vivo S2 vs Redmi Turbo 5: कर्व्ड डिस्प्ले या दोगुनी रफ्तार, किसके लिए कौन सा सही?

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

vivo S2 vs Redmi Turbo 5: ₹40,000 के आसपास एक अच्छा फोन ढूंढ रहे हैं, तो हाल ही में दो फोन सामने आये हैं, जो सीधे एक दूसरे के सामने आ खड़े हुए हैं। एक है अभी लॉन्च हुआ vivo S2, जिसके साथ vivo की S-सीरीज़ करीब सात साल बाद भारत लौटी है, और जिसका पूरा ज़ोर कर्व्ड डिस्प्ले, पतली बॉडी और सेल्फी कैमरे पर है। दूसरा है Redmi Turbo 5, जो Redmi की परफॉर्मेंस वाली Turbo सीरीज़ का भारत में पहला फोन है, और जिसका सारा फोकस रफ्तार, बड़ी बैटरी और तेज़ चार्जिंग पर है।

कागज़ों पर तस्वीर काफी हद तक साफ है। Redmi Turbo 5 प्रोसेसर, स्टोरेज, चार्जिंग और अपडेट में आगे है, वो भी अच्छे-खासे अंतर से। वहीं vivo S2 बड़ी कर्व्ड स्क्रीन, हल्की-पतली बॉडी और 32MP सेल्फी कैमरे के मामले में आगे दिखता है। कीमत का फर्क भी यहाँ बड़ा नहीं है, vivo S2 ₹39,999 से शुरू होता है और Redmi Turbo 5 ₹37,999 से, यानी करीब ₹2,000 का अंतर। मतलब, लगभग एक ही दाम पर ये दो अलग-अलग तरह के खरीददारों के लिए बने हैं।

अगर आपका बजट भी ₹38,000 से ₹40,000 के बीच है और इन्हीं दोनों में उलझे हुए हैं, तो नीचे हमने दोनों फोनों को डिस्प्ले, परफॉर्मेंस, कैमरा, बैटरी और कीमत पर आमने-सामने रखा है, ताकि आप अपनी ज़रूरत के हिसाब से सही फोन चुन सकें। एक बात ध्यान रखने वाली ये भी है कि Redmi Turbo 5 भारत में पहले से बिक्री पर है, वहीं vivo S2 की सेल 11 अगस्त से शुरू हो रही है।

ये पढ़ें: vivo S2 5G के साथ S-सीरीज़ की वापसी, 3,000 निट्स कर्व्ड डिस्प्ले और 7,050mAh बैटरी मिली

vivo S2 vs Redmi Turbo 5: स्पेसिफिकेशन

स्पेसिफिकेशनvivo S2 5GRedmi Turbo 5
डिस्प्ले6.83-इंच 1.5K कर्व्ड AMOLED, 120Hz, 449 PPI, 3,000 निट्स6.59-इंच 1.5K AMOLED, 120Hz, 460 PPI, 3,500 निट्स
प्रोसेसरDimensity 7360-Turbo (4nm)Dimensity 8500 Ultra (4nm)
रैम / स्टोरेज8GB LPDDR4X / 128GB–256GB UFS 3.18GB–12GB LPDDR5X / 256GB UFS 4.1
रियर कैमरा50MP OIS (Sony IMX852) + 2MP50MP OIS (Sony IMX882) + 8MP अल्ट्रावाइड
सेल्फी कैमरा32MP, 4K@30fps20MP, 1080p@60fps
बैटरी / चार्जिंग7,050mAh, 44W7,540mAh, 100W
मज़बूतीIP68 + IP69, MIL-STD-810H, प्लास्टिक फ्रेमIP66/IP68/IP69/IP69K, एल्युमिनियम फ्रेम, Gorilla Glass 7i
सॉफ्टवेयरOriginOS 6, 3 OS अपग्रेडHyperOS 3, 4 OS अपग्रेड
कीमत₹39,999 से₹37,999 से

vivo S2 vs Redmi Turbo 5: डिज़ाइन और डिस्प्ले

vivo S2 की 6.83-इंच कर्व्ड AMOLED स्क्रीन Turbo 5 की 6.59-इंच फ्लैट स्क्रीन से पूरी एक साइज़ बड़ी है, और यही इस फोन की सबसे मज़बूत दलील है।

91.4% स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो पर आपको किनारे लगभग गायब मिलेंगे, और 7.99mm पतली बॉडी में 197 ग्राम का वज़न 7,050mAh बैटरी वाले फोन के लिए हल्का ही कहा जाएगा। Turbo 5 इसके मुकाबले 8.18mm मोटा और 204 ग्राम का है। गिनती के मामले में हिसाब उल्टा बैठता है, क्योंकि Turbo 5 का पैनल 460 PPI और 3,500 निट्स पीक ब्राइटनेस पर चलता है, वहीँ vivo S2 का 449 PPI और 3,000 निट्स पर।

