Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: भीड़ से अलग दिखने वाला मिड-रेंज फोन

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share
क्विक वर्डिक्ट

Infinix HOT 70 Pro 5G को भीड़ से अलग दिखने के लिए ही बनाया गया है। Active Matrix Cube और Dynamic Shine फिनिश इसे ऐसा लुक देते हैं, जो ₹25,000 के आसपास के ज़्यादातर फोनों से काफी अलग है। वहीँ XOS 16 में ढेर सारे फीचर और काम के AI टूल्स भरे हुए हैं। 45W चार्जिंग भी अपना काम अच्छे से करती है, यानी 6,000mAh बैटरी को भरने के लिए आपको लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ता।

हालांकि इस फोन में कुछ समझौते भी किए गए हैं। 144Hz रिफ्रेश रेट का इस्तेमाल बहुत कम हो पाता है, धूप में स्क्रीन और बेहतर दिख सकती थी, और कैमरे में कुछ ऐसा हार्डवेयर नहीं है जिसकी इस कीमत पर उम्मीद की जाती है। इसमें न OIS है, न अल्ट्रावाइड कैमरा। वीडियो रिकॉर्डिंग 2K पर ही रुक जाती है, और हैप्टिक मोटर उतनी दमदार नहीं लगती जितनी उम्मीद इसकी सॉफ्टवेयर ट्यूनिंग से बंधती है। टेस्टिंग के दौरान मुझे कभी-कभार ऐप क्रैश और एनिमेशन में अटकन भी देखने को मिली।

इसे खरीदें, अगर:

  • आप ऐसा फोन चाहते हैं जो इस कीमत के बाकी सभी फोनों से अलग दिखे। 
  • आपको ढेर सारे सॉफ्टवेयर फीचर और काम के AI टूल्स आज़माना पसंद है। 
  • आपके लिए फास्ट चार्जिंग मायने रखती है, और LCD डिस्प्ले से आपको कोई दिक्कत नहीं है, भले ही 144Hz मोड का इस्तेमाल बहुत कम हो।

इसे न खरीदें, अगर:

  • आपको OIS, अल्ट्रावाइड कैमरा या 4K वीडियो रिकॉर्डिंग चाहिए। 
  • आपको धूप में शानदार विज़िबिलिटी या ज़्यादा दमदार हैप्टिक एक्सपीरियंस चाहिए। 

HOT 70 Pro 5G के साथ Infinix की कोशिश है कि HOT सीरीज़ सिर्फ एक सीधी-सादी, वैल्यू पर टिकी लाइनअप बनकर न रह जाए। Active Matrix Cube, Dynamic Shine फिनिश, Sony का प्राइमरी कैमरा सेंसर, IP68 रेटिंग और फीचर से भरा सॉफ्टवेयर, ₹25,000 की कीमत पर इस फोन के पास गिनाने के लिए कई चीज़ें हैं। मैंने करीब एक हफ्ते तक ये फोन इस्तेमाल किया, ताकि देख सकूँ कि रोज़मर्रा के इस्तेमाल में ये फीचर कितना साथ देते हैं और मिड-रेंज फोनों वाले आम समझौते कहाँ से नज़र आने लगते हैं। आइए जानते हैं कैसा रहा मेरा अनुभव।

Infinix HOT 70 Pro 5G कीमत और उपलब्धता

Infinix HOT 70 Pro 5G के 6GB + 128GB वैरिएंट की शुरूआती कीमत ₹24,999 है। वहीँ 8GB + 128GB मॉडल ₹27,999 का है, और 256GB का कोई विकल्प नहीं दिया गया है।

आप इस फोन को हरे (Mirage Green), नीले (Dive Blue), बैंगनी (Silk Glow Purple) और नारंगी (Thermo Orange) रंगों में खरीद सकते हैं।

खूबियाँ

  • Active Matrix Cube 
  • पतला और मज़बूत बिल्ड, साथ में फिंगरप्रिंट-रेज़िस्टेंट बैक
  • फीचर से भरपूर XOS 16, जिसमें काम के कई फीचर हैं
  • फास्ट चार्जिंग, 0 से 50% होने में करीब 30 मिनट लगते हैं
  • NFC सपोर्ट
  • बॉक्स में चार्जर और फोन के रंग से मैच करता केस
  • दिन की रोशनी में ठीक-ठाक कैमरा परफॉर्मेंस
  • 3 + 5 साल की अपडेट पॉलिसी
  • स्टीरियो स्पीकर

