एक नज़र में :
- Made by Google इवेंट 12 अगस्त को न्यूयॉर्क में, भारत में उसी दिन से प्री-ऑर्डर खुलेंगे।
- चारों फोनों में नया Tensor G6 प्रोसेसर और Titan M3 सिक्योरिटी चिप मिलेंगे।
- बेस स्टोरेज अब 128GB नहीं, 256GB से शुरू होगी।
- Pixel 11 Pro Fold की बैटरी घटकर करीब 4,806mAh रह जाएगी।
Google की Pixel 11 सीरीज़ के लॉन्च में नौ दिन बचे हैं, और इवेंट से पहले लीक होने के लिए शायद ही कुछ बाकी रह गया है। Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold, चारों की स्पेसिफिकेशन शीट और कीमतें बाहर आ चुकी हैं। शुरुआत भी खुद Google से हुई थी, जब कंपनी ने गलती से चारों फोनों की लिस्टिंग Amazon पर लाइव कर दी और फिर हटा ली।
सबसे ज़्यादा चुभने वाली जानकारी आज सामने आई है। लीक के अनुसार Pixel 11 Pro का बेस वेरिएंट इस बार 16GB नहीं, 12GB रैम के साथ आएगा, जबकि इसकी कीमत पिछली पीढ़ी से बढ़ रही है।
ये पढ़ें: Nothing Phone 4a कल से और महंगा: चार महीने में चौथी बार बढ़े दाम

Pro मॉडल में रैम 16GB से घटकर 12GB
Pixel 10 Pro के सभी वेरिएंट 16GB रैम के साथ आए थे, चाहे स्टोरेज 256GB हो या 1TB। लीक हुई लिस्टिंग के अनुसार इस बार Pixel 11 Pro और Pixel 11 Pro XL, दोनों के 256GB वाले बेस वेरिएंट में 12GB रैम ही मिलेगी। 16GB चाहिए तो 512GB या 1TB वेरिएंट लेना होगा।
एक हार्डवेयर भी जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार Pro मॉडलों के कैमरा बार में RGB LED की जो नई लाइन आ रही है, जिसे Google अपने स्टोर पर Pixel Glow नाम से दिखा चुका है, उसके लिए Pixel 8 Pro वाला तापमान सेंसर हटाया जा रहा है।
दाम क्यों बढ़ेंगे, ये Google ने खुद बताया
Google के डिवाइसेज़ एंड सर्विसेज़ वाइस प्रेसिडेंट शकील बरकत ने एक इंटरव्यू में कहा है कि कंपनी “सप्लायर की तरफ से आए एक गंभीर रैम मेमोरी संकट” से जूझ रही है। उन्होंने Morgan Stanley का आँकड़ा भी रखा, जिसके अनुसार 1GB रैम की लागत 2025 में $2.80 थी और इस साल $12 पर पहुँच गई है, यानी करीब छह गुना। उनके अनुसार ये बढ़ोतरी सिर्फ Pixel 11 तक नहीं रुकेगी, पहले से बाज़ार में बिक रहे Pixel फोनों के दाम भी बदले जाएंगे।
Pixel 11 सीरीज़ की लीक स्पेसिफिकेशन और कीमत

| स्पेसिफिकेशन | Pixel 11 | Pixel 11 Pro | Pixel 11 Pro XL | Pixel 11 Pro Fold |
|---|---|---|---|---|
| डिस्प्ले | 6.3-इंच Actua OLED, 1080 x 2424, 60Hz–120Hz, 3,000 निट्स | 6.3-इंच Super Actua LTPO OLED, 1280 x 2856, 1Hz–120Hz, 3,600 निट्स | 6.8-इंच Super Actua LTPO OLED, 1Hz–120Hz, 3,600 निट्स | 8-इंच इनर OLED, 120Hz |
| रैम और स्टोरेज | 12GB + 256GB, 16GB + 512GB | 12GB या 16GB; 256GB, 512GB | 12GB या 16GB; 256GB, 512GB, 1TB | 256GB से 1TB तक |
| रियर कैमरा | 48MP प्राइमरी + 13MP अल्ट्रा-वाइड | 50MP प्राइमरी + 48MP अल्ट्रा-वाइड + 48MP पेरिस्कोप (5x) | 50MP प्राइमरी + 48MP अल्ट्रा-वाइड + 48MP पेरिस्कोप (5x) | 48MP प्राइमरी + 10.5MP अल्ट्रा-वाइड + 10.8MP टेलीफोटो (5x) |
| बैटरी | करीब 4,985mAh | करीब 4,850mAh | 5,115mAh | करीब 4,806mAh |
| चार्जिंग | 30W + Qi2 वायरलेस | 30W + Qi2 वायरलेस | 45W + Qi2 वायरलेस | 30W + Qi2 वायरलेस |
| फिंगरप्रिंट सेंसर | इन-डिस्प्ले | इन-डिस्प्ले | इन-डिस्प्ले | पावर बटन में |
| लीक कीमत (अमेरिका) | $899 से शुरू | $1,099 से शुरू | $1,299 से शुरू | $1,899 से शुरू |
ऊपर दिए सभी आँकड़े लीक हुई लिस्टिंग से हैं, Google ने इनकी पुष्टि नहीं की है।
Pixel 10 की शुरुआत $799 से हुई थी, यानी बेस मॉडल पर सीधे $100 का अंतर, हालांकि स्टोरेज दोगुनी हो रही है। सबसे बड़ी बैटरी और सबसे तेज़ चार्जिंग सिर्फ Pro XL को मिलेगी, जबकि Pro Fold की बैटरी Pixel 10 Pro Fold की 5,015mAh से करीब 200mAh घट रही है।
भारत में Pixel 11 सीरीज़ कीमत (Pixel 11 series Price in India)
Google ने भारत की कीमत पर एक शब्द नहीं कहा है, और जो अनुमान चल रहे हैं वो आपस में मेल नहीं खाते। बेस मॉडल के लिए ₹80,000 से ₹86,500 तक के अलग-अलग आँकड़े दिख रहे हैं, तो इन्हें अनुमान से ज़्यादा न मानें।
इस बीच Pixel 10 अभी Google Store पर ₹79,999 की जगह ₹74,999 में मिल रहा है। कंपनी इसके साथ “₹19,447 तक की वैल्यू” दिखा रही है, पर उसमें ₹5,000 का एक्सचेंज बोनस और EMI पर मिलने वाली बचत भी जुड़ी है। असल में कीमत सिर्फ ₹5,000 घटी है, बाकी शर्तों के साथ मिलने वाले फायदे हैं। Pro मॉडलों पर ऐसी कोई छूट नहीं है, उल्टा Flipkart पर Pixel 10 Pro के चारों रंग आउट ऑफ स्टॉक हैं और Pixel 10 Pro XL पर “only few left” दिख रहा है।
ये सारी जानकारी लीक पर आधारित है। पक्की जानकारी के लिए 12 अगस्त के इवेंट तक इंतज़ार कर लेना ही सही रहेगा।
ये पढ़ें: अगस्त 2026 में आने वाले स्मार्टफोन – Upcoming Smartphones in August 2026 in India

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।




























