realme 16x vs 15x: स्क्रीन और चिप वही हैं, तो ज़्यादा पैसे किस चीज़ के लिए?

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

realme 15x पिछले अक्टूबर में ₹16,999 की कीमत पर आया था। वहीँ realme 16x आज ₹27,999 पर आया है, और वो भी उसी 6GB+128GB कॉन्फिगरेशन में। इन दोनों फोनों में डिस्प्ले एक ही है, चिपसेट एक ही है, और बैटरी भी 7,000mAh की एक ही है।

नए मॉडल के पास अपना बचाव है, और वो असली है। realme 16x आपको Android 16 पर realme UI 7.0 के साथ मिलता है, इसमें 5,300mm² का AirFlow वेपर चैंबर मिलता है, और realme इस पर छह साल तक बैटरी हेल्थ 80% से ऊपर रहने का दावा करती है। 2026 में रैम और स्टोरेज के दाम पूरी इंडस्ट्री में चढ़े हैं, इसलिए कीमत बढ़ाना अकेले realme का फैसला नहीं है।

लेकिन इन कारणों के बाद भी सवाल कीमत का नहीं है। सवाल ये है कि कीमत बढ़ने के साथ-साथ क्या realme 15x के मुकाबले में फीचरों में भी कटौती हुई है?

ये पढ़ें: realme 16x 5G इस दिन होगा लॉन्च। 7,000mAh बैटरी के साथ फिर वही फॉर्मूला

realme 16x vs 15x: स्पेसिफिकेशन

फीचरrealme 16x 5Grealme 15x 5G
डिस्प्ले6.81″ HD+ LCD, 144Hz6.81″ HD+ LCD, 144Hz
प्रोसेसरDimensity 6300 (6nm)Dimensity 6300 (6nm)
रैम / स्टोरेज4GB / 6GB, LPDDR4X, UFS 2.26GB / 8GB, LPDDR4X, UFS 2.2
रियर कैमरा50MP f/1.850MP f/1.8 + 2MP डेप्थ
सेल्फी कैमरा8MP f/2.050MP f/2.4
बैटरी / चार्जिंग7,000mAh, 45W7,000mAh, 60W
मज़बूतीIP65, MIL-STD-810HIP69 Pro, MIL-STD-810H
सॉफ्टवेयरAndroid 16, realme UI 7.0Android 15, realme UI 6.0
लॉन्च कीमत₹25,999 से₹16,999 से

realme 16x vs 15x: डिस्प्ले और परफॉरमेंस

डिस्प्ले इन दोनों फोनों में बिलकुल एक जैसी ही है। दोनों फोनों में 6.81-इंच का HD+ LCD पैनल है, जो 1570×720 रेज़ॉल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है। PPI भी दोनों का 254 ही है। इसके अलावा दोनों में आपको 6nm वाला Dimensity 6300 चिपसेट ही मिलेगा, जिसमें दो Cortex-A76 और छह Cortex-A55 कोर हैं। इसके साथ LPDDR4X रैम और UFS 2.2 स्टोरेज, ये भी दोनों में एक जैसी हैं।

मतलब ये कि दस महीने के अंतराल और ₹11,000 महंगे होने के बाद भी आपको इस नए फोन में ऐप उतनी ही तेज़ी से खुलते दिखेंगे, गेम उतनी ही देर में लोड होंगे, और स्क्रीन पर छोटे अक्षर उतने ही सॉफ्ट दिखेंगे।

दाम बदला है, अनुभव नहीं।

realme 16x vs 15x: बैटरी और चार्जिंग

बैटरी दोनों में 7,000mAh की है, तो अंतर केवल चार्जर का है। realme 15x पर आपको 60W SUPERVOOC चार्जिंग मिलती थी, और बॉक्स में 80W का अडैप्टर उपलब्ध था। दूसरी तरफ, realme 16x में चार्जिंग स्पीड 45W SUPERVOOC पर आ गई है। बैटरी का आकार वही है और चार्जर छोटा हो गया है, तो चार्ज होने का समय बढ़ेगा।

इसके अलावा बायपास चार्जिंग और 6.5W रिवर्स चार्जिंग, ये दोनों फीचर नए मॉडल में भी मौजूद हैं।

हालांकि नए मॉडल realme 16x के साथ कंपनी का जवाब बैटरी की उम्र है। realme का दावा है कि छह साल बाद भी इसकी हेल्थ 80% से ऊपर रहेगी और ये 1,600 चार्ज साइकिल झेलेगी। 15x के लिए कंपनी ने ऐसा कोई आंकड़ा नहीं दिया था।

realme 16x vs 15x: कैमरा

realme 15x 5G Launched With Dimensity 6300 SoC, 50MP Primary Camera, & 7,000 mAh Battery: Check Details Here