कमियाँ

  • टेस्टिंग में 144Hz सिर्फ Clash Royale में मिला; ज़्यादातर समय डिस्प्ले 90Hz या 120Hz पर ही रहता है
  • धूप में विज़िबिलिटी अच्छी नहीं है 
  • न OIS, न अल्ट्रावाइड कैमरा, और वीडियो 2K@30fps तक सीमित
  • लॉक स्क्रीन मैगज़ीन और Zero screen पर ऐड आते हैं, हालांकि दोनों को बंद किया जा सकता है
  • कभी-कभार ऐप क्रैश और एनिमेशन में अटकन
  • हैप्टिक मोटर कमज़ोर है

Infinix HOT 70 Pro 5G के स्पेसिफिकेशन
डिस्प्ले6.76-इंच LCD, FHD+ (1080×2344), पंच-होल कटआउट, 144Hz अडैप्टिव रिफ्रेश रेट (60/90/120/144Hz), 240Hz टच सैंपलिंग, 950 निट्स तक HBM ब्राइटनेस
प्रोसेसरMediaTek Dimensity 7100
रैम6GB / 8GB LPDDR5X
स्टोरेज128GB, UFS 2.2
प्राइमरी कैमरा50MP Sony IMX882, 1/1.95-इंच सेंसर, f/1.8, 26mm, OIS नहीं, 2K@30fps वीडियो
डेप्थ कैमरा2MP
फ्रंट कैमरा13MP GalaxyCore GC13A0, 1/3.1-इंच सेंसर, f/2.2, 24mm, फिक्स्ड फोकस, 2K@30fps वीडियो
बैटरी6,000mAh, 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग, बायपास चार्जिंग सपोर्ट
बिल्डप्लास्टिक फ्रेम और बैक, फिंगरप्रिंट-रेज़िस्टेंट फिनिश, 7.85mm मोटाई, 204 ग्राम
ऑडियोस्टीरियो स्पीकर
खास फीचरActive Matrix Cube, चुनिंदा रंगों में Dynamic Shine फिनिश, One Tap Button, बिना नेटवर्क के 1.5km तक कॉलिंग और मैसेजिंग के लिए UltraLink, तीन मोड वाला नॉइज़ कैंसलेशन
बायोमेट्रिक्ससाइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर
ड्यूरेबिलिटीIP68 डस्ट और वॉटर रेज़िस्टेंस
सॉफ्टवेयरAndroid 16 पर आधारित XOS 16; तीन साल के OS अपग्रेड, पाँच साल के सिक्योरिटी पैच
सिमहाइब्रिड ड्यूल Nano-SIM या एक Nano-SIM + microSD
रंगMirage Green, Dive Blue, Silk Glow Purple, Thermo Orange

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: अनबॉक्सिंग

बॉक्स में आपको फोन, 45W चार्जर, USB केबल, सिम इजेक्टर टूल और डॉक्यूमेंट्स मिलते हैं। Infinix साथ में एक केस भी दे रही है, जो अच्छी बात है। इस केस के किनारे फोन के रंग से मैच करते हैं, लेकिन पीछे का हिस्सा ट्रांसपेरेंट है।

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: डिज़ाइन और बिल्ड

HOT 70 Pro 5G को चुनने की सबसे बड़ी वजहों में से एक इसका डिज़ाइन है। मैंने इसका Silk Glow Purple वर्ज़न टेस्ट किया, और सामने से देखने पर ये बेहद शानदार लगता है। हल्का बैंगनी रंग फोन को ऐसा लुक देता है कि नज़र अपने आप उस पर टिक जाती है, खासकर दिन की रोशनी में।

दूसरा फीचर जो तुरंत आपका ध्यान खींचता है, वो है Active Matrix Cube। एक नज़र में नोटिफिकेशन और कॉल अलर्ट देखने के लिए ये अच्छा काम करता है, वहीँ Matrix Studio की मदद से आप अपने खुद के लाइट पैटर्न बना सकते हैं। इसमें दिए गए मिनी-गेम्स दिखावटी ज़्यादा हैं। किसी को ये फीचर दिखाने के लिए तो ये मज़ेदार हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं इन्हें रोज़-रोज़ इस्तेमाल करूँगी।

