Galaxy Z Fold 8 vs Galaxy Z Fold 8 Ultra: Samsung इस बार अपनी फोल्डेबल लाइनअप के साथ कुछ अलग करने जा रहा है। लीक्स की मानें तो 22 जुलाई 2026 के आसपास होने वाले Unpacked में पहली बार एक नहीं, बल्कि दो बुक-स्टाइल फोल्ड फोन सामने आ सकते हैं। और मज़ेदार बात ये है कि इनके नाम थोड़े उलटे लग सकते हैं, इसलिए शुरू में ही इसे साफ़ कर देती हूँ।
लीक्स के मुताबिक Galaxy Z Fold 8 Ultra वही क्लासिक पतला-लंबा फ्लैगशिप फोल्ड है, यानि Galaxy Z Fold 7 का सक्सेसर। वहीँ Galaxy Z Fold 8 एक बिल्कुल नया “वाइड” फोल्ड फोन है, जो चौड़ा और थोड़ा छोटा है और जिसे एक हाथ में पकड़ना ज़्यादा आसान बताया जा रहा है।
अगर आप इस साल कोई नया फोल्ड लेने का सोच रहे हैं और इन दोनों नामों ने आपको उलझा दिया है, तो परेशान होने की ज़रूरत नहीं। मैं यहाँ लीक्स और रिपोर्ट्स के आधार पर दोनों फोन के हर पहलू का फर्क आसान भाषा में आप जान सकते हैं, ताकि आपका फैसला थोड़ा आसान हो सके। आइये जानते हैं कि दोनों फोल्डेबल फोनों में क्या अंतर हो सकता है।
ये पढ़ें: जुलाई 2026 में आने वाले स्मार्टफोन – Upcoming Smartphones in July 2026 in India
Galaxy Z Fold 8 vs Fold 8 Ultra: स्पेसिफिकेशन
| स्पेसिफिकेशन | Galaxy Z Fold 8 (वाइड) | Galaxy Z Fold 8 Ultra |
|---|---|---|
| फॉर्म फैक्टर | चौड़ा और छोटा (वॉलेट जैसा) | पतला और लंबा (क्लासिक फोल्ड) |
| इनर डिस्प्ले | 7.6-इंच Dynamic AMOLED, 120Hz | 8.0-इंच Dynamic AMOLED, 120Hz |
| कवर डिस्प्ले | 5.4-इंच | 6.5-इंच |
| प्रोसेसर | Snapdragon 8 Elite Gen 5 for Galaxy (3nm) | Snapdragon 8 Elite Gen 5 for Galaxy (3nm) |
| रैम / स्टोरेज | 12GB / 256GB, 16GB / 512GB | 12GB / 256GB, 12GB / 512GB, 16GB / 512GB |
| रियर कैमरा | 200MP + 12MP अल्ट्रावाइड | 200MP + 50MP अल्ट्रावाइड + 10MP 3x टेलीफोटो |
| फ्रंट कैमरा | 10MP | 10MP |
| बैटरी | ~5000mAh (कुछ लीक्स में 4800mAh) | ~5000mAh |
| चार्जिंग | 25W वायर्ड (कुछ लीक्स में 45W), 15W वायरलेस | 45W वायर्ड, 15W वायरलेस |
| सॉफ्टवेयर | One UI 9 (Android 17, संभावित) | One UI 9 (Android 17, संभावित) |
| कीमत (भारत, संभावित) | ~₹1,74,999 से | ~₹1,85,000 से |
Galaxy Z Fold 8 vs Fold 8 Ultra: डिज़ाइन और डिस्प्ले

यहीं से दोनों फोन की पूरी पर्सनैलिटी अलग हो जाती है, और मैं कहूँगी कि यही इस कम्पैरिज़न का सबसे दिलचस्प हिस्सा है।
Galaxy Z Fold 8 Ultra उसी जानी-पहचानी राह पर है जो हम पिछले कई Fold फोन में देख चुके हैं, यानि पतला और लंबा डिज़ाइन। इसमें 8.0-इंच की बड़ी इनर स्क्रीन मिलने की उम्मीद है, जो खुलने पर लगभग चौकोर बनती है और पढ़ने, नोट्स लेने या एक साथ दो ऐप चलाने जैसे मल्टीटास्किंग कामों के लिए ज़्यादा सूट करती है। बंद होने पर इसका 6.5-इंच कवर डिस्प्ले एक आम स्मार्टफोन जैसा महसूस होता है।
दूसरी तरफ Galaxy Z Fold 8 एक नई सोच के साथ आ रहा है। ये चौड़ा और थोड़ा छोटा है, कुछ-कुछ वॉलेट जैसा, और इसकी 7.6-इंच इनर स्क्रीन खुलने पर ज़्यादा रेक्टैंगुलर यानि चौड़ी आयताकार बनती है। इसका मतलब ये कि वीडियो देखने और मल्टीमीडिया के लिहाज़ से इसका शेप बेहतर होगा। इसका कवर डिस्प्ले 5.4-इंच का होगा, लेकिन चौड़े फॉर्मेट की वजह से फोन हाथ में कम लंबा और कम पतला महसूस होता है, जो उन लोगों के लिए राहत है जिन्हें पुराने Fold बहुत लंबे और सँकरे लगते थे।
दोनों में Dynamic AMOLED पैनल और 120Hz रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है, इसलिए स्क्रीन की क्वॉलिटी के मामले में दोनों आसपास ही रहेंगे। पानी-धूल से बचाव के लिए दोनों के IP48 रेटेड होने की भी संभावना है। यानि सीधा फर्क साइज़ या स्पेक्स का नहीं, बल्कि शेप और इस्तेमाल के तरीके का है, बड़ी चौकोर स्क्रीन चाहिए तो Ultra, और चौड़ी-हैंडी मल्टीमीडिया स्क्रीन चाहिए तो Fold 8।
ये पढ़ें: OnePlus 15R vs Xiaomi 17T: पावर लें या कैमरा? आपके लिए कौन सा सही
Galaxy Z Fold 8 vs Fold 8 Ultra: परफॉरमेंस

