10,001mAh या बड़ी बैटरी वाले फोन बन गए ट्रेंड, लेकिन क्या आपको खरीदना चाहिए? पैसे खर्च करने से पहले जान लें ये बात

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

स्मार्टफोन बाज़ार में इन दिनों एक अजीब होड़ चल रही है, और वो है बैटरी के नंबर की। कुछ साल पहले तक 5,000mAh बैटरी को ही “बड़ी बैटरी” माना जाता था। लेकिन अब Realme P4 Power जैसे फोन 10,001mAh की बैटरी के साथ आ चुके हैं, और 9,000mAh से 8,000mAh तो जैसे नया नॉर्मल बनते जा रहे हैं।

हर नए लॉन्च के साथ ये नंबर और ऊपर जा रहा है। तो सवाल दो हैं। पहला, ये रेस आख़िर कहां जाकर रुकेगी? और दूसरा, जो आपके-हमारे लिए ज़्यादा ज़रूरी है, क्या आपको सच में इतनी बड़ी बैटरी वाला फोन चाहिए भी? इन दोनों का जवाब ढूंढने से पहले ये समझना ज़रूरी है कि ये अचानक मुमकिन कैसे हुआ, क्योंकि असल कहानी यहीं से शुरू होती है।

ये पढ़ें: Upcoming Smartphones in July 2026 – जुलाई में लॉन्च होने वाले फोन

सिलिकॉन-कार्बन बैटरी: वो टेक्नोलॉजी जिसने ये सब मुमकिन किया

असल में ये कोई जादू नहीं, बल्कि बैटरी के अंदर हुआ एक बुनियादी बदलाव है। अब तक फोन की बैटरी के एनोड (वो हिस्सा जहां चार्ज जमा होता है) में ग्रेफाइट इस्तेमाल होता था। पिछले कुछ सालों में कंपनियों ने इसकी जगह सिलिकॉन-कार्बन का इस्तेमाल शुरू किया है।

स्मार्टफोन बैटरी

फर्क समझना आसान है। एक ग्राम सिलिकॉन, एक ग्राम ग्रेफ़ाइट के मुक़ाबले करीब 10 गुना ज़्यादा लिथियम आयन पकड़ सकता है। मतलब उतनी ही जगह में कहीं ज़्यादा क्षमता भरी जा सकती है। इसी को एनर्जी डेंसिटी कहते हैं, और यही वजह है कि अब बड़ी बैटरी के लिए फोन को मोटा या भारी बनाने की ज़रूरत नहीं पड़ती।

इसका सबसे साफ उदाहरण OnePlus 15 है। इसमें 7,300mAh की बैटरी है, फिर भी ये सिर्फ़ 8.1mm मोटा और 211 ग्राम का है, यानी पिछले OnePlus 13 से भी थोड़ा पतला, जिसमें इससे छोटी 6,000mAh बैटरी थी। उधर Realme ने तो पूरी 10,001mAh बैटरी को महज़ 9.1mm की बॉडी में फिट कर दिया।

स्मार्टफोन बैटरी

ये चलन 2023 में Honor Magic5 Pro से शुरू हुआ था, और तब से बैटरी में सिलिकॉन का इस्तेमाल तेज़ी से बढ़ा है, करीब 5% से 25% तक। आज Honor, Xiaomi, OnePlus, iQOO, vivo, Oppo और Realme सब इसी राह पर हैं।

अभी सबसे बड़ी बैटरी वाले फोन कौन से हैं?

नज़र डालिए तो पिछले एक साल में बड़ी बैटरी वाले फ़ोन की पूरी कतार लग गई है। भारत में मौजूद कुछ सबसे बड़ी बैटरी वाले फ़ोन ये हैं:

फोनबैटरीफास्ट चार्जिंग
Realme P4 Power10,001mAh80W
Realme Narzo Power10,001mAh80W
Vivo T5 Pro9,020mAh90W
Poco X8 Pro Max9,000mAh100W
OnePlus Nord CE 68,000mAh80W
Realme P4R 5G8,000mAh45W
OnePlus 157,300mAh120W
iQOO 157,000mAh100W

लेकिन इसकी एक कीमत भी है

अब आपको लगेगा कि ये सब कुछ फायदे का सौदा है, पर ऐसा नहीं है। सिलिकॉन की एक बड़ी दिक्कत ये है कि चार्जिंग के दौरान जब वो लिथियम सोखता है तो काफी फूल जाता है, कई गुना तक। इसी फूलने की वजह से समय के साथ बैटरी सेल पर दबाव पड़ता है, और यही कारण है कि कंपनियां पूरा एनोड सिलिकॉन का नहीं बनातीं, बल्कि कार्बन को एक सहारे की तरह उसमें मिलाती हैं।

