Motorola ने आज भारत में Moto G Max लॉन्च कर दिया है। ₹27,999 की कीमत पर इसमें आपको Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट, UFS 3.1 स्टोरेज और 7,000mAh बैटरी मिलेगी।
इसी कीमत पर Xiaomi का भी एक फोन इसी महीने भारतीय बाज़ार में आया है। Redmi Note 17 5G की खूबियाँ इससे थोड़ी अलग हैं, जिनमें 8,000mAh बैटरी, 1,800 निट्स ब्राइटनेस और बड़ी डिस्प्ले शामिल हैं।
ये दोनों फोन लगभग एक ही कीमत पर उपलब्ध हैं, लेकिन दोनों कंपनियों की अप्रोच में थोड़ा फर्क है। एक ने रफ्तार पर ज़ोर दिया है और दूसरे ने बैटरी और लंबे अपडेट पर। तो आइए जानते हैं कि आपके लिए इनमें से कौन सा बेहतर रहेगा।
ये पढ़ें: Moto G Max 7,000mAh बैटरी और Snapdragon 6s Gen 4 के साथ लॉन्च, जानें कीमत
Moto G Max vs Redmi Note 17 5G: स्पेसिफिकेशन
| स्पेसिफिकेशन | Moto G Max | Redmi Note 17 5G |
|---|---|---|
| डिस्प्ले | 6.72-इंच FHD+ LCD, 120Hz, 1,050 निट्स | 6.99-इंच FHD+ AMOLED, 120Hz, 1,800 निट्स |
| प्रोसेसर | Snapdragon 6s Gen 4 (4nm) | Snapdragon 4 Gen 4 (4nm) |
| रैम/स्टोरेज | 6GB LPDDR5X + 128GB UFS 3.1 | 6GB LPDDR4X + 128GB UFS 2.2 |
| रियर कैमरा | 50MP Sony LYT-600 + 8MP अल्ट्रा-वाइड | 50MP सिंगल |
| सेल्फी कैमरा | 32MP | 8MP |
| बैटरी/चार्जिंग | 7,000mAh, 30W | 8,000mAh, 45W |
| मज़बूती | IP64 + MIL-STD-810H | IP65 |
| सॉफ्टवेयर | Android 16, 2 OS + 3 साल सिक्योरिटी | Android 16 (HyperOS 3), 4 OS + 6 साल सिक्योरिटी |
| कीमत | ₹27,999 | ₹27,999 |
Moto G Max vs Redmi Note 17 5G: डिज़ाइन और डिस्प्ले

इन दोनों की डिस्प्ले FHD+ रेज़ॉल्यूशन के साथ आती है, लेकिन पैनल की तकनीक अलग है। Moto G Max में 6.72-इंच का LCD पैनल इस्तेमाल हुआ है, जो 391 PPI शार्पनेस के साथ आता है। Redmi Note 17 5G में 6.99-इंच का AMOLED पैनल मिलता है, जो 375 PPI पर थोड़ा पीछे है।
मेट्रो में खड़े होकर कोई वेब सीरीज़ का रात वाला सीन चलाइए, और LCD पर काला रंग गहरा काला नहीं, हल्का भूरा दिखने लगता है। AMOLED पर वही सीन साफ खुलता है। ब्राइटनेस में Redmi की स्क्रीन 1,800 निट्स तक जाती है, वहीँ Moto की स्क्रीन 1,050 निट्स HBM तक ही पहुँचती है।

सुरक्षा की दृष्टि से दोनों पर Corning Gorilla Glass 7i लगा है। इसके अलावा Moto G Max को IP64 रेटिंग के साथ MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन भी मिला है, लेकिन Redmi Note 17 5G पर IP65 रेटिंग दी गई है। यानी पानी की हल्की धार Redmi बेहतर झेलेगा, और गिरने व तापमान की टेस्टिंग सिर्फ Moto G Max ने पास की है।
हाथ में पकड़ने पर आपको Moto हल्का लगेगा। ये फोन 213 ग्राम का है और 8.6mm मोटा है। वहीँ Redmi Note 17 5G 225 ग्राम का है, और लगभग 7-इंच की स्क्रीन की वजह से इसे एक हाथ से चलाना छोटे हाथों के लिए मुश्किल रहता है।
स्क्रीन पर ज़्यादा वक्त बिताने वालों के लिए Redmi Note 17 5G बेहतर पैनल देता है।
Moto G Max vs Redmi Note 17 5G: परफॉरमेंस