ये Note 60 Pro के Active Matrix डिस्प्ले से साफ तौर पर छोटा भी है। इसलिए इसका इफेक्ट उतना असरदार नहीं दिखता, लेकिन फिर भी ये एक मज़ेदार फीचर है, जिसके साथ आप सच में इंटरैक्ट कर सकते हैं।

फोन की बिल्ड क्वॉलिटी मज़बूत है। हाथ में ये फोन अपने स्पेसिफिकेशन के अंदाज़े से ज़्यादा बड़ा महसूस होता है, हालांकि 7.85mm मोटाई के साथ ये काफी पतला है। पीछे की फिनिश उंगलियों के निशान रोकने में भी अच्छा काम करती है। टेबल पर सीधा रखने पर फोन थोड़ा डगमगाता है, जिसकी वजह शायद इसका कैमरा मॉड्यूल है। 

फोन का लेआउट काफी सामान्य है। नीचे की तरफ USB-C पोर्ट, प्राइमरी स्पीकर और माइक्रोफोन हैं, वहीँ ईयरपीस ऊपर दिया गया है। बाईं तरफ सिम ट्रे है, जिसमें आप या तो हाइब्रिड ड्यूल Nano-SIM लगा सकते हैं या फिर एक Nano-SIM और एक microSD कार्ड।

दाईं तरफ फिंगरप्रिंट स्कैनर वाला पावर बटन, वॉल्यूम बटन और One Tap Button दिए गए हैं। बॉक्स से निकलने पर ये बटन म्यूट/अनम्यूट के लिए सेट होता है, न कि उस स्मार्ट ऑन-स्क्रीन कैप्चर फंक्शन के लिए, जिसे Infinix अपनी मार्केटिंग में खूब दिखाती है। अगर आपको वो फंक्शन चाहिए, तो इसे आपको खुद दोबारा सेट करना होगा।

सामने की तरफ पंच-होल डिस्प्ले है। इसके बेज़ल और चिन साफ तौर पर मोटे हैं, जिसकी वजह से फोन अपने 6.76-इंच डिस्प्ले साइज़ से बड़ा महसूस होता है।

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: डिस्प्ले

HOT 70 Pro 5G में 6.76-इंच का FHD+ LCD पैनल है, जो 144Hz अडैप्टिव रिफ्रेश रेट के साथ आता है। लेकिन असल इस्तेमाल में 144Hz बहुत कम मिलता है। टेस्टिंग के दौरान सिर्फ Clash Royale ही ऐसा ऐप था जो सच में 144Hz पर चला। बाकी सब कुछ बार-बार 90Hz या 120Hz पर आ जाता था। 

धूप में विज़िबिलिटी भी इसकी एक कमज़ोर कड़ी है। Infinix करीब 950 निट्स पीक ब्राइटनेस का दावा करती है, लेकिन सीधी धूप में डिस्प्ले पर कुछ पढ़ना खास आसान नहीं होता। 

घर के अंदर ये पैनल कहीं बेहतर है। व्यूइंग एंगल ठीक-ठाक हैं और रोज़मर्रा के इस्तेमाल में डिस्प्ले पर रंग अच्छे नज़र आते हैं। चूंकि ये LCD पैनल है, इसलिए काला रंग उतना गहरा नहीं दिखता, जितना AMOLED स्क्रीन पर दिखता है।

Motion Sickness Relief एक ऐसा फीचर है जो ठीक वैसे ही काम करता है जैसा बताया गया है। ये डिस्प्ले पर छोटे-छोटे हिलते हुए डॉट्स दिखाता है, ताकि चलती गाड़ी में फोन इस्तेमाल करते वक्त आँखों पर कम ज़ोर पड़े। ये एक काम का फीचर है, और मुझे लगता है कि कुछ लोग इसे सच में इस्तेमाल करेंगे।

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: स्पीकर और हैप्टिक्स

HOT 70 Pro 5G में आपको स्टीरियो स्पीकर मिलते हैं, जो इस कीमत पर अच्छी बात है। ये स्पीकर सेटअप काफी तेज़ आवाज़ देता है और वीडियो देखने व कैज़ुअल गेमिंग के लिए अच्छा काम करता है। इसमें वैसी ट्यूनिंग नहीं मिलती जैसी Infinix के कुछ ज़्यादा प्रीमियम Note-सीरीज़ फोनों में मिलती है, लेकिन स्टीरियो सेटअप अपने आप में काम का है।

