Redmi Note 17 5G रिव्यू: क्या 8,000mAh बैटरी इस सेगमेंट में इसकी जगह बचा पायेगी?

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share
क्विक वर्डिक्ट

Redmi Note 17 एक ही खूबी के इर्द-गिर्द बना फोन है, और उस खूबी पर ये पूरी तरह खरा उतरता है। इसकी 8,000mAh बैटरी चार्जिंग की चिंता सच में खत्म कर देती है, AMOLED डिस्प्ले पर रंग चटख नज़र आते हैं, और चार साल के OS अपडेट के साथ छह साल के सिक्योरिटी पैच इसे कई साल तक साथ रखने लायक फोन बना देते हैं।

लेकिन Snapdragon 4 Gen 4 के साथ परफॉरमेंस में जो गिरावट आई है, वो असली है और महसूस भी होती है, कैमरा घटकर एक ही लेंस पर आ गया है, और डिस्प्ले की ब्राइटनेस पिछले साल के मुकाबले साफ तौर पर पीछे चली गई है।

खरीदें अगर:

  • आपको ऐसा फोन चाहिए जो आसानी से डेढ़ से दो दिन निकाल दे
  • आपके लिए स्क्रीन का साइज़, रेज़ॉल्यूशन या पीक ब्राइटनेस से ज़्यादा मायने रखता है
  • आप इस फोन को कई साल चलाने का मन बना रहे हैं
  • आपके लिए लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट परफॉरमेंस से ज़्यादा ज़रूरी है

न खरीदें अगर:

  • आप नियमित रूप से भारी गेम खेलते हैं या 90 fps गेमिंग चाहते हैं
  • आपके लिए कैमरे में कई लेंस का विकल्प और 4K वीडियो मायने रखते हैं
  • आपको इस कीमत पर सबसे ब्राइट स्क्रीन चाहिए
  • आप Redmi Note 15 से स्पीड के लिए अपग्रेड कर रहे हैं

Xiaomi की Redmi Note सीरीज़ ने अपना नाम बैलेंस पर बनाया है, हर फोन में ठीक-ठाक स्पेसिफिकेशन और कहीं कोई साफ दिखने वाली कमज़ोरी नहीं। Redmi Note 17 इस फॉर्मूले को पूरी तरह तोड़ता नज़र आ रहा है। ₹27,999 से शुरू होने वाला ये फोन अपना लगभग पूरा वज़न एक ही खंभे पर डाल देता है, और वो है इसकी 8,000mAh बैटरी, जो किसी भी Note फोन में आज तक दी गई सबसे बड़ी बैटरी है। इसके अलावा इसमें एक काफी बड़ी स्क्रीन और लम्बा सॉफ्टवेयर सपोर्ट भी है।

यहाँ तक पहुँचने के लिए Xiaomi ने बाकी जगहों पर गहरी कटौती की है, और इस फोन में आपको एक ही कैमरा, अपने ही प्रीडेसेसर से कमज़ोर चिपसेट और पहले से कम ब्राइट स्क्रीन मिलती है। तीन हफ्ते रोज़ इस्तेमाल करने के बाद मेरे सामने सवाल यही था कि क्या अकेली बैटरी इस फोन को खींच ले जाने के लिए काफी है, या Note सीरीज़ ने वो चीज़ खो दी है जिसने इसे शुरू में खास बनाया था। आइये इसके बारे में Redmi Note 17 5G रिव्यू में जानते हैं।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

Redmi Turbo 5 की कीमत और उपलब्धता

Redmi Note 17 5G भारत में दो मेमोरी और स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध है।

  • Redmi Note 17 5G (6GB + 128GB): ₹27,999
  • Redmi Note 17 5G (8GB + 128GB): ₹30,999

इस फोन को आप Amazon.in, Mi.com/in, Xiaomi रिटेल स्टोर और देश भर के अधिकृत ऑफलाइन पार्टनरों से खरीद सकते हैं। इसमें बैंगनी (Starlight Purple), काला (Dark Night) और नीला (Arctic Blue) रंग आये हैं।

ये पढ़ें: Redmi Note 17 भारत में लॉन्च: 8,000mAh बैटरी मिल गई, पर बदले में क्या छोड़ना पड़ा?