बनावट में भी कहानी पलट जाती है। vivo S2 का फ्रेम और बैक पैनल, दोनों प्लास्टिक के हैं, और Turbo 5 में एल्युमिनियम फ्रेम के साथ आगे-पीछे Corning Gorilla Glass 7i इस्तेमाल हुआ है। जेब में चाबियों के साथ फोन रखने की आदत हो, तो प्लास्टिक बैक पर खरोंच के हल्के निशान पहले कुछ हफ्तों में ही दिखने लगते हैं। पानी और धूल की रेटिंग दोनों की ऊँची है।

डिज़ाइन का मज़ा vivo S2 में ज़्यादा है, टिकाऊपन Turbo 5 में।

vivo S2 vs Redmi Turbo 5: परफॉर्मेंस

₹2,000 का फर्क सबसे भारी यहाँ पड़ता है। Turbo 5 का Dimensity 8500 Ultra, vivo S2 के Dimensity 7360-Turbo से एक पूरा लेवल ऊपर बैठता है।

कोर की बनावट देखिए तो अंतर साफ हो जाता है। vivo S2 में चार Cortex-A78 कोर 2.5GHz पर और चार पुराने Cortex-A55 कोर 2.0GHz पर चलते हैं, वहीँ Turbo 5 के आठों कोर नई Cortex-A725 पीढ़ी के हैं, जिनमें सबसे तेज़ कोर 3.4GHz तक जाता है। रैम भी vivo S2 में LPDDR4X है और Turbo 5 में LPDDR5X। AnTuTu में vivo का दावा करीब 9.7 लाख अंकों का है, वहीँ हमारे अपने रिव्यू में Turbo 5 ने 18.8 लाख अंक बनाए, यानी लगभग दोगुने।

स्टोरेज का अंतर इससे भी ज़्यादा रोज़ महसूस होता है। vivo S2 में UFS 3.1 स्टोरेज है और Turbo 5 में UFS 4.1। BGMI का मैच शुरू हो चुका हो, आपकी टीम लैंड कर चुकी हो और आप अब भी लोडिंग स्क्रीन देख रहे हों, ये चिढ़ आपको Turbo 5 पर कम होगी, क्योंकि गेम लेवल, ऐप और बड़ी फाइलें यहाँ तेज़ खुलती हैं।

Turbo 5 की एक कमज़ोरी भी आपको पता होनी चाहिए। हमारे रिव्यू के दौरान लंबे स्ट्रेस टेस्ट में इसका तापमान 33°C से बढ़कर 51°C तक पहुँचा और स्टेबिलिटी 64.2% रही, यानी घंटे भर की लगातार गेमिंग में ये गर्म होकर धीमा पड़ता है।

इस दाम पर गेमिंग आपकी प्राथमिकता है, तो चुनाव Turbo 5 के अलावा कुछ है ही नहीं।

ये पढ़ें: Redmi Turbo 5 vs Tecno Camon 50 Ultra 5G: दमदार परफॉर्मेंस और बैटरी या टेलीफोटो लेंस और स्लिम डिज़ाइन, किसे चुनें?

vivo S2 vs Redmi Turbo 5: कैमरा

प्राइमरी सेंसर दोनों में 50MP का है और OIS भी दोनों में मिलता है, असल अंतर सेंसर के आकार और अपर्चर का है।

Turbo 5 का Sony IMX882 सेंसर 1/1.95-इंच का है और अपर्चर f/1.5 का, वहीँ vivo S2 का Sony IMX852 सेंसर 1/2.93-इंच पर सिमटा है, अपर्चर f/1.8 का। बड़ा सेंसर और चौड़ा अपर्चर मिलकर ज़्यादा रोशनी अंदर लेते हैं, तो शाम ढलने के बाद और कम रोशनी वाले कमरों में Turbo 5 से बेहतर फोटो की उम्मीद रखी जा सकती है। दूसरा लेंस भी Turbo 5 का काम का है, क्योंकि 8MP अल्ट्रावाइड कैमरे से पूरे परिवार की ग्रुप फोटो के लिए पीछे हटना नहीं पड़ेगा, और vivo S2 का दूसरा कैमरा सिर्फ 2MP का बोकेह सेंसर है, जो अपने आप में कोई तस्वीर नहीं खींचता।