हैप्टिक एक्सपीरियंस सॉफ्टवेयर की तरफ से बेहतर है। टाइपिंग और UI इंटरैक्शन की ट्यूनिंग ठीक-ठाक है, हालांकि वाइब्रेशन मोटर खुद कमज़ोर लगती है और इसका फीडबैक खास संतोषजनक नहीं है।

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: सॉफ्टवेयर

HOT 70 Pro 5G, Android 16 पर आधारित XOS 16 पर चलता है, और अब तक के XOS वर्ज़न में ये मेरे पसंदीदा वर्ज़न में से एक है। इसके फीचरों की लिस्ट बहुत लंबी है, लेकिन इससे भी अहम बात ये है कि इनमें से कई फीचर सच में काम के हैं।

AI सूट में ऑन-डिवाइस असिस्टेंट के कामों के लिए Folax AI दिया गया है, और चाहें तो आप इसकी जगह Gemini पर भी स्विच कर सकते हैं। इसके अलावा आपको Circle to Search, समरी और ट्रांसलेशन के लिए AI कॉल असिस्टेंट, ऑटोमैटिक कॉल आंसरिंग, YouTube समेत कई ऐप्स में लाइव ट्रांसक्रिप्शन और ट्रांसलेशन के लिए AI कैप्शन, रिकॉर्डिंग समराइज़ेशन, ट्रांसलेशन असिस्टेंट, दोबारा लिखने और ग्रामर ठीक करने के लिए AI राइटिंग टूल्स, AI थीम जेनरेटर और AI Notes भी मिलते हैं।

इसमें Dynamic Port भी है, जो Infinix का Dynamic Island जैसा फीचर है। ये कॉल, चार्जिंग, NFC, म्यूज़िक, टाइमर, हॉटस्पॉट स्टेटस, स्क्रीन रिकॉर्डिंग, फ्लैश और यहाँ तक कि WhatsApp कॉल के दौरान भी दिखाई देता है।

पर्सनलाइज़ेशन के विकल्प काफी ज़्यादा हैं। लॉक स्क्रीन और होम स्क्रीन, दोनों पर डेप्थ इफेक्ट मिलते हैं, और कंपनी के अपने ढेरों विजेट भी हैं। ऑलवेज़-ऑन डिस्प्ले में लॉक स्क्रीन के साथ अच्छे ट्रांज़िशन मिलते हैं, लेकिन ये सिर्फ 10 सेकंड तक ही रहता है। विजेट का कलेक्शन ठीक-ठाक है, हालांकि ये अब भी ColorOS की बराबरी नहीं कर पाता।

फोन में ब्लोटवेयर और ऐप रिकमेंडेशन हैं, हालांकि सेटअप के दौरान इनमें से ज़्यादातर डिफॉल्ट रूप से बंद रहते हैं। मुझे ये बात पसंद आई, क्योंकि इस सेगमेंट के फोनों में ऐसा कम ही देखने को मिलता है।

डिफॉल्ट कीबोर्ड देखने में Gboard जैसा लगता है, लेकिन ये Gboard नहीं है। इसलिए अगर आप टाइपिंग का अच्छा एक्सपीरियंस चाहते हैं, तो मेरी सलाह है कि इसे तुरंत बदल दें।

लॉक स्क्रीन मैगज़ीन में ऐड आते हैं, हालांकि इसे बंद किया जा सकता है। Zero screen पर Google Discover की जगह XOS की अपनी फीड मिलती है (आप इसे Google Discover पर स्विच नहीं कर सकते), और वहाँ भी ऐड दिखते हैं।

मुझे कभी-कभार ऐप क्रैश भी झेलने पड़े, और ऐप खोलते वक्त एनिमेशन बीच में टूटते भी दिखे। हालांकि रोज़ाना का ओवरऑल एक्सपीरियंस काफी हद तक स्मूद रहा। अंदर मौजूद Dimensity 7100 और UFS 2.2 स्टोरेज को देखते हुए, ये शायद उस हद के करीब है जहाँ तक ये हार्डवेयर असल में साथ दे सकता है।

कुल मिलाकर, मेरी राय में XOS 16 वाकई एक बढ़िया सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस है, जिसमें ऐसे कई काम के फीचर हैं जो इस कीमत पर कम ही देखने को मिलते हैं।