Redmi Note 17 5G:स्पेसिफिकेशन

स्पेसिफिकेशनडिटेल
डिस्प्ले6.9-इंच AMOLED, FHD+ (1080 x 2396 पिक्सल, 375 ppi), 120Hz AdaptiveSync रिफ्रेश रेट, 240Hz टच सैंपलिंग रेट, 1,800 निट्स पीक ब्राइटनेस, DCI-P3 कलर गैमट, Widevine L1, 960Hz PWM डिमिंग, TÜV Rheinland Eye Care सर्टिफाइड, HydroTouch 2.0, Corning Gorilla Glass 7i, HDR सपोर्ट नहीं
प्रोसेसरQualcomm Snapdragon 4 Gen 4 (4nm), ऑक्टा-कोर, 2.3GHz तक, Adreno 613 GPU
रैम और स्टोरेज6GB / 8GB LPDDR4X रैम, 128GB UFS 2.2 स्टोरेज, हाइब्रिड सिम स्लॉट से माइक्रोSD एक्सपेंडेबल
प्राइमरी कैमरा50MP, f/1.8, 5P लेंस, अल्ट्रावाइड नहीं, डेप्थ सेंसर नहीं, 1080p@30fps वीडियो, OIS नहीं
फ्रंट कैमरा8MP, f/2.0, 1080p@30fps वीडियो
बैटरी और चार्जिंग8,000mAh सिलिकॉन-कार्बन बैटरी, Xiaomi Surge G1 बैटरी मैनेजमेंट चिप, Battery Health 4.0, 45W वायर्ड चार्जिंग (चार्जर बॉक्स में), 22.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग
ऑडियोनीचे की तरफ एक ही स्पीकर, 3.5mm हेडफोन जैक नहीं
बायोमेट्रिक्सऑप्टिकल इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर
बिल्ड और मज़बूतीप्लास्टिक फ्रेम और बैक, आगे Gorilla Glass 7i, IP65 रेटिंग
सॉफ्टवेयरAndroid 16 पर आधारित HyperOS 3, 4 साल OS अपडेट + 6 साल सिक्योरिटी पैच
कनेक्टिविटी5G, ड्यूल-बैंड Wi-Fi (802.11 a/b/g/n/ac), Bluetooth 5.1, NFC नहीं, IR ब्लास्टर, USB Type-C
साइज़ और वज़न169.70 x 79.14 x 8.4mm, 225 ग्राम
रंगStarlight Purple, Dark Night, Arctic Blue
कीमत₹27,999 (6GB+128GB) / ₹30,999 (8GB+128GB)

Redmi Note 17 5G रिव्यू: डिज़ाइन और बिल्ड

पिछले तीन हफ्ते से ज़्यादा समय से मेरे पास Starlight Purple वैरिएंट है, और काफी समय बाद किसी किफायती स्मार्टफोन पर मुझे इतना ध्यान खींचने वाला फिनिश देखने को मिला है। रोशनी के अलग अलग एंगल से पड़ने पर बैक पैनल का रंग हल्के गुलाबी और पर्पल के बीच बदलता रहता है

वहीँ फोन को रोशनी के सामने ज़रा घुमाने पर इसमें छिपा डिज़ाइन सामने आ जाता है, जो टूटते तारों से भरे आसमान जैसा लगता है। इस डिज़ाइन के साथ भी यहां मैट फिनिश है, जिससे उंगलियों के निशान भी नहीं पड़ते। कैमरा मॉड्यूल अब ऊपर बाईं तरफ एक चौकोर, पिल-शेप वाले हिस्से में बैठा है, जिसमें कैमरा सेंसर और फ्लैश के लिए दो गोल कटआउट दिए गए हैं, और मेरी नज़र में इसमें एक अलग, थोड़ा रेट्रो जैसा आकर्षण है।