परफॉरमेंस में आपको शायद दोनों में कोई अंतर न मिले। अभी तक सामने आये लीक्स के मुताबिक दोनों फोनों के अंदर एक ही दिल धड़कता है, Snapdragon 8 Elite Gen 5 for Galaxy। ये वही टॉप-एंड चिप है जिसे Samsung ने अपने Galaxy S26 Ultra में भी इस्तेमाल किया है, और इसे इस समय सबसे तेज़ Android चिपसेट में गिना जा रहा है।
रैम और स्टोरेज में भी दोनों लगभग बराबरी पर हैं। बेस वेरिएंट में दोनों को 12GB LPDDR5X रैम और 256GB UFS स्टोरेज मिलने की उम्मीद है, हालांकि Ultra में एक एक्स्ट्रा 12GB + 512GB का ऑप्शन भी देखने को मिल सकता है।
कागज़ों पर देखें तो रोज़मर्रा के इस्तेमाल और गेमिंग में दोनों का अनुभव एक जैसा रहना चाहिए। हालांकि असली परफॉरमेंस, हीटिंग और लंबी गेमिंग में ये फोन कैसा बर्ताव करते हैं, इसका पुख्ता अंदाज़ा फुल रिव्यू और असल इस्तेमाल के बाद ही लगेगा।
Galaxy Z Fold 8 vs Fold 8 Ultra: कैमरा

कैमरे में फर्क साफ़ नज़र आता है, और यहाँ Galaxy Z Fold 8 Ultra एक कदम आगे दिखता है। लीक्स के मुताबिक Ultra में ट्रिपल कैमरा सेटअप मिलेगा, जिसमें 200MP का प्राइमरी सेंसर, एक नया 50MP अल्ट्रावाइड (वही ISOCELL JN3 सेंसर जो S26 सीरीज़ में बताया जा रहा है) और 10MP का 3x ऑप्टिकल ज़ूम वाला टेलीफोटो लेंस शामिल है।
Galaxy Z Fold 8 की बात करें तो इसमें भी 200MP का दमदार प्राइमरी कैमरा मिलने की उम्मीद है, जो कम नहीं है, लेकिन इसके साथ सिर्फ़ 12MP अल्ट्रावाइड दिया जायेगा और यहां आपको टेलीफोटो लेंस की कमी खाल सकती है। इसका मतलब ये कि दूर के सब्जेक्ट को ऑप्टिकल ज़ूम के साथ कैप्चर करने के मामले में Ultra के पास बढ़त रहेगी, जबकि Fold 8 अपने नए फॉर्म फैक्टर के दम पर लोगों को खींचने की कोशिश करेगा।
हालांकि एक बात बता दूँ, Fold 8 के कैमरा सेटअप को लेकर अलग-अलग लीक्स में थोड़ी असहमति है। कुछ रिपोर्ट्स इसमें दो 50MP सेंसर का भी ज़िक्र करती हैं, इसलिए फ़ाइनल कन्फर्मेशन लॉन्च पर ही मिलेगा। फ्रंट में दोनों फोन को 10MP का सेल्फी कैमरा मिलने की उम्मीद है।
ये पढ़ें: Xiaomi 17T vs OnePlus 13 – ₹60,000 में नया Leica कैमरा फोन या दमदार Snapdragon फ्लैगशिप, किसे चुनें?
Galaxy Z Fold 8 vs Fold 8 Ultra: बैटरी और चार्जिंग

