Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: 35 हजार में 9,000mAh बैटरी या 144Hz स्क्रीन, कौन सा फोन लें

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: Redmi Note 17 Pro को भारतीय बाज़ार में एंट्री मिल चुकी है, लेकिन इस बार ये फोन ₹35,000 के बजट में आया है। लेकिन इस बजट में भारतीय बाज़ार में अगर आपको एक बड़ी बैटरी और AMOLED स्क्रीन वाला फोन चाहिए, तो केवल एक यही नहीं है। इसी बजट में 2 सितंबर को vivo T5 भी लॉन्च हुआ है, जो 7,050mAh बैटरी के बावजूद सिर्फ 199 ग्राम का और 7.99mm पतला है।

इन दोनों फोनों की शुरुआती कीमत में फर्क सिर्फ ₹2,000 का है, लेकिन स्टोरेज मॉडल बराबर करते ही ये फर्क उल्टा हो जाता है। vivo T5 का 6GB रैम मॉडल ₹34,999 का है, वहीँ 8GB रैम वाला vivo T5 ₹39,999 का है। यानी 8GB रैम के साथ Redmi Note 17 Pro आपको लगभग ₹3,000 सस्ता मिलेगा।

हालांकि दाम अकेले पूरी कहानी नहीं कहते। आप जानते हैं कि Redmi की Note सीरीज़ मज़बूती और लंबे अपडेट के मामले में हमेशा आगे रही है, लेकिन इस बार चिप, स्टोरेज और वीडियो रिकॉर्डिंग, इन तीनों में vivo T5 एक कदम आगे है। आइए जानते हैं, इन दोनों में से किस फोन पर आपको दाँव लगाना चाहिए।

ये पढ़ें: Redmi Note 17 Pro, Pro Max लॉन्च, Note सीरीज़ में पहली बार मिली 10,000mAh बैटरी

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: स्पेसिफिकेशन

स्पेसिफिकेशनRedmi Note 17 Provivo T5
डिस्प्ले6.83-इंच 1.5K (2772×1280) फ्लैट AMOLED, 120Hz, 447 PPI6.83-इंच 1.5K (2800×1260) कर्व्ड AMOLED, 144Hz, 449 PPI
ब्राइटनेस3,500 निट्स (पीक)2,000 निट्स (HBM)
प्रोटेक्शनCorning Gorilla Glass Victus 2MIL-STD-810H
प्रोसेसरSnapdragon 6s Gen 4 (4nm), 2.4GHz तकMediaTek Dimensity 7500 Turbo (4nm), 2.6GHz तक
रैम8GB LPDDR4X6GB / 8GB / 12GB LPDDR4X
स्टोरेज128GB (UFS 2.2) / 256GB (UFS 3.1)128GB / 256GB (UFS 3.1)
रियर कैमरा50MP (f/1.8) OIS + 8MP अल्ट्रावाइड50MP Sony IMX882 (f/1.79) OIS + 8MP अल्ट्रावाइड
फ्रंट कैमरा16MP (f/2.4)32MP (f/2.0)
वीडियोदोनों तरफ 1080p तकदोनों तरफ 4K तक
बैटरी9,000mAh7,050mAh
चार्जिंग67W वायर्ड, 22.5W रिवर्स44W वायर्ड
सॉफ्टवेयरAndroid 16 पर HyperOS 3, 4 साल OS + 6 साल सिक्योरिटीAndroid 16 पर OriginOS 6, 3 साल OS + 5 साल सिक्योरिटी
मज़बूतीIP66 / IP68 / IP69 / IP69KIP68 / IP69
कनेक्टिविटीNFC, IR ब्लास्टर, ब्लूटूथ 5.1वाई-फाई 6, IR ब्लास्टर, ब्लूटूथ 5.4, NFC नहीं
वज़न और मोटाई223 ग्राम, 8.6mm199 ग्राम, 7.99mm
कीमत₹36,999 से शुरू₹34,999 से शुरू

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: डिज़ाइन

बड़ी बैटरी की कीमत हमेशा वज़न में चुकानी पड़ती है, और यहाँ ये कीमत Redmi ने चुकाई है। Redmi Note 17 Pro 223 ग्राम का है और 8.6mm मोटा, वहीँ vivo T5 सिर्फ 199 ग्राम का और 7.99mm पतला है। यानी 1,950mAh बड़ी बैटरी के बदले आपको 24 ग्राम अतिरिक्त वज़न उठाना पड़ेगा।

मज़बूती में बढ़त साफ तौर पर Redmi के पास है। इसमें आपको IP66, IP68, IP69 और IP69K, चारों रेटिंग के साथ Corning Gorilla Glass Victus 2 का प्रोटेक्शन भी मिलता है। vivo T5 में IP68 और IP69 रेटिंग तो है, लेकिन कंपनी ने इसके ग्लास का नाम नहीं बताया है और इसकी जगह MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन दिया गया है।