डिज़ाइन के मामले में ये फोन Note 15 से पूरी तरह अलग रास्ता पकड़ता है (पिछली जनरेशन Note 15 ही थी, क्योंकि Redmi ने Note 16 नाम को पूरी तरह छोड़ दिया)। कोने गोल हैं, लेकिन प्लास्टिक फ्रेम और बैक दोनों फ्लैट हैं, जिनके हल्के मुड़े किनारे हाथ में पकड़ने पर आराम देते हैं। इसके बाद भी, एक हाथ से इस फोन को आराम से इस्तेमाल करना मुझसे एक बार भी नहीं हो पाया, क्योंकि करीब 7-इंच का डिस्प्ले सादी स्क्रॉलिंग से आगे किसी भी काम के लिए दोनों हाथ मांगता है।

I wouldn’t use the word “premium” for the phone’s build quality, but rather “solid.” At 169.70 x 79.14 x 8.4mm and 225 grams, this is a genuinely large phone.

इसकी बिल्ड क्वॉलिटी के लिए मैं “प्रीमियम” शब्द नहीं चुनूँगी, “सॉलिड” कहना ज़्यादा सही रहेगा। 169.70 x 79.14 x 8.4mm के साइज़ और 225 ग्राम वज़न के साथ ये सच में बड़ा फोन है।

हालांकि अच्छी चीज़ ये है कि 8,000mAh बैटरी के साथ ये ज़बरदस्ती स्लिम बनने की कोशिश नहीं करता। साथ ही इस बैटरी के साथ ये वज़न वाजिब है और संतुलित भी। मेरे हाथ में कभी ये फोन एक तरफ झुका हुआ महसूस नहीं हुआ।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

इसमें आगे Corning Gorilla Glass 7i की सुरक्षा मिलती है और धूल व पानी के छींटों से बचाव के लिए IP65 रेटिंग दी गई है। हालांकि इस सेगमेंट में तीन-तीन IP रेटिंग वाले फोन भी हैं, और यहाँ पानी से बचाव वाली एक बेहतर रेटिंग अच्छी लगती।

पावर बटन और वॉल्यूम रॉकर दायीं साइड पर हैं, जिनके क्लिक का फीडबैक अच्छा है। वहीँ टाइप-सी पोर्ट, स्पीकर और सिम ट्रे निचली साइड पर है।

बॉक्स में फोन के साथ 45W चार्जर, USB-C केबल, प्रोटेक्टिव केस, पहले से लगा स्क्रीन प्रोटेक्टर और सिम इजेक्टर टूल तक सब मिलता है।

Redmi Note 17 5G रिव्यू: डिस्प्ले

ये इस फोन के सबसे मज़बूत हिस्सों में से एक है। इसमें 6.9-इंच AMOLED पैनल इस्तेमाल हुआ है, जो Full HD+ रेज़ॉल्यूशन (1080 x 2396; 375 ppi), 120Hz AdaptiveSync रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट के साथ आता है।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

ये सच में अच्छी क्वॉलिटी वाला AMOLED डिस्प्ले है। Instagram की फोटो से लेकर YouTube के थंबनेल तक सब कुछ पंची और सही रंगों में नज़र आया, ब्लैक गहरे हैं, और कॉन्ट्रास्ट इतना अच्छा है कि तेज़ धूप में भी स्क्रीन आराम से देखी जा सकती है। हालांकि इसकी रेटेड पीक ब्राइटनेस 3,200 निट्स से घटकर 1,800 निट्स रह गई है, यानी ये सेगमेंट का सबसे ब्राइट AMOLED पैनल नहीं है।