अब बात करते हैं कैमरा की। रियर पैनल पर दोनों में 50MP f/1.8 का सेंसर है। लेकिन असली कटौती आगे हुई है। realme 15x का फ्रंट कैमरा 50MP का था, जिसमें OV50D40 सेंसर और f/2.4 अपर्चर मिलता था, और उसमें अल्ट्रा-वाइड मोड भी था। वहीँ realme 16x में केवल 8MP f/2.0 का कैमरा दिया गया है और उसका फील्ड ऑफ व्यू 80° तक ही जाता है।

फर्क वीडियो कॉल पर नहीं, ग्रुप सेल्फी पर दिखेगा। चार-पाँच लोगों को एक फ्रेम में लाना हो, तो 15x पर आप अल्ट्रा-वाइड मोड में जा सकते थे। 16x पर आपको हाथ पीछे करना पड़ेगा, और बाद में क्रॉप करने की गुंजाइश 8MP में उतनी नहीं बचती।

एक और अंतर ये भी है कि 15x में 50MP के साथ एक 2MP डेप्थ सेंसर भी था, और 16x में वो भी हटा दिया गया है। लेकिन 2MP डेप्थ सेंसर पोर्ट्रेट में कोई खास काम नहीं करता, तो इसे कटौती में गिनना गलत होगा। realme ने 15x के रियर सेंसर का नाम बताया था, 16x का अभी नहीं बताया है। दोनों की असली फोटो क्वॉलिटी में कितना फासला रहेगा, ये रिव्यू के बाद ही पक्का कहा जा सकेगा।

ये पढ़ें: POCO M8 Power vs Samsung Galaxy F70 Pro: तीन दिन की बैटरी या छह साल के अपडेट?

realme 16x vs 15x: रैम, स्टोरेज और मज़बूती

15x के मुकाबले में realme 16x में एक और बड़ी कटौती हुई है, जहाँ कम लोगों का ध्यान जाता है। realme 15x का सबसे सस्ता वेरिएंट 6GB+128GB था, लेकिन realme 16x का सबसे सस्ता वेरिएंट 4GB+128GB है। तो कुल मिलाकर आप अगर ये देखें कि शुरूआती कीमत कितनी बढ़ी है, तो भी ध्यान दें कि रैम भी कम की गयी है। इसके अलावा 16x में 8GB वाला कोई विकल्प ही नहीं है, जो 15x में मौजूद था।

4GB पर परफॉरमेंस में फर्क आपको रोज़ दिखेगा। WhatsApp पर चैट खुली है, आप UPI ऐप में जाकर पेमेंट करते हैं, और लौटकर वही चैट फिर से लोड होती दिखती है।

रेटिंग में भी 15x आगे था। उस पर IP69 Pro रेटिंग थी, यानी IP66, IP68, IP69 और IP69K, चारों। realme 16x पर आपको IP65 रेटिंग मिलती है। बहते नल के नीचे फोन धोना 15x पर चल जाता था, लेकिन 16x पर वो छूट नहीं है। हालांकि MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन दोनों फोनों में है।

सॉफ्टवेयर और अपडेट

इस एक सेक्शन में नया मॉडल आगे है। realme 16x Android 16 पर realme UI 7.0 के साथ आता है, और realme इस पर आपको 2 साल के OS अपडेट और 3 साल के सिक्योरिटी पैच देगी। realme 15x Android 15 पर realme UI 6.0 के साथ आया था।

आज 15x खरीदने का मतलब है, एक पीढ़ी पुराने Android से शुरुआत करना। उसकी अपडेट की गिनती भी दस महीने पहले शुरू हो चुकी है।

कीमत

realme 16x 5G (लॉन्च कीमत)

  • 4GB+128GB – ₹25,999
  • 6GB+128GB – ₹27,999
  • 6GB+256GB – ₹30,999

लॉन्च ऑफर में आपको इन सभी मॉडलों पर ₹2,000 की सीधी छूट मिलेगी। इसके अलावा ₹3,000 तक का एक्सचेंज बोनस और 10 महीने तक की नो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी है।

realme 15x 5G (लॉन्च कीमत, 1 अक्टूबर 2025)आज की कीमत (अगस्त 2026)
6GB+128GB6GB+128GB – ₹16,999₹18,999
8GB+128GB8GB+128GB – ₹17,999₹22,999
8GB+256GB8GB+256GB – ₹19,999₹27,999

आप यहां कह सकते हैं कि टॉप वैरिएंट में केवल 3,000 रुपए का अंतर है, लेकिन यहां पुराने मॉडल में रैम भी बड़ी है। अगर आप वास्तव में कीमत की तुलना कर रहे हैं तो 6GB+128GB पर कीजिये, जिसमें 16x की कीमत ₹27,999 है, वहीँ realme 15x का ये वैरिएंट ₹16,999 में लॉन्च हुआ था, और अब भी इसकी कीमत ₹18,999 ही है। टॉप वेरिएंट भी 15x का 8GB+256GB ₹19,999 में आया था, जबकि 16x का 6GB+256GB ₹30,999 का है।

ये पढ़ें: Redmi Note 17 भारत में लॉन्च: 8,000mAh बैटरी मिल गई, पर बदले में क्या छोड़ना पड़ा?

किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?

अगर आप चार्जिंग की रफ्तार, ग्रुप सेल्फी और पानी से बचाव को अहमियत देते हैं, तो realme 15x आपको कम पैसों में ज़्यादा हार्डवेयर देगा। ₹18,999 पर आपको 60W चार्जिंग, 50MP फ्रंट कैमरा, IP69 Pro रेटिंग और 6GB रैम, चारों मिल जाएंगी।

realme 16x उन लोगों के लिए है जो एक फोन चार-पाँच साल चलाने की सोच रखते हैं। Android 16 से शुरुआत, तीन साल के सिक्योरिटी पैच और छह साल की बैटरी हेल्थ का दावा, ये तीनों लंबी दौड़ की चीज़ें हैं।

मेरी सलाह यही है कि अगर आपका बजट ₹20,000 के आसपास है, तो 15x आज भी ज़्यादा समझदारी का सौदा है। और अगर आप ₹26,000 खर्च करने का मन बना रहे हैं, तो इसी दाम पर AMOLED स्क्रीन और तेज़ चिपसेट वाले फोन भी बाज़ार में मौजूद हैं।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

Imagevivo S2 vs Redmi Turbo 5: कर्व्ड डिस्प्ले या दोगुनी रफ्तार, किसके लिए कौन सा सही?

vivo S2 vs Redmi Turbo 5: ₹40,000 के आसपास एक अच्छा फोन ढूंढ रहे हैं, तो हाल ही में दो फोन सामने आये हैं, जो सीधे एक दूसरे के सामने आ खड़े हुए हैं। एक है अभी लॉन्च हुआ vivo S2, जिसके साथ vivo की S-सीरीज़ करीब सात साल बाद भारत लौटी है, और जिसका …

ImageVivo T5e vs Realme C100x: ₹14,000 में आपके लिए कौन सा फोन सही?

Vivo T5e vs Realme C100x: अगर आपका बजट ₹14,000 के आसपास है और आप एक भरोसेमंद 4G फोन ढूंढ रहे हैं, तो इन दिनों दो नाम सीधे आमने-सामने हैं, Vivo T5e और Realme C100x। दोनों हाल ही में भारत में लॉन्च हुए हैं, दोनों की कीमत लगभग बराबर है, और दोनों ही एक जैसे खरीददार …

ImageOnePlus N6x vs OnePlus N6: चिपसेट एक ही है, तो ज़्यादा पैसे देने पर क्या मिलेगा?

OnePlus N6x vs OnePlus N6: ₹20,000 से कम का सेगमेंट इस समय बड़ी बैटरी वाले फोनों से भरा हुआ है, और अब OnePlus ने यहां अपने दो फोन एक ही महीने के अंतराल पर उतार दिए हैं। OnePlus N6 30 जून को आया था और कंपनी की बजट N-सीरीज़ का पहला नाम बना, जिसकी सबसे …

ImageRealme 16x 5G की बैटरी डिटेल लीक: भारत में मिलेगी ग्लोबल वर्ज़न से बड़ी बैटरी, लेकिन 15x से कम मिलेगी एक चीज़

Realme 16x 5G भारत में लॉन्च होने की तैयारी में है, और इससे पहले इसकी बैटरी से जुड़ी एक नई जानकारी सामने आई है। टिपस्टर PassionateGeekz ने 29 जुलाई को X पर दावा किया है कि इस फोन के भारतीय वर्ज़न में 7,000mAh की बैटरी दी जाएगी, जबकि ग्लोबल वर्ज़न 6,600mAh बैटरी के साथ आता …

ImageOPPO ने K14 और A6 सीरीज़ के दाम फिर बढ़ाए, अब पाँच मॉडल ₹2,000 तक महंगे

एक नज़र में: OPPO ने भारत में K14x, K14, A6c 4G, A6 और A6 Pro, इन पाँचों फोनों की कीमतें एक बार फिर बढ़ा दी हैं। इन फोनों के स्पेसिफिकेशन जस के तस हैं, बदली है सिर्फ कीमत। अब आपको इनमें से किसी भी मॉडल के लिए पहले से ज़्यादा पैसे देने होंगे। नीचे हर …

Discuss

Be the first to leave a comment.

Related Products