रंगों में Redmi Note 17 Pro आपको क्लाउड ब्लू, पर्पल वाइब और स्टेल्थ ब्लैक में मिलेगा, जिसमें क्लाउड ब्लू वाला बैक पैनल धूप में रंग बदलता है। vivo T5 सिर्फ रॉयल ब्रॉन्ज़ और सिल्वर ग्रीन, दो ही रंगों में आया है।

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: डिस्प्ले

आपको दोनों फोनों में 6.83-इंच की 1.5K AMOLED स्क्रीन मिलती है, और शार्पनेस में भी इनके बीच कोई फर्क नहीं है, क्योंकि एक 447 PPI पर है और दूसरा 449 PPI पर। असली फर्क रिफ्रेश रेट और पैनल की बनावट का है।

vivo T5 की स्क्रीन 144Hz तक जाती है और कर्व्ड है, वहीँ Redmi Note 17 Pro में आपको 120Hz वाला फ्लैट पैनल मिलेगा। गेमिंग या तेज़ स्क्रॉलिंग में ये 24Hz का फर्क दिखता है, लेकिन कर्व्ड स्क्रीन पर किनारों से गलती से टच लगने की शिकायत भी पुरानी है, इसलिए यहाँ पसंद आपकी अपनी होगी।

ब्राइटनेस दोनों कंपनियों ने अलग-अलग पैमानों पर बताई है। Xiaomi ने Redmi Note 17 Pro के लिए 3,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस बताई है, वहीँ vivo ने T5 के लिए 2,000 निट्स की HBM ब्राइटनेस दी है।

ये पढ़ें: vivo T5 भारत में लॉन्च, 7.99mm पतले फोन में मिली 7,050mAh बैटरी और 144Hz कर्व्ड AMOLED स्क्रीन

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: परफॉरमेंस

Redmi Note 17 Pro भारत में Snapdragon 6s Gen 4 के साथ आया है। ये Qualcomm की 6-सीरीज़ का पुराना मॉडल है और Adreno 710 GPU पर चलता है। वहीँ vivo T5 में मिलने वाला Dimensity 7500 Turbo इससे ऊपर के दर्जे का चिप है, और vivo के अनुसार इसका AnTuTu स्कोर 12 लाख से ऊपर जाता है।

स्टोरेज का फर्क रोज़ के इस्तेमाल में इससे भी ज़्यादा मायने रखता है। Redmi Note 17 Pro के ₹36,999 वाले 128GB मॉडल में आपको UFS 2.2 स्टोरेज ही मिलेगी, वहीँ vivo T5 में 128GB वाले बेस मॉडल से लेकर टॉप मॉडल तक, हर वैरिएंट में UFS 3.1 स्टोरेज दी गयी है। ऐप खुलने, गेम लोड होने और बड़ी फाइलें कॉपी होने की रफ्तार सीधे इसी पर टिकी होती है।

अच्छी बात ये है कि Redmi Note 17 Pro के ₹39,999 वाले 256GB मॉडल में ये स्टोरेज UFS 3.1 हो जाती है। यानी अगर आपको यही फोन लेना है, तो बेस मॉडल पर ₹3,000 बचाने का मतलब एक पूरा स्टोरेज लेवल छोड़ देना भी है।

रैम दोनों में LPDDR4X ही है, इसलिए इस मोर्चे पर कोई आगे-पीछे नहीं है। कनेक्टिविटी में Redmi आगे निकलता है, क्योंकि इसमें NFC दिया गया है और vivo T5 में नहीं। दुकान के काउंटर पर कार्ड मशीन पर फोन टच करके पेमेंट करनी हो, तो ये काम Redmi Note 17 Pro से हो जाएगा और vivo T5 पर आपको UPI या कार्ड पर ही लौटना पड़ेगा। वहीँ vivo T5 में आपको नए ब्लूटूथ 5.4 और वाई-फाई 6 का सपोर्ट मिलता है, जो Redmi के ब्लूटूथ 5.1 से ऊपर है।

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: कैमरा

पीछे के हार्डवेयर में दोनों लगभग एक ही जगह खड़े हैं, लेकिन जो वीडियो ये रिकॉर्ड कर सकते हैं, उसमें ज़मीन-आसमान का फर्क है। आपको दोनों फोनों में OIS वाला 50MP प्राइमरी सेंसर और 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है, और vivo ने अपने प्राइमरी कैमरे में Sony IMX882 सेंसर इस्तेमाल किया है।