इन दोनों के चिपसेट एक ही 4nm प्रोसेस पर बने हैं, लेकिन असल अंतर कोर में है। Moto G Max में Snapdragon 6s Gen 4 इस्तेमाल हुआ है, जिसमें चार Cortex-A78 कोर 2.4GHz पर चलते हैं। Redmi Note 17 5G के Snapdragon 4 Gen 4 में ऐसे सिर्फ दो कोर मिलते हैं, और बाकी छह धीमे Cortex-A55 कोर हैं।
Moto पर आपको LPDDR5X रैम के साथ UFS 3.1 स्टोरेज मिलेगी, वहीँ Redmi पर LPDDR4X रैम और UFS 2.2 स्टोरेज दी गई है। स्टोरेज का ये लेवल आपको रोज़ दिखेगा, क्योंकि ऐप खुलने, गेम लोड होने और फाइल कॉपी होने की रफ्तार इसी पर टिकी है।
हमारे रिव्यू में Redmi Note 17 5G का AnTuTu स्कोर 6,35,291 रहा। Geekbench 6 में इसका सिंगल-कोर स्कोर 954 और मल्टी-कोर स्कोर 2,305 दर्ज हुआ, वहीँ 3DMark Wildlife Extreme में इसका औसत सिर्फ 1.11 FPS निकला। भारी मल्टीटास्किंग में साफ हिचकिचाहट भी दिखी।
Redmi Note 17 5G में जायरोस्कोप सेंसर नहीं मिलता। BGMI या Call of Duty खेलते वक्त फोन को हल्का झुकाकर निशाना ठीक करने की आदत जिन लोगों को है, उन्हें ये विकल्प यहाँ मिलेगा ही नहीं। हमारे रिव्यू में ये दोनों गेम 60fps तक ही चले, और लंबे सेशन में फ्रेम ड्रॉप भी आए।
रफ्तार के मामले में Moto G Max साफ आगे है, और ये फर्क बेंचमार्क तक सीमित नहीं रहता।
ये पढ़ें: Redmi Note 17 5G रिव्यू: क्या 8,000mAh बैटरी इस सेगमेंट में इसकी जगह बचा पाएगी?
Moto G Max vs Redmi Note 17 5G: कैमरा

Moto G Max के बैक पैनल पर दो कैमरे दिए गए हैं, और Redmi Note 17 5G पर सिर्फ एक कैमरा मिलता है।
इन दोनों का प्राइमरी सेंसर 50MP का है और अपर्चर भी f/1.8 का ही है, लेकिन असल अंतर सेंसर के आकार का है। Moto का Sony LYT-600 सेंसर 1/1.95-इंच का है, वहीँ Redmi का सेंसर 1/2.76-इंच पर काफी छोटा है। बड़ा सेंसर ज़्यादा रोशनी लेता है, और कम रोशनी में यही बात काम आती है।
Moto G Max में इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी मिलता है, जो 119.5 डिग्री तक कवर करता है। घूमने निकलिए और किसी बड़ी इमारत के सामने पूरे परिवार की फोटो लेनी हो, तो अक्सर पीछे हटने की जगह नहीं बचती और आधी इमारत फ्रेम से बाहर रह जाती है। अल्ट्रा-वाइड लेंस उसी फ्रेम को पूरा कर देता है, और Redmi Note 17 5G पर आपको ये विकल्प नहीं मिलेगा।
सेल्फी के लिए Moto पर 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है, वहीँ Redmi पर सिर्फ 8MP का फ्रंट सेंसर मिलता है। वीडियो में भी Moto G Max 1440p तक रिकॉर्ड करता है, लेकिन Redmi Note 17 5G दोनों तरफ 1080p पर ही रुक जाता है।
हमारे रिव्यू में Redmi Note 17 5G की दिन की तस्वीरें उम्मीद से बेहतर निकलीं, रंग नैचुरल रहे और 2x इन-सेंसर ज़ूम भी ठीक काम करता दिखा। एक ही लेंस होने के बाद भी नतीजे कमज़ोर नहीं थे। दोनों फोनों की असली फोटो क्वॉलिटी में कितना फासला रहेगा, ये आमने-सामने के टेस्ट के बाद ही पक्का कहा जा सकेगा।
Moto G Max vs Redmi Note 17 5G: बैटरी और चार्जिंग

