया है। इस स्मार्टफोन की खासियत है, इसमें मिलने वाला डेडिकेटेड गेमिंग चिप, लेकिन इसी के साथ कंपनी ने इस फोन का दाम भी अन्य P4 सीरीज़ फोनों से ऊपर पहुंचा दिया है। लगभग ₹32,000 (ऑफर के बाद) का ये फोन …

ImageRedmi Note 17 Pro vs vivo T5: 35 हजार में 9,000mAh बैटरी या 144Hz स्क्रीन, कौन सा फोन लें

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: Redmi Note 17 Pro को भारतीय बाज़ार में एंट्री मिल चुकी है, लेकिन इस बार ये फोन ₹35,000 के बजट में आया है। लेकिन इस बजट में भारतीय बाज़ार में अगर आपको एक बड़ी बैटरी और AMOLED स्क्रीन वाला फोन चाहिए, तो केवल एक यही नहीं है। इसी …

ImageOnePlus 15R vs Xiaomi 17T: पावर लें या कैमरा? आपके लिए कौन सा सही

OnePlus 15R vs Xiaomi 17T: ₹50,000 से ₹60,000 का सेगमेंट थोड़ा अजीब है। यहां फोनों की भीड़ तो नहीं मिलती, लेकिन जो फोन हैं, उनमें दम भी ख़ूब है। इसी बजट में आज हम दो फोनों की बात करेंगे, जिनमें से एक पिछले साल का फ्लैगशिप किलर है और दूसरा हाल ही में लॉन्च हुआ …

Discuss

Be the first to leave a comment.