हालांकि मुझे ये अच्छा लगा कि कंपनी ने AMOLED पैनल की जगह उतना ही ब्राइट IPS LCD डिस्प्ले देने के बजाय ब्राइटनेस के आंकड़ों में कटौती करना चुना। ये पैनल Widevine L1 सर्टिफाइड है, जिसका मतलब है कि Netflix और DRM वाले दूसरे ऐप स्टैंडर्ड डेफिनिशन पर सीमित होने के बजाय फुल HD में स्ट्रीम होते हैं। दूसरी तरफ इस फोन पर कहीं भी HDR सपोर्ट नहीं मिलता।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

साथ ही नीचे की चिन भी साइड व ऊपर के बेज़ेल से साफ तौर पर मोटी है, जो कंपनी ठीक कर सकती थी।

अतिरिक्त फीचरों में 960Hz PWM डिमिंग, DC डिमिंग, TUV Rheinland Eye Care सर्टिफिकेशन और HydroTouch 2.0 शामिल हैं, जिनकी वजह से गीली उंगलियों से टेस्ट करने पर भी स्क्रीन ने ठीक काम किया। इसका स्पीकर सेगमेंट का सबसे अच्छा स्पीकर नहीं है, खासकर तब जब दूसरे फोन स्टीरियो सेटअप दे रहे हैं।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

इसकी आवाज़ तेज़ है, जो हल्का-फुल्का वीडियो देखने के लिए अच्छी बात है, पर इसमें लो-एंड की कमी है। बायोमेट्रिक्स का काम ऑप्टिकल इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर संभालता है, जो सबसे तेज़ तो नहीं है पर पूरे रिव्यू के दौरान भरोसे के साथ चला।

Redmi Note 17 5G रिव्यू: परफॉरमेंस

Redmi Note 17 के सबसे प्रभावित करने वाले हिस्से से अब हम इसके सबसे निराश करने वाले हिस्सों में से एक पर आ रहे हैं, और वो है परफॉरमेंस।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

चिपसेट

इस फोन में Snapdragon 4 Gen 4 चिपसेट इस्तेमाल हुआ है, जो 4nm पर बना है और ऑक्टा-कोर CPU (2.3GHz तक क्लॉक) व Adreno 613 GPU के साथ आता है। शुरू में ही साफ हो जाता है कि Redmi Note 15 में इस्तेमाल हुए Snapdragon 6 Gen 3 के मुकाबले ये साफ डाउनग्रेड है। हालांकि मेरी नज़र में इसका दोष Redmi का नहीं है, क्योंकि मेमोरी, स्टोरेज और चिप की कीमतें इतनी ऊपर चली गई हैं कि कंपनियों को लागत एक हद के अंदर रखने के लिए जहाँ मुमकिन हो, वहाँ कटौती करनी पड़ रही है।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

रैम, स्टोरेज और रोज़मर्रा की परफॉरमेंस

मेरे पास आए रिव्यू यूनिट में 8GB LPDDR4X रैम के साथ 128GB UFS 2.2 स्टोरेज थी, और मेरी नज़र में ये दोनों बस काम चलाने भर के लिए काफी हैं। 8GB रैम बैकग्राउंड में सात से आठ हल्के ऐप को चला पाती है, वहीँ UFS 2.2 स्टोरेज रोज़मर्रा के काम के लिए तेज़ है, लेकिन इस सेगमेंट में आपको UFS 3.0 स्टोरेज वाले कई फोन मिल जाएंगे।

सोशल मीडिया स्क्रॉल करना, शो स्ट्रीम करना और कुछ ऐप के बीच स्विच करना, अगर आप कुछ स्टटर नज़रअंदाज़ कर दें, तो सब ठीक चलता है। लेकिन फोन को इससे आगे और थोड़ा पुश करें तो दरारें दिखने लगती हैं। भारी मल्टीटास्किंग में साफ हिचकिचाहट दिखी, और GeekBench के GPU टेस्ट चलाते वक्त ऐप दो बार क्रैश हुआ, और ऐसा होना मुझे लंबे समय से किसी और फोन पर याद नहीं आता।

सिंथेटिक बेंचमार्क

नीचे इस फोन के बेंचमार्क स्कोर दिए हैं, जो साफ दिखाते हैं कि Redmi Note 17 सेगमेंट के दूसरे फोनों से कितना पीछे चलता है।