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: बायोमेट्रिक्स

साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर पावर बटन में ही दिया गया है, जैसी उम्मीद ऐसे LCD पैनल वाले फोन से होती है, जिसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं होता। रोज़ाना के इस्तेमाल में ये तेज़ और भरोसेमंद है। टेस्टिंग के दौरान फोन अनलॉक करने में मुझे कोई दिक्कत नहीं आई।

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: परफॉर्मेंस

HOT 70 Pro 5G में MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर के साथ UFS 2.2 स्टोरेज दिया गया है। ये कॉम्बिनेशन इसे लोअर मिड-रेंज कैटेगरी में रखता है। रोज़मर्रा का एक्सपीरियंस ज़्यादातर लैग-फ्री रहता है और सामान्य इस्तेमाल में आपको कोई बड़ी दिक्कत शायद ही दिखे। हालांकि, UFS 2.2 स्टोरेज खास तेज़ नहीं है, और उम्मीद से पहले इसकी उम्र झलकने लग सकती है।

बेंचमार्कInfinix HOT 70 Pro 5G (Dimensity 7100)
AnTuTu स्कोर719073
स्टोरेज (स्कोर, सीक्वेंशियल रीड स्पीड, राइट स्पीड)स्कोर: 38459; सीक्वेंशियल रीड: 1076 MB/s; सीक्वेंशियल राइट: 779 MB/s
Geekbench 6 CPU (सिंगल-कोर, मल्टी-कोर)सिंगल-कोर: 831; मल्टी-कोर: 2824
Geekbench 6 GPU (OpenCL, Vulkan)OpenCL: 2038; Vulkan: 1764
3DMark Wildlife Extreme (स्कोर, औसत FPS)स्कोर: 693; औसत FPS: 4.15
3DMark Wildlife Extreme स्ट्रेस टेस्ट (बेस्ट लूप, लोएस्ट लूप, स्टेबिलिटी)बेस्ट लूप: 695; लोएस्ट लूप: 689; स्टेबिलिटी: 99.1%

MediaTek Dimensity 7100 रोज़मर्रा की गेमिंग को काफी अच्छे से संभाल लेता है। BGMI में ये फोन 60fps सपोर्ट करता है और खेलने लायक अच्छा एक्सपीरियंस देता है, जिसमें फ्रेम ड्रॉप अपेक्षाकृत कम होते हैं। भारी सीन में अब भी कुछ ड्रॉप आ सकते हैं, लेकिन वो इतने ज़्यादा नहीं होते कि पूरे एक्सपीरियंस पर असर डालें।

गेमिंग के लिहाज़ से मैं HOT 70 Pro 5G को अपने सेगमेंट का एक ठीक-ठाक डिवाइस कहूँगी। बस इससे Genshin Impact जैसे कहीं ज़्यादा भारी गेम बहुत अच्छे से चलाने की उम्मीद न रखें।

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: कैमरा

HOT 70 Pro 5G में 50MP Sony IMX882 1/1.95-इंच प्राइमरी कैमरा है, जिसके साथ 2MP डेप्थ सेंसर दिया गया है। इसमें अल्ट्रावाइड कैमरा नहीं है।

दिन की रोशनी में फोटोग्राफी कुल मिलाकर अच्छी है। HDR खास दमदार नहीं है, और कभी-कभी ऑटोफोकस को सब्जेक्ट पर लॉक होने में थोड़ा ज़्यादा समय लगता है। फोन में 2X लॉसलेस ज़ूम का दावा किया गया है, लेकिन मैंने जो 2X क्रॉप लिए, उनमें कुछ ओवरशार्पनिंग और डिटेल की कमी दिखी। मैं इन नतीजों को सच में लॉसलेस नहीं, बल्कि इस्तेमाल करने लायक कहूँगी।

कागज़ पर ज़ूम 15X तक जाता है, हालांकि अगर आप ऐसे नतीजे चाहते हैं जो सच में इस्तेमाल करने लायक हों, तो मेरी सलाह है कि इसे 5X या उससे कम पर ही रखें। Live Photo भी मौजूद है और उम्मीद के अनुसार काम करता है। ये फोटो के आसपास का 3 सेकंड का एक छोटा क्लिप कैप्चर कर लेता है।

कम रोशनी में फोटो लेते वक्त कुछ फ्लेयरिंग आ सकती है। एक्सपोज़र कंपनसेशन को मैन्युअली कम करने से बेहतर नतीजे मिलते हैं। 