सेल्फी में हिसाब पलट जाता है, और यहाँ vivo S2 साफ आगे है। इसका 32MP फ्रंट कैमरा 4K@30fps वीडियो रिकॉर्ड करता है, और Turbo 5 का 20MP सेल्फी कैमरा 1080p से ऊपर जाता ही नहीं। रील बनाते हों या रोज़ वीडियो कॉल पर रहते हों, तो ये कमी Turbo 5 में खलेगी। रियर कैमरे से वीडियो का मामला उल्टा है, वहाँ Turbo 5 4K@60fps तक जाता है और vivo S2 4K@30fps पर रुक जाता है।

दोनों की फाइनल फोटो क्वॉलिटी में कितना फासला रहेगा, इस पर पक्की बात vivo S2 का रिव्यू आने के बाद ही होगी।

vivo S2 vs Redmi Turbo 5: बैटरी और चार्जिंग

बैटरी में फर्क सिर्फ 490mAh का है, चार्जिंग में फर्क आधे से ज़्यादा का।

Turbo 5 में 7,540mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी 100W चार्जिंग के साथ आती है और चार्जर डिब्बे में ही मिलता है। हमारे रिव्यू में ये 0 से 100% तक करीब एक घंटे में चार्ज हुआ, और पहले 30 मिनट में ही आधी बैटरी भर गई। सुबह निकलने में दस मिनट बचे हों और रात को चार्ज लगाना याद न रहा हो, तो नाश्ते तक फोन इतना भर जाएगा कि दिन निकल जाए। vivo S2 की 7,050mAh बैटरी 44W पर चार्ज होती है, यानी उसी काम में इसे दो से ढाई गुना समय लगेगा।

बैटरी लाइफ में दोनों लंबी दौड़ के फोन हैं। हमारे रिव्यू में Turbo 5 ने औसतन 8 घंटे का स्क्रीन-ऑन टाइम दिया, हालांकि स्टैंडबाय में इसकी खपत इतनी बड़ी बैटरी के हिसाब से ज़्यादा रही। vivo का दावा है कि 1,600 चार्ज साइकिल के बाद भी इसकी बैटरी 80% क्षमता बनाए रखेगी।

सॉफ्टवेयर और अपडेट

अपडेट का वादा Turbo 5 का लंबा है। इसे 4 OS अपग्रेड और 6 साल सिक्योरिटी पैच मिलेंगे, वहीँ vivo S2 को 3 OS अपग्रेड और 5 साल सिक्योरिटी अपडेट।

सॉफ्टवेयर दोनों में Android 16 पर आधारित है, Turbo 5 में HyperOS 3 और vivo S2 में OriginOS 6। बदले में Turbo 5 में पहले से भरे हुए थर्ड-पार्टी ऐप ज़्यादा हैं, जिन्हें हटाने का काम आपको खुद करना पड़ेगा।

एक चूक vivo S2 में ऐसी है जो इस कीमत पर अखरती है। इसमें NFC नहीं दिया गया। दोस्तों के साथ खाना खाकर बिल देने की बारी आए, कार्ड घर पर छूट गया हो और मशीन सामने रखी हो, तो Turbo 5 को छुआकर पेमेंट हो जाएगी, vivo S2 पर वो विकल्प है ही नहीं। Turbo 5 में IR ब्लास्टर भी है, जो इसे आपके AC और टीवी का रिमोट बना देता है।

कीमत

vivo S2 5G

  • 8GB + 128GB: ₹39,999
  • 8GB + 256GB: ₹44,999

चुनिंदा बैंक कार्ड पर ₹4,000 तक का इंस्टेंट डिस्काउंट मिल रहा है, जिसके बाद बेस मॉडल करीब ₹35,999 का पड़ता है। ₹4,500 तक का एक्सचेंज बोनस अलग है, पर एक्सचेंज को डिस्काउंट मानकर हिसाब न लगाएं। सेल 11 अगस्त से शुरू है, रंगों में Sapphire Blue, Regal Bronze तथा Silk White मिलेंगे।

Redmi Turbo 5

  • 8GB + 256GB: ₹37,999
  • 12GB + 256GB: ₹40,999

अभी Amazon पर ये ₹37,998 पर लिस्टेड है, और चुनिंदा SBI, ICICI तथा Axis क्रेडिट कार्ड पर ₹2,000 तक का इंस्टेंट डिस्काउंट चल रहा है। रंगों में Turbo White, Nitro Blue तथा Asphalt Black मिलेंगे। बैंक ऑफर आपके कार्ड पर निर्भर करते हैं, इसलिए खरीदते वक्त अपनी फाइनल कीमत ज़रूर देख लें।

एक हिसाब यहाँ ज़रूर लगा लीजिए। एक जैसी 256GB स्टोरेज पर vivo S2 ₹44,999 का पड़ता है और Turbo 5 ₹37,999 का, यानी ₹2,000 का फर्क बढ़कर ₹7,000 का हो जाता है।

ये पढ़ें: Redmi Turbo 5 vs Motorola Edge 70 Pro: गेमिंग-बैटरी का दम या कैमरा-डिस्प्ले की चमक, किसके लिए कौन सा सही?

किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?

vivo S2 उनके लिए है जिनके लिए फोन दिखता कैसा है, ये सबसे पहले मायने रखता है। कर्व्ड स्क्रीन पर वेब सीरीज़ देखनी हो, रोज़ रील और वीडियो कॉल पर रहना हो, या ऐसा फोन चाहिए जो हाथ में पतला और हल्का लगे, तो 6.83-इंच का पैनल, 32MP का 4K सेल्फी कैमरा और 197 ग्राम की बॉडी इसे अपनी जगह देते हैं।

Redmi Turbo 5 बाकी सबके लिए है। गेमिंग करते हों, फोन को चार-पाँच साल चलाने का इरादा हो, या दिन में दो बार चार्जर तक भागना बंद करना चाहते हों, तो दोगुना तेज़ प्रोसेसर, UFS 4.1 स्टोरेज, 100W चार्जर, NFC और एक साल ज़्यादा का अपडेट सपोर्ट इसे ज़्यादा समझदारी वाला सौदा बनाते हैं। और ये ₹2,000 सस्ता भी पड़ता है

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को TwitterFacebookInstagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

ImageBajaj Pulsar N160 S और SS भारत में लॉन्च, अब चार राइड मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल मिलेगा

एक नज़र में: Bajaj ने भारत में Pulsar N160 के दो नए वेरिएंट, Pulsar N160 S और Pulsar N160 SS लॉन्च कर दिए हैं। ₹1.34 लाख से शुरू होने वाले ये दोनों मॉडल मौजूदा वेरिएंट से ऊपर की केटेगरी में हैं। Pulsar ब्रांड के 25 साल पूरे होने पर आई इस अपडेट में बदलाव सिर्फ …

ImageRedmi Turbo 5 vs Motorola Edge 70 Pro: गेमिंग-बैटरी का दम या कैमरा-डिस्प्ले की चमक, किसके लिए कौन सा सही?

Redmi Turbo 5 vs Motorola Edge 70 Pro: ₹38,000 के आसपास एक परफॉर्मेंस वाला फोन ढूंढ रहे हैं, तो इस समय एक नाम सीधे आमने-सामने आएगा। अभी लॉन्च हुआ Redmi Turbo 5। लेकिन इसी कीमत पर इसे टक्कर देता है Motorola Edge 70 Pro, जो भारत में कई लोगों की पसंद है। मज़ेदार बात ये …

ImageMotorola Edge 70 Max vs Vivo X200T: दमदार बैटरी व मैगनेट चार्जिंग या ZEISS का ज़ूम कैमरा, कौन सा है आपके लिए बेहतर?

Motorola Edge 70 Max vs Vivo X200T: Motorola ने 15 जुलाई को अपना Edge 70 Max भारत में लॉन्च किया है, जो कंपनी के अब तक के सबसे दमदार बैटरी-और-डिस्प्ले वाले फोनों में से एक है, और इस सेगमेंट का पहला फोन है जिसमें Qi2.2 मैगनेट वाली वायरलेस चार्जिंग मिलती है। दूसरी तरफ Vivo का …

ImageGalaxy M47 vs iQOO Z11x: AMOLED और 6 साल का अपडेट या बड़ी बैटरी और दमदार गेमिंग, किसके लिए कौन सा सही?

Galaxy M47 vs iQOO Z11x: Samsung ने हाल ही में अपनी M-सीरीज़ की भारत में वापसी कराते हुए Galaxy M47 5G लॉन्च किया है, और इसकी सीधी टक्कर है उस iQOO Z11x से, जो इस साल मार्च में आया है और तभी से ही इस बजट में कई लोगों की पसंद बना हुआ है। दोनों …

ImageVivo T5e vs Realme C100x: ₹14,000 में आपके लिए कौन सा फोन सही?

Vivo T5e vs Realme C100x: अगर आपका बजट ₹14,000 के आसपास है और आप एक भरोसेमंद 4G फोन ढूंढ रहे हैं, तो इन दिनों दो नाम सीधे आमने-सामने हैं, Vivo T5e और Realme C100x। दोनों हाल ही में भारत में लॉन्च हुए हैं, दोनों की कीमत लगभग बराबर है, और दोनों ही एक जैसे खरीददार …

Discuss

Be the first to leave a comment.

Related Products