Redmi Note 17 5G में 8,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी मिलती है, जो 45W वायर्ड चार्जिंग के साथ आती है। Moto G Max में 7,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 30W TurboPower तक ही चार्ज होती है।
हमारे रिव्यू में Redmi Note 17 5G बॉक्स वाले 45W अडैप्टर से करीब 90 मिनट में पूरा चार्ज हुआ। उसी रिव्यू में मैसेजिंग, स्ट्रीमिंग और नेविगेशन वाले औसत दिन के बाद हर बार 40 से 50% बैटरी बची रह गई।
Motorola का दावा है कि Moto G Max एक चार्ज में 63 घंटे तक चल सकता है, और कंपनी के अनुसार इसकी बैटरी 1,000 चार्ज साइकल तक चलेगी। Xiaomi के अनुसार 1,600 साइकल के बाद भी Redmi Note 17 5G की बैटरी 80% क्षमता बनाए रखेगी। ये आंकड़े दोनों कंपनियों की अपनी लैब के हैं, और दोनों की टेस्टिंग की शर्तें एक जैसी नहीं हैं।
पहाड़ों की यात्रा पर निकलिए, जहाँ दिनभर सॉकेट मिलने का भरोसा नहीं होता, तो Redmi की बैटरी आपको ज़्यादा देर तक टिकाएगी। रिवर्स चार्जिंग भी सिर्फ इसी में मिलती है, जिससे आप 22.5W तक अपने ईयरबड्स चार्ज कर सकते हैं।
बड़ी बैटरी, तेज़ चार्जिंग और रिवर्स चार्जिंग, तीनों Redmi Note 17 5G के पास हैं।
सॉफ्टवेयर और अपडेट

अपडेट की पॉलिसी में इन दोनों का फासला सबसे बड़ा है। Motorola इस फोन पर आपको दो बड़े Android अपग्रेड और तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट देगी। Xiaomi चार साल के Android अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी पैच देगी, यानी ये फोन Android 20 और करीब 2032 तक पहुँच जाएगा।
ये फर्क बैंकिंग और UPI ऐप पर सीधा असर डालता है, क्योंकि सिक्योरिटी पैच बंद होने के बाद कई ऐप पुराने Android वर्ज़न पर चलना बंद कर देते हैं। तीन साल बाद वही फोन दोबारा खरीदना पड़ सकता है।
सॉफ्टवेयर के अनुभव में Moto G Max आगे रहता है। इस पर आपको लगभग स्टॉक Android मिलेगा, वहीँ HyperOS 3 पर पहले से इंस्टॉल ऐप ज़्यादा हैं। हमारे रिव्यू में Indus Appstore को अनइंस्टॉल न कर पाना एक खटकने वाली बात रही।
ये पढ़ें: Motorola G77 Power रिव्यू: बैटरी लंबी चलती है, पर अपग्रेड की लिस्ट बहुत छोटी है
कीमत

Moto G Max
- 6GB + 128GB: ₹27,999
खरीददारों को चुनिंदा बैंक ऑफर के ज़रिए ₹1,000 तक की छूट मिल सकती है, जिसके बाद प्रभावी कीमत ₹26,999 रह जाती है। इसकी सेल 20 अगस्त से शुरू होगी।
Redmi Note 17 5G
- 6GB + 128GB: ₹27,999
- 8GB + 128GB: ₹30,999
ये फोन अभी Amazon पर ₹27,999 में उपलब्ध है।
किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?
जिनके हाथ में फोन दिनभर चलता रहता है, कई ऐप एक साथ खुले रहते हैं और शाम को थोड़ी गेमिंग भी होती है, उनके लिए Moto G Max सही रहेगा। तेज़ कोर, UFS 3.1 स्टोरेज, जायरोस्कोप और दूसरा कैमरा, ये चारों चीज़ें आपको रोज़ काम आएंगी।
जो लोग फोन पर सबसे ज़्यादा वीडियो देखते हैं, चार्जर से दूर रहते हैं और एक ही फोन चार-पाँच साल चलाने का मन बना रहे हैं, उनके लिए Redmi Note 17 5G बेहतर सौदा है। AMOLED स्क्रीन, 8,000mAh बैटरी और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट इसी इस्तेमाल के लिए बने हैं। मैं भी यही चुनूँगी, क्योंकि परफॉरमेंस का फासला उतना रोज़ नहीं खलता जितना तीन साल बाद अपडेट बंद हो जाना खलेगा।
ये ज़रूर ध्यान रखें। Redmi Note 17 5G आज खरीदा जा सकता है, वहीँ Moto G Max की सेल 20 अगस्त से शुरू होगी।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।
































