एक नज़र में :
- डिलीट की गई Instagram Reel, फोटो और वीडियो 30 दिन तक Recently deleted फोल्डर में रहते हैं, और इस दौरान आप उन्हें वापस प्रोफाइल पर ला सकते हैं।
- Story के लिए ये मोहलत सिर्फ 24 घंटे की है, अगर वो आपके Stories Archive में सेव नहीं है, इसलिए Archive वाली सेटिंग ON रखना फायदेमंद है।
- DM में डिलीट किए गए मैसेज वापस नहीं आते, और Recently deleted फोल्डर कंप्यूटर पर नहीं, सिर्फ फोन और टैबलेट की ऐप में खुलता है।
Instagram पर जिस Reel या पोस्ट को आप डिलीट करते हैं, वो उसी पल नहीं मिटती, बल्कि अगले 30 दिन तक आपके ही अकाउंट के Recently deleted फोल्डर (Instagram Recently Deleted) में पड़ी रहती है। इन 30 दिनों में कुछ टैप करके आप उसे दोबारा अपनी प्रोफाइल पर ला सकते हैं। Instagram ने ये फोल्डर 3 फरवरी 2021 को शुरू किया था। कंपनी के अनुसार इसकी वजह ये थी कि हैकर अकाउंट में घुसकर लोगों की पोस्ट मिटा देते थे, और उन्हें वापस पाने का कोई आसान रास्ता नहीं था।
हालांकि हर चीज़ को 30 दिन नहीं मिलते। जो Story आपके Archive में सेव नहीं है, वो डिलीट होने के बाद सिर्फ 24 घंटे इस फोल्डर में रहती है। वहीँ DM में डिलीट किए गए मैसेज तो इस फोल्डर तक पहुंचते ही नहीं। आइए जानते हैं कि Recently deleted तक कैसे पहुंचें, Story के लिए कौन सी सेटिंग अभी ON करनी चाहिए और 30 दिन बाद क्या वापस नहीं आएगा।
ये पढ़ें: Story डालने के बाद दिखी गलती? Instagram पर अब 15 मिनट तक कर सकेंगे Edit
Instagram Recently Deleted से Reel और Post वापस कैसे लाएं
ये तरीका Android और iPhone, दोनों की Instagram ऐप में एक जैसा है।
- Instagram ऐप खोलें और नीचे दाईं तरफ अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें।
- ऊपर दाईं तरफ तीन लाइन वाले Menu (☰) पर टैप करें।
- How you use Instagram के नीचे Your activity चुनें।
- Removed and archived content के नीचे Recently deleted खोलें।
- ऊपर के टैब में से Posts, Reels and videos या Stories चुनें।
- जिस Reel या पोस्ट को वापस लाना है, उस पर टैप करें।
- Options (⋮) में Restore चुनें और दोबारा Restore दबाएं।

मतलब Restore दबाते ही वो Reel फिर से आपकी प्रोफाइल पर दिखने लगती है।
ऐप के वर्ज़न के हिसाब से मेन्यू के नाम थोड़े अलग दिख सकते हैं।
मान लीजिए भाई की शादी की Reel आपने ड्राफ्ट समझकर जल्दबाज़ी में डिलीट कर दी, और फोन की गैलरी से भी वो क्लिप पहले ही हट चुकी है। ऐसे में Recently deleted से Restore करते ही वही Reel दोबारा आपकी प्रोफाइल पर लौट आती है।
ये पढ़ें: किसी का Deleted Instagram पोस्ट या स्टोरी कैसे देखें? जानिए आसान तरीके
Story के लिए सिर्फ 24 घंटे, अभी ON करें ये Archive सेटिंग
Story वापस लाने के स्टेप्स भी यही हैं, बस Recently deleted में Stories टैब चुनना होता है।
लेकिन Instagram के अनुसार जो Story आपके Archive में नहीं है, उसे डिलीट होने के बाद सिर्फ 24 घंटे मिलते हैं।
वहीँ Archive से डिलीट की गई Story को बाकी कंटेंट की तरह 30 दिन मिलते हैं।
इसलिए ये सेटिंग एक बार चेक कर लें:
- प्रोफाइल पर जाकर Menu (☰) पर टैप करें।
- Your activity में जाकर Archived खोलें।
- ऊपर दाईं तरफ Options (⋮) पर टैप करके Settings चुनें।
- Save story to archive के आगे वाला टॉगल ON कर दें।

इसके बाद आपकी हर Story अपने आप Archive में सेव होती रहेगी।
Archive की Stories सिर्फ आपको दिखती हैं, जब तक आप खुद उन्हें शेयर न करें।