आगे का कैमरा vivo T5 का 32MP का है, वहीँ Redmi Note 17 Pro में 16MP का सेल्फी सेंसर दिया गया है।

₹36,999 के फोन में भी कंपनी आपको 4K वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं, दोनों तरफ 1080p तक की ही रिकॉर्डिंग दे रही है, जो निराशाजनक है। शादी या बच्चे के स्कूल फंक्शन का वीडियो बनाते वक्त Redmi Note 17 Pro में आप 1080p से ऊपर जा ही नहीं पाएंगे, क्योंकि इसमें 4K का विकल्प है ही नहीं। vivo T5 में यही वीडियो आप आगे और पीछे, दोनों कैमरों से 4K में रिकॉर्ड कर सकते हैं।

दोनों की असली फोटो क्वॉलिटी में कितना फासला रहेगा, ये रिव्यू के बाद ही पक्का कहा जा सकेगा।

ये पढ़ें: Vivo T5 vs iQOO Z11 vs realme P4s: ₹35,000 में किसे चुनेंगे आप?

Redmi Note 17 Pro vs vivo T5: बैटरी और चार्जिंग

इस जगह पर Redmi Note 17 Pro को हराना मुश्किल है, और वो दोनों जगहों पर जीतता है। इसमें 9,000mAh की बैटरी दी गयी है, जो vivo T5 की 7,050mAh बैटरी से बड़ी है। इसी के साथ इसमें 67W चार्जिंग मिलती है, वहीँ vivo T5 में 44W फ्लैशचार्ज ही दिया गया है।

तो ये बिलकुल साफ है कि Redmi की बैटरी बड़ी भी है और फास्ट चारगीन भी ज़्यादा है। हालांकि vivo का कहना है कि 44W फ़्लैशचार्ज के साथ T5 आधे घंटे में 44% तक चार्ज हो जाता है, लेकिन इस कीमत पर ये भी थोड़ा धीमा ही लगता है।

Redmi Note 17 Pro में आपको 22.5W की रिवर्स वायर्ड चार्जिंग भी मिलेगी। सफर के बीच अचानक ईयरबड्स बंद हो जाएं और गाना वहीं रुक जाए, तो इसी फोन से उन्हें चार्ज करके आप दोबारा म्यूज़िक सुन सकते हैं।

सॉफ्टवेयर और अपडेट

अपडेट पॉलिसी में Redmi का पलड़ा हर साल की तरह इस बार भी ऊपर है। Xiaomi इस पर आपको चार साल के OS अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी पैच देगी। वहीँ vivo T5 पर सिर्फ तीन Android अपडेट और पाँच साल के सिक्योरिटी पैच मिलेंगे।

दोनों फोन Android 16 पर ही चलते हैं, लेकिन इंटरफेस अलग हैं। Redmi Note 17 Pro पर HyperOS 3 मिलता है, वहीँ vivo T5 पर कंपनी का नया OriginOS 6 दिया गया है, जिसने भारत में Funtouch OS की जगह ली है।

कीमत

फोनवैरिएंटकीमतऑफर के बाद
Redmi Note 17 Pro8GB + 128GB₹36,999₹33,999
Redmi Note 17 Pro8GB + 256GB₹39,999₹36,999
vivo T56GB + 128GB₹34,999₹31,499
vivo T58GB + 128GB₹39,999
vivo T58GB + 256GB₹44,999
vivo T512GB + 256GB₹49,999

अभी आपको Redmi Note 17 Pro पर ₹3,000 तक का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट मिलेगा, जिसके बाद आप इसे ₹33,999 में खरीद पाएंगे। वहीँ vivo T5 पर HDFC, SBI और Axis बैंक के कार्डों पर ₹4,000 तक की तुरंत छूट चल रही है, जिसके बाद आप इसे ₹31,499 में खरीद पाएंगे।

आप Redmi Note 17 Pro को 17 सितंबर से mi.com, Amazon.in, Xiaomi Retail और ऑफलाइन स्टोरों से खरीद सकते हैं। vivo T5 की सेल 9 सितंबर से शुरू हो चुकी है और ये आपको Flipkart, vivo के ई-स्टोर तथा ऑफलाइन स्टोरों पर मिल जाएगा।

ये पढ़ें: Redmi Note 17 5G रिव्यू: क्या 8,000mAh बैटरी इस सेगमेंट में इसकी जगह बचा पायेगी?

किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?