स्मार्टफोन बैटरी

इसका असर बैटरी की उम्र (कितने साल तक ठीक चलेगी) पर पड़ सकता है, इसे बनाना महंगा भी है, और फिलहाल इसका ज़्यादातर प्रोडक्शन चीन तक सीमित है। कंपनियां दावा ज़रूर करती हैं कि उनकी नई बैटरियां हज़ारों चार्जिंग साइकल तक अपनी क्षमता बनाए रखती हैं, पर ये तकनीक अभी नई है और इसका असली इम्तिहान आने वाले सालों में होगा।

ये पढ़ें: Realme P4 Power रिव्यू – 10,001mAh बैटरी वाला फोन कैसा है

वैसे ये रेस बिल्कुल नई नहीं है

एक दिलचस्प बात ये है कि बैटरी की ये होड़ नई नहीं है, स्मार्टफोन के शुरुआती दौर से ही चली आ रही है। याद कीजिए Nokia 1100 जैसे फ़ीचर फोन का ज़माना। उसमें महज़ 850mAh की बैटरी होती थी, फिर भी वो हफ्ते-भर आराम से चल जाता था। वजह साफ थी, वो फोन बैटरी का इस्तेमाल करता ही बहुत कम था, न बड़ी स्क्रीन, न डेटा, न ऐप्स।

फिर स्मार्टफोन आए, और शुरुआती दौर में हाल इसका उलटा था। पहला iPhone हो या पहला Android फोन, बड़ी बैटरी के बावजूद उससे एक दिन निकालना मुश्किल था, क्योंकि उस समय के प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर बहुत ज़्यादा बैटरी खाते थे। तभी से कंपनियों ने हर चीज़ को बैटरी के लिहाज़ से बेहतर बनाने पर ज़ोर दिया।

इसीलिए ये थोड़ा हैरान करता है कि इतने सालों बाद हम फिर से उसी “ज़्यादा mAh” वाले दौर में लौट आए हैं। और इससे एक बात साफ होती है, बैटरी लाइफ सिफ mAh के नंबर से तय नहीं होती, फोन कितनी समझदारी से बिजली खर्च करता है, वो भी उतना ही मायने रखता है।

तो क्या आपको सच में इतनी बड़ी बैटरी चाहिए?

यही सबसे दिलचस्प सवाल है। iPhone और कई प्रीमियम फोन सालों से बिना इतनी बड़ी बैटरी के भी बढ़िया बैकअप देते आए हैं।

प्रीमियम फोनबैटरी
iPhone 17 Pro Max~4,800mAh
Samsung Galaxy S25 Ultra5,000mAh
Google Pixel 9 Pro4,700mAh

इतनी “छोटी” बैटरी के बावजूद, CNET के फरवरी 2026 के एक बैटरी टेस्ट में iPhone 17 Pro Max ने 9,000mAh तक की बैटरी वाले कई Android फ़ोन को पीछे छोड़कर पहला नंबर हासिल किया।

स्मार्टफोन बैटरी

ये कैसे हुआ? इसकी वजह वही बिजली की बचत है। छोटे 3nm प्रोसेसर कम बिजली में ज़्यादा काम करते हैं, LTPO डिस्प्ले ज़रूरत न होने पर अपना रिफ्रेश रेट घटाकर पावर बचाते हैं, और सॉफ्टवेयर की बारीक ट्यूनिंग बाकी काम कर देती है। Samsung का Galaxy S25 Ultra आज भी 5,000mAh पर टिका है, और उसकी बैटरी लाइफ की शायद ही कोई शिकायत करता हो।

हां, यहां एक बात का ध्यान रखना ज़रूरी है। सस्ते बड़ी-बैटरी वाले फोन अक्सर पैसे बचाने के लिए कम बचत करने वाले डिस्प्ले और प्रोसेसर देते हैं। ऐसे फोन में बड़ी बैटरी का लॉजिक समझ आता है, क्योंकि वहां बिजली की खपत को बड़ी क्षमता से पूरा किया जाता है।

फिर हर कंपनी ये क्यों कर रही है?

अगर बहुत बड़ी बैटरी हर किसी की ज़रूरत नहीं, तो सवाल है कि लगभग हर ब्रांड इसके पीछे क्यों भाग रहा है? इसका एक बड़ा जवाब मार्केटिंग है। आजकल फोन के लॉन्च साइकल बहुत छोटे हो गए हैं, हर कुछ महीने में नया मॉडल आता है, और कंपनी को हर बार ग्राहक को कुछ नया, कुछ आकर्षक देना होता है ताकि वो फोन चर्चा में बना रहे। और एक बड़ा mAh नंबर देना अब सबसे आसान काम है, खासकर तब जब नई बैटरी टेक्नोलॉजी ने इसे मुमकिन बना दिया है।

इंडस्ट्री का एक और मिज़ाज भी यहां दिखता है। यहां ट्रेंड झुंड में आते हैं। जब एक कंपनी नॉच लाई तो सब नॉच पर टूट पड़े, फिर फोल्डेबल फोन का दौर आया, फिर पतले फोन की होड़ लगी, और अब बारी बड़ी बैटरी की है।