बेंचमार्कRedmi Note 17 5G (Snapdragon 4 Gen 4)Vivo T5x (Dimensity 7400 Turbo)Motorola Edge 70 Fusion (Snapdragon 7s Gen 4)
AnTuTu स्कोर635291 (3D Bench Lite)962406 (3D Bench)1138456 (3D Bench)
स्टोरेज (स्कोर, रीड, राइट)68537; रीड: 1071.6 MB/s; राइट: 823.8 MB/s96802; रीड: 2168.8 MB/s; राइट: 1957.7 MB/s119279; रीड: 2112 MB/s; राइट: 2131 MB/s
Geekbench 6 CPUसिंगल-कोर: 954; मल्टी-कोर: 2305सिंगल-कोर: 991; मल्टी-कोर: 2685सिंगल-कोर: 1249; मल्टी-कोर: 3507
Geekbench 6 GPU (OpenCL)OpenCL: 445OpenCL: 3047; Vulkan: 3074OpenCL: 3566; Vulkan: 5074
3DMark Wildlife Extremeस्कोर: 189; औसत FPS: 1.11स्कोर: 1015; औसत FPS: 6.08स्कोर: 1200; औसत FPS: 7.19
3DMark स्ट्रेस टेस्ट (बेस्ट, सबसे नीचे, स्टेबिलिटी)194; 190; 97.9%1018; 1015; 99.7%1191; 1129; 94.8%

गेमिंग

गेमिंग भी इसी निराश करने वाले पैटर्न पर चलती है। Subway Surfers और Fruit Ninja जैसे हल्के गेम ठीक चले, लेकिन Call of Duty: Mobile और Battlegrounds Mobile India (BGMI) जैसे भारी गेम सिर्फ 60 fps तक ही उपलब्ध थे, और लंबे गेमिंग सेशन में मुझे परेशान करने वाले फ्रेम ड्रॉप भी दिखे।

ये कहना सही होगा कि ये फोन गेमर्स के लिए नहीं बना है और कंपनी ऐसा कोई दिखावा भी नहीं करती है। इसके अंदर 10,416mm² की ग्रेफाइट कूलिंग लेयर दी गई है, जो इतने साधारण चिप के लिए बड़ी कूलिंग सरफेस है, हालांकि इसका फायदा तुरंत मिलने वाली राहत से ज़्यादा लंबे समय की स्टेबिलिटी में दिखता है।

Redmi Note 17 5G रिव्यू: सॉफ्टवेयर

ये फोन Android 16 पर आधारित HyperOS 3 के साथ आता है।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

अगर आपने पिछले कुछ सालों में कोई Redmi फोन इस्तेमाल किया है, तो ये अनुभव जाना-पहचाना लगेगा, जिसमें साफ एनिमेशन, Xiaomi का Themes स्टोर, और Netflix, LinkedIn, Instagram व Spotify जैसे पहले से इंस्टॉल किए गए ठीक-ठाक ऐप (या ब्लोटवेयर) शामिल हैं।

Xiaomi ने एनिमेशन और ट्रांज़िशन को निखारा भी है, हालांकि इंटरफेस का लुक और फील साफ तौर पर iOS से प्रेरित है। कस्टमाइज़ेशन यहाँ की सबसे बड़ी ताकतों में से एक बना हुआ है, और वॉलपेपर व आइकन से लेकर विजेट और लॉक-स्क्रीन स्टाइल तक आप लगभग हर विजुअल हिस्सा बदल सकते हैं।

मुझे सच में जिस बात ने प्रभावित किया, वो सॉफ्टवेयर सपोर्ट पर Xiaomi की प्रतिबद्धता है। इस फोन को चार साल के Android OS अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी पैच मिलने चाहिए, यानी सिद्धांत रूप में ये फोन Android 20 (करीब 2032) तक पहुँच जाएगा।

