जून 2026 स्मार्टफोन लॉन्च के लिहाज़ से काफ़ी भरा-भरा रहा। Motorola Edge 70 Pro+, Xiaomi 17T, Redmi Turbo 5 और Tecno Pova 8 जैसे फोन एक के बाद एक आए, और मिड-रेंज सेगमेंट में अच्छी हलचल देखने को मिली। लेकिन जुलाई का मिज़ाज थोड़ा अलग रहने वाला है।
इस बार पूरा फोकस सिर्फ़ मिड-रेंज पर नहीं है। एक तरफ़ Samsung अपने नए फोल्डेबल फोन Galaxy Unpacked इवेंट में पेश करने जा रही है, तो दूसरी तरफ़ OPPO अपनी Reno सीरीज़ की भारत में वापसी करा रही है। और इन सबके बीच Nothing एक बिल्कुल नई बजट सीरीज़ की शुरुआत करने वाला है।
अगर आप नया फोन लेने की सोच रहे हैं और थोड़ा इंतज़ार कर सकते हैं, तो जुलाई के ये लॉन्च देखने लायक हैं। आइए जानते हैं जुलाई 2026 में भारत आने वाले इन प्रमुख स्मार्टफोन के बारे में।
ये पढ़ें: OnePlus 16T की तैयारी शुरू: नए फोन में मिलेगा 2nm वाला Snapdragon, जानें कब होगी एंट्री
जुलाई 2026 में आने वाले स्मार्टफोन – Upcoming Smartphones in July 2026
OPPO Reno 16 सीरीज़

OPPO ने भारत में Reno 16 सीरीज़ के लॉन्च की पुष्टि कर दी है। Amazon और Flipkart, दोनों पर “The Reno Returns” टैगलाइन के साथ इसका माइक्रोसाइट लाइव हो चुका है, और रिपोर्ट्स के मुताबिक ये सीरीज़ 2 जुलाई 2026 को पेश की जा सकती है।
खास बात ये है कि OPPO इस बार एक नहीं, बल्कि चार मॉडल ला रही है – Reno 16 Pro, Reno 16, Reno 16 Pro Mini और Reno 16c। यानि प्रीमियम से लेकर अपर-मिड और मिड-रेंज तक, अलग-अलग बजट के लिए एक-एक विकल्प।
सीरीज़ का टॉप मॉडल Reno 16 Pro कैमरा और परफॉर्मेंस के मामले में खास हो सकता है। लीक्स के अनुसार इसमें 6.78 इंच LTPO AMOLED 144Hz डिस्प्ले, MediaTek Dimensity 9500 चिपसेट और 200MP OIS मुख्य कैमरा के साथ 50MP अल्ट्रा-वाइड और 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो (3.5x ऑप्टिकल ज़ूम) कैमरा मिल सकता है। पावर के लिए इसमें 7000mAh बैटरी के साथ 80W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग मिलने की खबरें हैं। वहीँ इसकी कीमत करीब ₹62,990 से ₹70,000 के बीच रह सकती है।
वहीं Reno 16 में 6.32 इंच 1.5K AMOLED स्क्रीन, Dimensity 8550 चिपसेट और 200MP मुख्य कैमरा मिलने की उम्मीद है, और इसकी कीमत ₹49,000 से ₹56,000 के बीच हो सकती है। इस सीरीज़ का सबसे किफायती फोन Reno 16c हो सकता है, जिसमें Dimensity 7300 चिपसेट और 120Hz AMOLED स्क्रीन, करीब ₹37,000 की शुरूआती कीमत पर मिलने के आसार हैं।
इस लॉन्च के साथ OPPO एक नया एक्सेसरी OPPO Bubble भी ला सकती है। ये एक गोल मैग्नेटिक AMOLED डिस्प्ले है, जो फोन के पिछले हिस्से पर चिपक जाता है और Reno 16 के 200MP रियर कैमरे से सेल्फी लेते समय व्यूफाइंडर की तरह काम करता है। साथ में Enco Air 5 ईयरबड्स आने के कयास भी लगाए जा रहे हैं।
Nothing Phone (4b)

Nothing ने भारत में अपने नए फोन Phone (4b) की लॉन्च डेट कन्फर्म कर दी है। ये फोन 7 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे (IST) Flipkart के ज़रिए पेश किया जाएगा, और इसी समय इसका ग्लोबल लॉन्च भी होगा।
दिलचस्प बात ये है कि इसके साथ Nothing एक बिल्कुल नई ‘b’ सीरीज़ की शुरुआत कर रहा है, जो कंपनी की मौजूदा ‘a’ सीरीज़ से नीचे, योनि और किफायती सेगमेंट में रहेगी। कंपनी का उद्देश्य साफ है कि Nothing के सिग्नेचर एक्सपीरियंस को कम दाम पर ज़्यादा लोगों तक पहुंचा सकें।
टीज़र से इसका ट्रांसपैरेंट बैक डिज़ाइन तो दिख ही चुका है, साथ ही ये संकेत भी मिला है कि इसमें पीछे सिर्फ़ एक कैमरा हो सकता है, जो Phone (4a) के ट्रिपल सेटअप से थोड़ा अलग रास्ता है। कीमत को लेकर टिप्स्टर्स के अनुसार ये Phone (4a) (₹35,999) से करीब ₹3,000 से ₹5,000 सस्ता, यानी ₹31,000 से ₹33,000 के बीच एंट्री ले सकता है।
ये पढ़ें: Nothing का नया बजट फोन Phone (4b) आ रहा है भारत में, लॉन्च डेट लीक, इस दिन होगा पेश
Samsung Galaxy Z Fold 8