पर ईमानदारी से कहें तो ये ट्रेंड बाकी कई ट्रेंड से थोड़ा अलग है। बैटरी लाइफ आज भी ज़्यादातर लोगों की सबसे बड़ी माँग है। तो ये सिर्फ एक मार्केटिंग स्टंट भर नहीं, एक हद तक ये लोगों की असली ज़रूरत का जवाब भी है।

स्मार्टफोन बैटरी

किसे खरीदना चाहिए, और किसे नहीं

अगर आप हैवी यूज़र हैं और बजट भी सीमित है. साथ ही दिन-भर गेमिंग या ट्रैवल करते हैं, या ऐसी जगह रहते हैं जहां बार-बार चार्जिंग का मौका नहीं मिलता, तो 7,000mAh या उससे बड़ी बैटरी वाला फोन सच में आपकी ज़िंदगी आसान कर सकता है।

लेकिन अगर आप आम यूज़र हैं और चार्जिंग की सुविधा आसानी से मिल जाती है, तो एक अच्छे प्रोसेसर के साथ 5,000 से 6,000mAh का फोन भी आराम से आपका पूरा दिन निकाल देगा। सिर्फ बड़े नंबर के पीछे मत भागिए। चार्जिंग स्पीड, प्रोसेसर और डिस्प्ले भी उतने ही मायने रखते हैं। कई बार छोटी बैटरी वाला समझदारी से बना फोन, बड़ी बैटरी वाले फोन से बेहतर बैकअप दे जाता है।

रही बात ये कि रेस कहां रुकेगी, तो कंपनियां अभी 12,000mAh और उससे भी आगे की बैटरी पर काम कर रही हैं। पर असली सवाल शायद ये नहीं कि नंबर कहां तक पहुंचेगा, बल्कि ये कि हमें उसकी ज़रूरत कहां तक है।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

ImageSamsung का नया टीज़र आउट – “New Shape” के पीछे छिपा है नया और चौड़ा Galaxy Z Fold8

Samsung ने आने वाली Galaxy Z Fold सीरीज़ के लिए अपना टीज़र कैंपेन आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया है, और इस बार कंपनी की पूरी नज़र एक ही डिवाइस पर टिकी दिख रही है – Galaxy Z Fold8। अब तक Samsung अपने Instagram और YouTube चैनलों पर छह टीज़र वीडियो शेयर कर चुका है, …

Image₹20,000 से कम में दमदार बैटरी वाले 5G फोन: बार-बार चार्ज करने की टेंशन खत्म

शाम के पाँच बजते-बजते बैटरी 15% पर आ जाए, और आप मीटिंग, मैसेज या रास्ते में Google Maps के बीच चार्जर ढूँढते फिरें, ये परेशानी अब लगभग सबकी है। 5G ऑन, दिनभर रील्स, थोड़ी गेमिंग और कैमरा, बैटरी इन सबको बहुत तेज़ी से पी जाती है। ऊपर से गर्मी और बिजली कटौती के दिनों में …

Imageअब आपके कुत्ते या बिल्ली खुद बताएँगे उन्हें क्या चाहिए? ये नया गैजेट समझायेगा जानवरों की भाषा

पालतू जानवरों से बात करने की कोशिश लगभग हर उस व्यक्ति की इच्छा है, जिसने कोई पेट रखा हुआ है या जिसे जानवरों से बेहद प्यार है। कोई अपने पालतू कुत्ते की आंखों से उसकी ज़रूरत समझने की कोशिश करता है, तो कोई बिल्ली की म्याऊं सुनकर अंदाज़ा लगाता है कि उसे खाना चाहिए या …

Image₹30,000 से कम में कैमरा और बैटरी दोनों चाहिए? ये फोन खरीदें, इनसे बचें

₹30,000 से कम में नया फोन खरीदते समय 2026 में सबसे बड़ी दिक्कत यही है कि हर फोन किसी न किसी जगह समझौता करवाता है। अगर आप सबसे लंबी बैटरी चाहते हैं, तो कई बार कैमरा लो लाइट में निराश कर देता है। अगर आपको अच्छा पोर्ट्रेट कैमरा और बेहतर सेल्फी समेत बेस्ट कैमरा फोन …

ImageSamsung Galaxy M17e 5G लॉन्च: ₹13K में 6 साल अपडेट वाला फोन, लेकिन क्या ये सही डील deal है?

₹15,000 से कम में फोन खरीदते समय आमतौर पर आपको एक समझौता करना पड़ता है। या तो बैटरी बेहतर मिलेगी, या परफॉर्मेंस, या फिर सॉफ्टवेयर सपोर्ट। Samsung इस बार Galaxy M17e 5G के साथ थोड़ा अलग दांव खेलता दिख रहा है। कंपनी ने इस फोन को भारत में लॉन्च कर दिया है, और पहली नज़र …

Discuss

Be the first to leave a comment.