हालांकि चिपसेट को लेकर मुझे चिंता है कि क्या ये कुछ साल बाद भी स्मूद और लैग-फ्री अनुभव दे पाएगा, क्योंकि Android के अपग्रेड कितने भी एफिशिएंट हों, नए फीचर जुड़ने की वजह से पिछली जनरेशन से थोड़े भारी ही होते हैं।

सॉफ्टवेयर में कुछ चीज़ें छूटी भी हैं। लॉक स्क्रीन पर डेप्थ इफेक्ट वाला वॉलपेपर फीचर नहीं मिलता, जो HyperOS वाले फोनों में अब आम हो चला है। और पहले से इंस्टॉल किए गए ज़्यादातर ऐप बिना झंझट हटाए जा सकते हैं, लेकिन Indus Appstore को अनइंस्टॉल नहीं किया जा सकता, और हटाए जा सकने वाले ब्लोटवेयर के ढेर से ये सीमा ज़्यादा खटकती है।

ये पढ़ें: POCO M8 Power रिव्यू: ₹25,000 से कम में लगभग सब कुछ, सिर्फ एक कसर रह गई

Redmi Note 17 5G रिव्यू: कैमरा

कीमत एक हद के अंदर रखने के लिए हुई कटौती की पहली बड़ी चोट चिपसेट पर पड़ी थी, और दूसरी साफ तौर पर कैमरों पर पड़ी है।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

इस फोन में पीछे एक ही 50MP कैमरा मिलता है, जो f/1.8 अपर्चर और 5P लेंस के साथ आता है, और इसके साथ न कोई अल्ट्रावाइड है, न डेप्थ सेंसर। आगे की तरफ 8MP का कैमरा f/2.0 अपर्चर के साथ मिलता है। वीडियो के मामले में दोनों 1080p@30fps पर सीमित हैं, और पूरे सिस्टम में कहीं 4K रिकॉर्डिंग या ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइज़ेशन नहीं है।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

आज ₹30,000 से नीचे के सेगमेंट में काफी फोन एक दूसरे अल्ट्रावाइड कैमरे के साथ आते हैं और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट देते हैं। असल में Samsung का Galaxy F70 Pro 5G प्राइमरी कैमरे पर OIS और एक अल्ट्रावाइड कैमरा, दोनों देता है, और इसके बेस वैरिएंट की कीमत फिर भी ₹25,000 से कम है।

बात करें इसकी कैमरा परफॉरमेंस की तो, दिन में नतीजे मेरी उम्मीद से बेहतर निकले। तस्वीरों में डिटेल बची रहती है, मुश्किल लाइटिंग में भी डायनामिक रेंज संभली रहती है, और मेरी नज़र में रंग नैचुरल रहते हैं, जो उस चटख, पंची लुक के बीच सही संतुलन बनाते हैं जो सोशल मीडिया पर अच्छा चलता है।

2x इन-सेंसर ज़ूम भी अच्छा काम करता है और नज़दीक से लिए गए शॉट इस लेवल पर डिजिटल ज़ूम की तरह बिखरे नहीं। पोर्ट्रेट मोड भी उम्मीद से बेहतर निकला, जिसमें बैकग्राउंड के गहरे हिस्सों में नॉइज़ तो दिखता है, पर एज डिटेक्शन सही लगती है और बोकेह इफेक्ट नैचुरल आता है।

अलग से दिया गया नाइट मोड हाइलाइट्स को उड़ाए बिना शैडो उठाने का ठीक-ठाक काम करता है, फिर भी लो-लाइट परफॉरमेंस सीन के हिसाब से ऊपर-नीचे हो सकती है।

8MP फ्रंट कैमरे से अच्छी रोशनी में आने वाली सेल्फी पूरी तरह काम की हैं, और Xiaomi के फोन सालों से जिस डिफॉल्ट स्मूदनिंग पर टिके हैं उसे आप कैमरा ऐप से बंद कर सकते हैं। हार्डवेयर सादा होने के बाद भी कैमरा सॉफ्टवेयर के फीचर पूरे हैं, और AI HDR, AI सीन डिटेक्शन, Dynamic Shots, AI बोकेह व AI एडिटर, ये सब यहाँ मौजूद हैं।