पोर्ट्रेट मोड में 24mm, 35mm और 50mm फोकल लेंथ के विकल्प मिलते हैं। इसमें Sky Shop भी है, जिससे आप फिल्टर के हिसाब से आसमान को अलग-अलग रंगों और मूड में बदल सकते हैं।

AIGC Portrait मोड जेनरेटिव AI की मदद से स्टाइलिश पोर्ट्रेट बनाता है। इसमें प्रोफेशन, वर्कप्लेस ID, हेयरस्टाइल, शादी, ग्रेजुएशन, बचपन और आर्ट फोटो जैसी कैटेगरी मिलती हैं, और हर कैटेगरी में कई स्टाइल के विकल्प हैं।

वीडियो रिकॉर्डिंग ज़्यादा से ज़्यादा 2K@30fps तक जाती है, और 4K का कोई विकल्प नहीं है। स्टेबिलाइज़ेशन 1080p@60fps और 1080p@30fps पर मिलता है, वहीँ फ्रंट कैमरा 30fps तक सीमित है। पोर्ट्रेट वीडियो 1080p@30fps पर काम करता है। 

चलते-फिरते शूट करते वक्त एक्सपोज़र थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है, हालांकि कैज़ुअल शूटिंग के लिए नतीजे आम तौर पर ठीक रहते हैं। इसमें एक अलग Vlog Mode भी है, जिससे आप कई क्लिप को जल्दी से जोड़कर एक एडिटेड वीडियो बना सकते हैं।

कुल मिलाकर, HOT 70 Pro का कैमरा सिस्टम बस ठीक-ठाक है। रोज़मर्रा के इस्तेमाल के लिए ये दिन की रोशनी वाली फोटोग्राफी को अच्छे से संभाल लेता है, वहीँ AI फीचर आपको आज़माने के लिए कुछ और चीज़ें दे देते हैं।

Infinix HOT 70 Pro 5G रिव्यू: बैटरी लाइफ और चार्जिंग

HOT 70 Pro 5G में 6,000 mAh की बैटरी दी गयी है, जो 45W वायर्ड चार्जिंग के साथ आती है। चार्जिंग काफी तेज़ है। फोन 5% से 50% तक करीब 30 मिनट में पहुँच गया, वहीँ फुल चार्ज होने में लगभग 1 घंटा 25 मिनट लगे।

बैटरी लाइफ ठीक-ठाक है। मिले-जुले रोज़ाना इस्तेमाल में मुझे करीब 7 से 8 घंटे का स्क्रीन-ऑन टाइम मिला। ये अच्छा है, हालांकि 6,000 mAh क्षमता को देखते हुए इसे खास प्रभावशाली नहीं कहा जा सकता।

45W चार्जर बॉक्स में ही मिलता है। ये बात आज भी बताने लायक है, क्योंकि इस कीमत पर हर फोन के साथ चार्जर नहीं मिलता।

रिव्यू वर्डिक्ट: क्या आपको Infinix HOT 70 Pro 5G खरीदना चाहिए?

HOT 70 Pro 5G आपके लिए सबसे अच्छा तब साबित होता है, जब आपको वो चीज़ें पसंद हों जो इसे अलग बनाती हैं। Active Matrix Cube मज़ेदार है, फोन का बिल्ड पतला और मज़बूत है, और मैंने अब तक Infinix के जितने सॉफ्टवेयर इस्तेमाल किए हैं, उनमें XOS 16 सबसे ज़्यादा फीचर वाले सॉफ्टवेयर में से एक है। इसमें ढेरों AI टूल्स, पर्सनलाइज़ेशन के विकल्प, फास्ट चार्जिंग, NFC और लंबे समय तक सॉफ्टवेयर अपडेट का वादा मिलता है। साफ है कि ये फोन सिर्फ स्पेसिफिकेशन के दम पर बाज़ी जीतने की कोशिश नहीं कर रहा।

फिर भी, इसमें कुछ कमियाँ हैं। 144Hz डिस्प्ले बहुत कम ही 144Hz पर चलता है, धूप में विज़िबिलिटी अच्छी नहीं है, और कैमरा हार्डवेयर में OIS और अल्ट्रावाइड लेंस नहीं दिए गए हैं। इस सेगमेंट के हिसाब से इसका कैमरा सिस्टम काफी साधारण है।