जुलाई का सबसे बड़ा इवेंट Samsung का Galaxy Unpacked रहने वाला है, जो रिपोर्ट्स के मुताबिक 22 जुलाई 2026 के आसपास (संभवतः लंदन में) हो सकता है। इसी इवेंट में कंपनी अपनी नई फोल्डेबल लाइनअप पेश करेगी, और इसका सबसे चर्चित नाम है Galaxy Z Fold 8।
लीक्स के मुताबिक इस बार स्टैंडर्ड Galaxy Z Fold 8 एक ज़्यादा चौड़े (wide-style) डिज़ाइन के साथ आ सकता है। इसमें करीब 7.6 इंच की इनर फोल्डिंग स्क्रीन और बाहर 5.4 इंच का कवर डिस्प्ले मिल सकता है। कैमरे के मामले में इसमें डुअल कैमरा सेटअप दिया जा सकता है, जिसमें एक मुख्य (वाइड) कैमरा और एक 12MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल हो सकता है। बैटरी 5000mAh से थोड़ी कम रह सकती है, और चार्जिंग 25W या 45W हो सकती है। इसमें Android 17 आधारित सॉफ्टवेयर और पहले से पतला, हल्का डिज़ाइन मिलने की उम्मीद है। भारत में इसकी शुरुआती कीमत करीब ₹1,74,999 रह सकती है।
Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra

इस बार Samsung एक नया टॉप-एंड मॉडल Galaxy Z Fold 8 Ultra भी पेश कर सकती है। दिलचस्प बात ये है कि ये स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले थोड़ा पतला (narrow) बुक-स्टाइल फोल्डेबल हो सकता है, यानी डिज़ाइन Samsung के पुराने Fold मॉडल जैसा रहेगा, लेकिन फीचर्स और दमदार।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें करीब 8 इंच का इनर डिस्प्ले और 6.5 इंच का बड़ा आउटर डिस्प्ले मिल सकता है। कैमरा इसका सबसे बड़ा अपग्रेड हो सकता है, जहां ट्रिपल कैमरा सेटअप में एक प्रॉपर टेलीफोटो लेंस (करीब 10MP, 3x ऑप्टिकल ज़ूम) और एक नया 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल हो सकता है, साथ ही 200MP मुख्य सेंसर के होने की चर्चा है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें Snapdragon 8 Elite Gen 5 (for Galaxy) चिपसेट, 16GB तक रैम और 1TB तक स्टोरेज दिया जा सकता है। पावर के लिए 5000mAh बैटरी और 45W चार्जिंग मिल सकती है। ग्लोबल कीमत करीब $1,999 बताई जा रही है, यानी भारत में ये ₹1,95,000 से ऊपर जा सकती है।
ये पढ़ें: Samsung का नया Monster फोन भारत आ रहा है: Galaxy M47 5G का टीज़र Amazon पर लाइव
Samsung Galaxy Z Flip 8

फोल्ड के साथ Samsung अपना नया क्लैमशेल फोल्डेबल Galaxy Z Flip 8 भी इसी इवेंट में लाने वाली है। ये उन लोगों के लिए है जो जेब में आसानी से समा जाने वाला कॉम्पैक्ट फोल्डेबल चाहते हैं।
लीक्स के मुताबिक इसमें 6.9 इंच की इनर स्क्रीन, 4.1 इंच का कवर डिस्प्ले, 50MP + 12MP कैमरा और करीब 4700mAh बैटरी मिल सकती है। चिपसेट को लेकर कहा जा रहा है कि भारत और यूरोप में स्टैंडर्ड Galaxy Z Fold 8 और Z Flip 8 Exynos 2600 के साथ आ सकते हैं, जबकि बाकी बाज़ारों में Snapdragon 8 Elite Gen 5 मिल सकता है। भारत में Galaxy Z Flip 8 की कीमत करीब ₹1,14,999 से शुरू हो सकती है।
Samsung Galaxy A27 5G

प्रीमियम फोल्डेबल के अलावा Samsung जुलाई में एक बजट 5G फोन Galaxy A27 5G भी ला सकती है। हालांकि इसकी पक्की तारीख़ अभी सामने नहीं आई है, और रिपोर्ट्स के मुताबिक ये जुलाई से सितंबर के बीच कभी भी लॉन्च हो सकता है।
ये फोन Galaxy A-सीरीज़ का हिस्सा होगा, जो भारत में अपनी लंबी सॉफ्टवेयर सपोर्ट और भरोसेमंद बिल्ड के लिए जाना जाता है। लीक्स के मुताबिक इसकी कीमत करीब ₹24,999 से ₹29,999 के बीच रह सकती है। अगर आप कम बजट में किसी भरोसेमंद ब्रांड का 5G फोन ढूंढ रहे हैं, तो इस पर नज़र रखी जा सकती है।
जुलाई 2026 में लगभग हर तरह के खरीदार के लिए कुछ न कुछ है: बजट में Nothing और Samsung का A27, मिड-रेंज में OPPO Reno 16, और प्रीमियम सेगमेंट में Samsung के तीन नए फोल्डेबल फोन। आप जुलाई में किस फोन का सबसे ज़्यादा इंतज़ार कर रहे हैं?

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

