बैटरी कैपेसिटी के मामले में दोनों फोन करीब-करीब बराबर बताए जा रहे हैं। लीक्स में दोनों के लिए 5000mAh के आसपास की बैटरी की बात हो रही है, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स Galaxy Z Fold 8 में थोड़ी छोटी 4800mAh बैटरी का भी ज़िक्र करती हैं।
असल फर्क चार्जिंग स्पीड में है, और यहाँ भी बाज़ी Galaxy Z Fold 8 Ultra के हाथ लगती दिखती है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि Ultra में 45W वायर्ड चार्जिंग मिल सकती है, जबकि नए Galaxy Z Fold 8 में 25W चार्जिंग का अंदाज़ा लगाया जा रहा है। हालांकि कुछ लीक्स Fold 8 में भी 45W तक का दावा करती हैं, इसलिए इस नंबर को अभी पत्थर की लकीर न मानें।
वायरलेस चार्जिंग के मामले में दोनों एक जैसे हैं, क्योंकि दोनों में 15W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट मिलने के आसार हैं।
सॉफ्टवेयर

सॉफ्टवेयर के मामले में भी दोनों फोन एक ही नाव में सवार हैं। चूँकि Google हाल ही में Android 17 जारी कर चुका है, इसलिए उम्मीद है कि दोनों फोन सीधे Android 17 पर आधारित One UI 9 के साथ बॉक्स से बाहर आएंगे।
Samsung अपने हाई-एंड फोन पर लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट के लिए जाना जाता है, और पिछले Fold की तरह इन दोनों को भी कई साल के OS अपडेट और सिक्योरिटी पैच मिल सकते हैं। हालांकि फ़ीचर्स और अनुभव के लिहाज़ से यहाँ किसी एक को आगे रखना मुश्किल है, क्योंकि दोनों का सॉफ्टवेयर एक जैसा रहने वाला है।
कीमत
भारत में दोनों फोन की कीमत अभी ऑफिशियल नहीं है, लेकिन लीक्स के आधार पर एक अंदाज़ा ज़रूर मिल जाता है।
Galaxy Z Fold 8 (वाइड)
- संभावित शुरुआती कीमत – ₹1,74,999 के आसपास
Galaxy Z Fold 8 Ultra
- संभावित शुरुआती कीमत – ₹1,85,000 से ₹1,99,990 के बीच
ग्लोबल मार्केट में Ultra की शुरुआती कीमत करीब $1,999 बताई जा रही है, जिससे साफ़ है कि ये दोनों में ज़्यादा प्रीमियम विकल्प रहने वाला है। नया Galaxy Z Fold 8 तुलना में थोड़ा किफायती रखा जा सकता है, ताकि ज़्यादा लोग पहली बार नए और चौड़े फोन की ओर आएं।
किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?
अब आते हैं असली सवाल पर। अगर आपको चाहिए सबसे बड़ी 8-इंच स्क्रीन, ज़ूम वाला तीन-कैमरा सेटअप, बेहतर 50MP अल्ट्रावाइड और तेज़ 45W चार्जिंग, तो लीक्स के हिसाब से Galaxy Z Fold 8 Ultra आपके लिए ज़्यादा सही बैठता है। ये उन लोगों के लिए है जो एक भरा-पूरा, क्लासिक फ्लैगशिप फोल्ड चाहते हैं और कैमरे व प्रोडक्टिविटी पर ज़ोर देते हैं।
वहीँ अगर आप एक ज़्यादा हैंडी और पॉकेट-फ्रेंडली फोल्ड चाहते हैं, जिसकी चौड़ी स्क्रीन वीडियो और मल्टीमीडिया के लिए मज़ेदार हो, जिसे एक हाथ में पकड़ना आसान हो और जो जेब पर थोड़ा हल्का भी पड़े, तो नया Galaxy Z Fold 8 आपके लिए बना है। ये उन लोगों के लिए एक दिलचस्प एंट्री है जो अब तक Fold फोन को बहुत लंबा और सँकरा मानकर दूर रहते थे।
कुल मिलाकर, कागज़ों पर Galaxy Z Fold 8 Ultra ज़्यादा फ़ीचर्स से भरा हुआ विकल्प दिखता है, जबकि नया Galaxy Z Fold 8 एक ताज़ा और शायद ज़्यादा सुलभ फॉर्म फैक्टर लेकर आ रहा है। चूँकि अभी सब कुछ लीक्स पर टिका है, इसलिए मेरी सलाह यही रहेगी कि फ़ाइनल फैसले से पहले 22 जुलाई के ऑफिशियल लॉन्च और पहले रिव्यू का इंतज़ार ज़रूर करें। उसके बाद अपनी ज़रूरत और बजट के हिसाब से आप सही फोल्ड चुन सकते हैं।
ये सारी जानकारी अभी लीक्स और इंडस्ट्री रिपोर्ट्स पर आधारित है। Samsung ने आधिकारिक तौर पर इनमें से कुछ भी कन्फर्म नहीं किया है, इसलिए फ़ाइनल स्पेक्स और कीमत में थोड़ा-बहुत बदलाव मुमकिन है।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।