₹24,999 की कीमत पर HOT 70 Pro 5G सबसे ज़्यादा तब समझ में आता है, जब आपके लिए सेगमेंट का सबसे दमदार कैमरा या डिस्प्ले पाने से ज़्यादा, डिज़ाइन और फीचर मायने रखते हों। Active Matrix Cube इसे एक अनोखी पहचान देता है, और XOS 16 में इतने काम के फीचर हैं कि इसका सॉफ्टवेयर एक्सप्लोर करने लायक बन जाता है।

Smartprix ⭐ रेटिंग: 7.8/10

  • डिज़ाइन और बिल्ड: 8/10
  • डिस्प्ले: 7/10
  • स्पीकर: 7.5/10
  • सॉफ्टवेयर: 8.5/10
  • हैप्टिक्स: 7/10
  • बायोमेट्रिक्स: 8/10
  • परफॉर्मेंस: 8.1/10
  • कैमरा: 7.6/10
  • बैटरी लाइफ और चार्जिंग: 8.5/10

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

Imageनई TVS Radeon लॉन्च, LED लुक मिला और टॉप मॉडल भी Splendor Plus से सस्ता

एक नज़र में : TVS ने त्योहारों से ठीक पहले अपनी 110cc कम्यूटर बाइक TVS Radeon का 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है, जिसकी शुरुआती कीमत ₹67,100 (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। इस बार इसकी खास बात पूरी LED लाइटिंग है, यानी हेडलैंप से लेकर आगे-पीछे के इंडिकेटर तक सब LED है। साथ ही इसका सबसे महंगा …

Imageजुलाई 2026 में आने वाले स्मार्टफोन – Upcoming Smartphones in July 2026 in India

जून 2026 स्मार्टफोन लॉन्च के लिहाज़ से काफ़ी भरा-भरा रहा। Motorola Edge 70 Pro+, Xiaomi 17T, Redmi Turbo 5 और Tecno Pova 8 जैसे फोन एक के बाद एक आए, और मिड-रेंज सेगमेंट में अच्छी हलचल देखने को मिली। लेकिन जुलाई का मिज़ाज थोड़ा अलग रहने वाला है। इस बार पूरा फोकस सिर्फ़ मिड-रेंज पर …

ImageInfinix Hot 70 Pro vs iQOO Z11xa – ₹28,000 में 144Hz स्क्रीन या 7,200mAh बैटरी?

Infinix Hot 70 Pro vs iQOO Z11xa: ₹28,000 के बजट में पिछले चार दिनों में दो नए फोन आए हैं। एक है पिछले हफ्ते, 4 सितंबर को लॉन्च हुआ Infinix Hot 70 Pro, जिसके बैक पैनल पर 144Hz स्क्रीन के साथ एक छोटी-सी Active Matrix Cube स्क्रीन है। वहीँ दूसरी तरफ है आज, 7 सितंबर …

ImageiQOO Z11x 5G रिव्यू: ₹20,000 में असली बैटरी किंग? 7200mAh वाला ये फोन सबको पीछे छोड़ देगा

iQOO Z11x ₹20,000 के अंदर आने वाले सबसे फीचर-पैक्ड मिड-रेंज स्मार्टफोनों में से एक है। इसमें बड़ा 120Hz डिस्प्ले है, ऐसा ऑक्टा-कोर चिपसेट मिलता है जो आराम से 60fps BGMI गेमिंग संभाल सकता है, हाई-रिज़ॉल्यूशन प्राइमरी कैमरा और बड़ी बैटरी दी गई है, जो उन यूज़र्स के लिए फायदेमंद है जो दिन में दो बार …

ImageRedmi Note 17 5G रिव्यू: क्या 8,000mAh बैटरी इस सेगमेंट में इसकी जगह बचा पायेगी?

Xiaomi की Redmi Note सीरीज़ ने अपना नाम बैलेंस पर बनाया है, हर फोन में ठीक-ठाक स्पेसिफिकेशन और कहीं कोई साफ दिखने वाली कमज़ोरी नहीं। Redmi Note 17 इस फॉर्मूले को पूरी तरह तोड़ता नज़र आ रहा है। ₹27,999 से शुरू होने वाला ये फोन अपना लगभग पूरा वज़न एक ही खंभे पर डाल देता …

Discuss

Be the first to leave a comment.