हालांकि Instagram के अनुसार Stories Archive और Highlights हर अकाउंट पर उपलब्ध नहीं हैं।
किस कंटेंट को Instagram Recently Deleted में कितने दिन मिलते हैं
| कंटेंट | फोल्डर में कितने समय | कौन से टैब में मिलेगा |
|---|---|---|
| फोटो पोस्ट | 30 दिन | Posts |
| Reel और वीडियो | 30 दिन | Reels and videos |
| Archive में सेव Story | 30 दिन | Stories |
| Archive से बाहर की Story | 24 घंटे | Stories |
| DM के मैसेज | फोल्डर में नहीं आते | कोई टैब नहीं |
यानी डिलीट हुई Story को 24 घंटे मिलेंगे या 30 दिन, ये आपका Archive तय करता है।
30 दिन बाद क्या वापस नहीं आएगा
- 30 दिन से पुरानी पोस्ट और Reel: ये फोल्डर से अपने आप हट जाती हैं।
- 24 घंटे से पुरानी Story: Archive में न हो, तो ये फोल्डर से भी हट जाती है।
- DM में डिलीट किए मैसेज: Instagram साफ कहता है कि ये रिस्टोर नहीं होते।
- चैट में भेजी गई पोस्ट: डिलीट होते ही ये उन चैट से भी हट जाती है।
- Archive में Story का म्यूज़िक: स्टोरेज बचाने के लिए कुछ फोटो Stories का म्यूज़िक स्टिकर म्यूट हो सकता है।
Instagram के अनुसार म्यूज़िक या GIF में हुआ ये बदलाव स्थायी होता है।
कंपनी के Help Center के अनुसार डिलीट की पूरी प्रक्रिया में 90 दिन तक लग सकते हैं।
लेकिन ऐप से कंटेंट लौटाने के लिए आपके पास 30 दिन ही होते हैं।
यानी जो Story आपके लिए कीमती है, उसकी कॉपी फोन में भी रखें।
इसके लिए Archive खोलें, Story चुनें और Options में Save photo या Save video पर टैप करें।
Instagram Recently Deleted में Reel न दिखे तो ये वजह हो सकती है
- 30 दिन पूरे हो चुके हैं: इतना पुराना कंटेंट फोल्डर में नहीं दिखता।
- ऐप पुरानी है: ये फोल्डर ऐप के नए वर्ज़न में ही दिखता है, इसलिए पहले ऐप अपडेट करें।
- आप कंप्यूटर पर हैं: ये फीचर सिर्फ Android, iPhone और iPad ऐप में मिलता है।
- हाल में कुछ डिलीट नहीं हुआ: तब Recently deleted का विकल्प दिखता ही नहीं।
ये चारों वजहें Instagram Help Center भी बताता है, इसलिए फोल्डर खाली दिखे तो पहले ऐप अपडेट करके दोबारा देखें।
अकाउंट हैक होकर Reels डिलीट हुई हों तो
अगर हैकर ने आपकी Reels मिटाई हैं, तो अकाउंट वापस मिलने पर 30 दिन के अंदर इन्हें यहीं से लौटा सकते हैं।
Instagram ने 2021 में बताया था कि रिस्टोर या पक्का डिलीट करने से पहले वो अकाउंट होल्डर की पहचान जांचेगा।
इसके लिए आपके फोन नंबर या ईमेल पर कोड आ सकता है।
कंपनी के अनुसार इससे हैकर आपकी पोस्ट हमेशा के लिए नहीं मिटा पाते।
साथ ही, कोई पोस्ट बस कुछ दिन छुपानी हो, तो उसे डिलीट करने की जगह Archive करें।
Archive की गई पोस्ट फॉलोअर्स को नहीं दिखती, और आप जब चाहें उसे वापस प्रोफाइल पर ला सकते हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
क्या Highlights से हटाई गई Story भी वापस आती है?
हां, Highlights और Story Archive से डिलीट की गई Stories भी Recently deleted के Stories टैब में मिलती हैं।
क्या किसी और की डिलीट की गई Reel देख सकते हैं?
नहीं, Recently deleted का कंटेंट दूसरे यूज़र्स को नहीं दिखता। ये सिर्फ अकाउंट के मालिक को दिखता है।
क्या Instagram Recently Deleted से कंटेंट तुरंत हमेशा के लिए मिटा सकते हैं?
हां, Options में Delete चुनकर दोबारा Delete दबाएं, तो 30 दिन का इंतज़ार नहीं करना पड़ता।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।


