Redmi Note 17 5G रिव्यू: बैटरी लाइफ और चार्जिंग

बैटरी वो जगह है जहाँ Redmi Note 17 सच में अपनी भरपाई कर देता है। इसमें 8,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी इस्तेमाल हुई है, जो किसी भी Redmi Note में कंपनी की दी गई सबसे बड़ी बैटरी है। इसके साथ Xiaomi की अपनी Surge G1 बैटरी मैनेजमेंट चिप मिलती है, और लंबे समय तक क्षमता बनाए रखने के लिए Battery Health 4.0 नाम का एक और सिस्टम भी दिया गया है।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

रिव्यू के पूरे दौरान मैंने बची हुई बैटरी परसेंट के बारे में सोचना सच में छोड़ दिया। मैसेजिंग, सोशल मीडिया, स्ट्रीमिंग, नेविगेशन और हल्की फोटोग्राफी वाले औसत दिन में, दिन खत्म होने पर मेरे पास हर बार 40 से 50% बैटरी बची रहती थी, जो हल्के इस्तेमाल के साथ दूसरे दिन तक खींच लेने के लिए काफी है।

गेमिंग सेशन और आधा दर्जन बेंचमार्क चलाने वाले भारी दिनों में भी इस फोन ने चार्जर तक हाथ बढ़ाने की ज़रूरत के बिना पूरा दिन पार किया।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

Note 15 की 5,520mAh बैटरी के मुकाबले ये क्षमता में करीब 45% की छलांग है, और रोज़मर्रा के इस्तेमाल में ये फर्क सच में दिखता है।

एक बात मुझे अजीब लगी। 8,000mAh बैटरी होने के बाद भी इस फोन का स्क्रीन-ऑन टाइम करीब नौ से 10 घंटे पर ही रुक जाता है, जबकि मैंने इतनी ही बैटरी वाले ऐसे फोन इस्तेमाल किए हैं जो इससे ज़्यादा चलते हैं।

Redmi Note 17 5G रिव्यू

बॉक्स में 45W चार्जर आता है, और इसी अडैप्टर से पूरी चार्जिंग में मुझे करीब 90 मिनट लगे, जो सबसे तेज़ नहीं है पर बहुत धीमा भी नहीं है।

रिव्यू वर्डिक्ट: क्या आपको Redmi Note 17 5G खरीदना चाहिए?

Redmi Note 17 ऐसा फोन है जो एक चीज़ में शानदार होने का रास्ता चुनता है, और उसमें बड़ी हद तक सफल भी रहता है। 8,000mAh बैटरी अपने वादे पर सच में खरी उतरती है, और चार साल OS के साथ छह साल सिक्योरिटी अपडेट का वादा इसे लम्बे समय तक चलने वाला फोन बना देता है। AMOLED डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस पिछले साल के मुकाबले असल में गिरी है, इसके बाद भी ये चटख दिखता है और स्ट्रीमिंग व स्क्रॉलिंग वाले उस इस्तेमाल के लिए अच्छा काम करता है, जिसके लिए ये फोन साफ तौर पर बना है।

लेकिन इसके बदले में जो छूटा है, वो भी उतना ही असली है। Snapdragon 4 Gen 4 बेंचमार्क में अपने ही प्रीडेसेसर और Motorola Edge 70 Fusion जैसे सीधे मुकाबले वाले फोनों, दोनों से साफ पीछे रहता है, और ये फर्क उसी पल दिखने लगता है जब आप फोन पर भारी मल्टीटास्किंग या भारी गेम डालते हैं। कैमरा सिस्टम घटकर एक ही लेंस पर आ गया है और 4K रिकॉर्डिंग भी नहीं है, वहीँ जो लोग बहुत वीडियो देखते हैं, उनके लिए सिंगल स्पीकर एक कदम पीछे लगता है।