Redmi Note 17 Pro उनके लिए है, जिन्हें फोन से सबसे लंबी बैटरी और सबसे लंबा साथ चाहिए। 9,000mAh बैटरी, 67W चार्जिंग, NFC, IP69K रेटिंग और 2032 तक चलने वाले सिक्योरिटी अपडेट, ये चारों चीज़ें इसी फोन के पास हैं। दो दिन की शादी में जाकर चार्जर घर छोड़ देने वाला फोन यही है।

vivo T5 उनके लिए है, जो फोन पर गेम खेलते हैं या वीडियो बनाते हैं। बेहतर चिप, हर वैरिएंट में UFS 3.1 स्टोरेज, 144Hz स्क्रीन, दोनों तरफ 4K रिकॉर्डिंग और 24 ग्राम कम वज़न, ये सब आपको यहाँ मिलता है।

मेरी सलाह है कि अगर आपका बजट 35,000 ही है, तो 8GB रैम वाला Redmi Note 17 Pro लेना बेहतर है, क्योंकि उतनी ही रैम पर ये ₹3,000 सस्ता है। वहीँ अगर वीडियो रिकॉर्डिंग आप ज़्यादा करते हैं या हैवी गेम्स के शौक़ीन हैं, तो ₹3,000 ज़्यादा देकर vivo T5 लेना बेहतर रहेगा।

हाँ अगर आपको 256GB स्टोरेज चाहिए, तो हिसाब फिर से Redmi की तरफ झुक जाता है, क्योंकि 256GB वाला Redmi Note 17 Pro ₹39,999 का है और उसी स्टोरेज वाला vivo T5 ₹44,999 का, और दोनों में UFS 3.1 स्टोरेज ही मिलती है। और अगर आपको फोन इसी हफ्ते चाहिए, तो ध्यान रखिए कि Redmi Note 17 Pro की पहली सेल 17 सितंबर से शुरू होगी, वहीँ vivo T5 अभी खरीदने के लिए उपलब्ध है।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

Imageऑनलाइन शॉपिंग में बड़ा बदलाव! अब फर्जी डिस्काउंट और छुपी फीस का खेल नहीं चलेगा, 1 जनवरी से बदलेंगे ये नियम

Online Shopping New Rules: उपभोक्ता मामले विभाग ने 9 सितंबर 2026 को ऑनलाइन शॉपिंग के नियम बदल दिए हैं, और 1 जनवरी 2027 से ये आपकी हर खरीदारी पर लागू हो जाएंगे। सबसे बड़ा बदलाव उसी कटी हुई कीमत पर हुआ है जो आपको हर सेल में दिखती है, क्योंकि अब छूट के साथ कंपनी …

ImagePoco X8 vs Redmi Note 17 Pro – एक ही फोन, दो नाम और दो कीमतें, आपको कौन सा लेना चाहिए?

Poco ने भारत में अपने दो नए फोन Poco X8 और Poco X8 Power की लॉन्च तारीख कन्फर्म कर दी है, और ये दोनों 4 सितंबर को दोपहर 12 बजे आ रहे हैं। इनमें Poco X8 की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9,000mAh बैटरी है, लेकिन इसी के साथ कंपनी ने इस बार दाम भी X-सीरीज़ …

ImageInfinix Hot 70 Pro vs iQOO Z11xa – ₹28,000 में 144Hz स्क्रीन या 7,200mAh बैटरी?

Infinix Hot 70 Pro vs iQOO Z11xa: ₹28,000 के बजट में पिछले चार दिनों में दो नए फोन आए हैं। एक है पिछले हफ्ते, 4 सितंबर को लॉन्च हुआ Infinix Hot 70 Pro, जिसके बैक पैनल पर 144Hz स्क्रीन के साथ एक छोटी-सी Active Matrix Cube स्क्रीन है। वहीँ दूसरी तरफ है आज, 7 सितंबर …

ImageVivo T5 vs iQOO Z11 vs realme P4s: ₹35,000 में किसे चुनेंगे आप?

Vivo T5 vs iQOO Z11 vs realme P4s: ₹35,000 के आसपास बजट हो और आपको बड़ी बैटरी वाला 144Hz AMOLED फोन चाहिए, तो इन दिनों तीन नाम एक ही कीमत पर सामने आते हैं। एक है vivo T5, जिसमें 7,050mAh बैटरी सिर्फ 7.99mm पतले फोन में दी गयी है। वहीँ दूसरी तरफ है iQOO Z11, …

ImagePOCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: तीन दिन की बैटरी या छह साल के अपडेट? ₹25,000 में कौन सा फोन ज़्यादा टिकेगा?

POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: सवाल तीन दिन चलने वाली बैटरी और छह साल तक अपडेट पाने वाले फोन के बीच है। POCO M8 Power 8,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी के साथ आया है, और Samsung Galaxy F70 Pro छह Android अपग्रेड के वादे के साथ। कीमत दोनों की ₹25,000 के आसपास ही …

Discuss

Be the first to leave a comment.

Related Products