Vivo ने आखिरकार भारत में अपनी S-सीरीज़ की वापसी का इशारा दे दिया है। कंपनी ने हाल ही में X पर Vivo S2 का ऑफिशियल टीज़र जारी किया, जो इस फोन की भारत में एंट्री की पहली आधिकारिक पुष्टि है। भारत में S-सीरीज़ का पिछला फोन Vivo S1 था, जो 2019 में आया था, यानी करीब सात साल बाद ये सीरीज़ वापसी कर रही है। खास बात ये है कि उस समय आया Vivo S1 ₹20,000 से कम का किफायती फोन था, जबकि नया S2 इस बार प्रीमियम मिड-रेंज सेगमेंट में उतरता दिख रहा है।
टीज़र में फोन का बैक पैनल दिखाया गया है, जिसमें ऊपर की तरफ पिल-शेप वाला हॉरिज़ॉन्टल कैमरा मॉड्यूल और दो बड़े कैमरा रिंग नज़र आते हैं। “For weekends that turn one plan into five” टैगलाइन के साथ कंपनी ने इसे वीकेंड और लाइफस्टाइल यूज़र्स के लिए पेश करने का संकेत दिया है। हालाँकि लॉन्च की तारीख, कीमत और स्पेसिफिकेशन अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आए हैं।
ये पढ़ें: अगस्त 2026 में आने वाले स्मार्टफोन: कीमत और लॉन्च डेट

टिपस्टर अभिषेक यादव के अनुसार Vivo S2 भारत में 6 अगस्त को लॉन्च हो सकता है, और इसकी पहली सेल 11 अगस्त से शुरू होगी। लीक के अनुसार इसकी कीमत करीब ₹38,000 से ₹45,000 के बीच रह सकती है, जो इसे Vivo की V-सीरीज़ से थोड़ा नीचे रखती है। इस सेगमेंट में इसका मुकाबला iQOO 15R जैसे फोनों से हो सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार Vivo S2 में 6.59-इंच 1.5K AMOLED डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ मिल सकती है, और इसमें MediaTek Dimensity 7360 प्रोसेसर दिए जाने की खबर है, जो Vivo V70 FE में भी मौजूद है। फोटोग्राफी के लिए इसमें OIS वाला 50MP प्राइमरी कैमरा और 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा मिलने की उम्मीद है, हालाँकि टेलीफोटो लेंस को लेकर लीक अभी एकमत नहीं हैं। पावर के लिए इसमें 7,000mAh बैटरी, 80W वायर्ड चार्जिंग के साथ वायरलेस और रिवर्स वायरलेस चार्जिंग की भी खबर है। स्टोरेज के लिए इसे 8GB रैम के साथ 128GB और 256GB विकल्पों में उतारा जा सकता है।
फिलहाल ये सभी जानकारियाँ लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं, इसलिए पक्की जानकारी के लिए Vivo की आधिकारिक घोषणा तक इंतज़ार करना बेहतर होगा।

अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।



