अगर आपकी प्राथमिकता ऐसा फोन है जो बस बंद न हो और सालों तक अपडेट पाता रहे, तो Note 17 ठीक यही देता है। अगर परफॉरमेंस या कैमरे में कई विकल्प आपके लिए ज़्यादा मायने रखते हैं, तो इस कीमत में पहले कहीं और देख लीजिए।

Smartprix ⭐ रेटिंग: 8.0/10

  • डिज़ाइन और बिल्ड: 8.75/10
  • डिस्प्ले: 8.5/10
  • स्पीकर: 7.5/10
  • सॉफ्टवेयर: 8.25/10
  • हैप्टिक्स: 8.0/10
  • बायोमेट्रिक्स: 8.5/10
  • परफॉरमेंस: 7.0/10
  • कैमरा: 7.0/10
  • बैटरी लाइफ और चार्जिंग: 8.5/10

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

ImageOTT and Theatre Release This Week: घर से थिएटर तक, इस हफ्ते छाएंगे ये धमाकेदार फिल्में और शो

एक नज़र में: OTT and Theatre Release This Week: इस हफ्ते काफी धमाकेदार मनोरंजन होने वाला है। इसकी शुरुआत 10 अगस्त को Kaun Banega Crorepati के 18वें सीज़न के साथ हो चुकी है। 15 अगस्त के मौके पर जब बाहर दिन में सब कुछ बंद होता है, तब आप घर में बैठकर परिवार के साथ …

ImageGoogle Pixel 11 सीरीज़ भारत में लॉन्च, मिलेंगे Tensor G6 चिप और नई HiLight लाइट जैसे फीचर्स

एक नज़र में: Google ने भारत में Pixel 11 सीरीज़ लॉन्च कर दी है, जिसमें Pixel 11, Pixel 11 Pro और Pixel 11 Pro XL शामिल हैं। तीनों फोन Google के इंडिया ऑनलाइन स्टोर, Flipkart और चुनिंदा ऑफलाइन स्टोरों से ऑर्डर किए जा सकते हैं, और इनकी रिटेल सेल 20 अगस्त से शुरू होगी। करीब ₹90,000 की शुरुआती …

Imagerealme 16x vs 15x: स्क्रीन और चिप वही हैं, तो ज़्यादा पैसे किस चीज़ के लिए?

realme 15x पिछले अक्टूबर में ₹16,999 की कीमत पर आया था। वहीँ realme 16x आज ₹27,999 पर आया है, और वो भी उसी 6GB+128GB कॉन्फिगरेशन में। इन दोनों फोनों में डिस्प्ले एक ही है, चिपसेट एक ही है, और बैटरी भी 7,000mAh की एक ही है। नए मॉडल के पास अपना बचाव है, और वो …

Imagerealme 16x 5G भारत में लॉन्च, मिलेगी 144Hz डिस्प्ले और 7,000mAh बैटरी

एक नज़र में: realme ने भारत में नया realme 16x 5G लॉन्च कर दिया है, जो पिछले साल आए realme 15x का सक्सेसर है। कंपनी ने इसे “Stay Smooth, Stay Unstoppable” टैगलाइन के साथ पेश किया है, और ₹26,000 से कम की शुरुआती कीमत में इसका पूरा ज़ोर बैटरी और उसकी उम्र पर है। इसमें …

ImageAirtel ने बंद किये 6 प्रीपेड प्लान, अब अनलिमिटेड कॉलिंग की शुरुआत महंगी पड़ेगी

एक नज़र में: Airtel ने एक साथ प्रीपेड प्लानों के काफी बड़े बैच पर कैंची चला दी है। आज हुए बदलाव किसी एक बड़े प्लान की कीमत बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई अलग-अलग कीमतों वाले प्लानों पर हुए हैं, और इनमें से कई Airtel की लाइनअप के ज़्यादा लोकप्रिय सस्ते विकल्पों में गिने …

Discuss

Be the first to leave a comment.