Asus ने लगभग सभी ज़रूरतों और कीमतों के अनुसार कई श्रेणियों में लैपटॉप लॉन्च किये हैं। इन लैपटॉपों में से कई ऐसे हैं जिनके सक्सेसर या अपडेटेड मॉडल नए फीचरों और डिज़ाइन के साथ हर साल आते हैं। आज हम जिस लैपटॉप का रिव्यु करने जा रहे हैं वो भी ऐसा ही है। हम बात कर रहे हैं TUF Gaming A15 2021 की। ये लैपटॉप पिछले साल लॉन्च हुए TUF Gaming A15 2020 का अपडेटेड वैरिएंट है जिसके डिज़ाइन में ही नहीं बल्कि परफॉरमेंस में भी आप बदलाव देख पाएंगे।
ASUS TUF A15 2021 नए AMD Ryzen 7 5800H CPU और Nvidia GeForce RTX 3060 GPU के साथ आएगा। साथ ही इसमें 16GB की रैम, 1TB की स्टोरेज और 90WHr की बैटरी दी गयी है। अगर आप स्पेसिफिकेशनों की थोड़ी जानकारी रखते हैं तो आपको अंदाजा हो गया होगा कि इस लैपटॉप से क्या उम्मीद रखी जा सकती है और यदि आप नहीं रखते हैं तो हम आपको बता दें कि ये एक दिलचस्प लैपटॉप है।
ASUS TUF A15 2021 से लगाई जा रही उम्मीदों पर ये कितना खरा उतरता है, ये जानने के लिए हमने इसे काफी समय तक इस्तेमाल किया है। लेकिन सबसे पहले आपको बताते हैं कि इसके बॉक्स में आपको क्या मिलने वाला है।
Asus TUF Gaming A15 2021 अनबॉक्सिंग
गत्ते के इस बॉक्स की पैकिंग भी मज़बूत है और इसमें आपको मिलता है –
- एक गेमिंग लैपटॉप
- अडैप्टर और केबल
- सभी ज़रूरी कागज़ात
- कुछ अनोखे स्टीकर
आइये शुरू करते हैं Asus TUF Gaming A15 2021 का रिव्यु —
Asus TUF Gaming A15 2021 रिव्यु: डिज़ाइन
इस लैपटॉप के पहले लुक से ही आपको समझ आ जायेगा कि ये अपने नाम की तरह “TUF” है। इसकी लिड मेटल से बनी है जिस पर मैट फिनिश का अनुभव मिलता है। TUF A15 2020 मॉडल के मुकाबले TUF A15 2021 के डिज़ाइन में थोड़े बदलाव हैं, जैसे कि लोगो की जगह और इसका साइज़। हमारे पास उपलब्ध रिव्यु यूनिट ग्रे (Eclipse Grey) रंग का है। आप इसका काले (Graphite Black) रंग में उपलब्ध मॉडल भी चुन सकते हैं। इसके ये कलर वैरिएंट और मज़बूत बनावट कुछ लोगों के लिए बहुत आकर्षक हो सकते हैं वहीँ कुछ शायद इसे पसंद ना करें।
जैसे ही आप इसकी लिड खोलेंगे (जिसे आप आसानी से एक हाथ से उठा सकते हैं), तो आपकी नज़र 15.6 इंच की डिस्प्ले पर जाएगी जिसके इर्द-गिर्द थोड़े मोटे बॉर्डर (bezels) हैं , खासतौर से ऊपर और नीचे की तरफ। ऊपर वाला बेज़ेल को 720p वेबकैम फिट करने के लिए बीच में से थोड़ा उठाया गया है और इसकी वजह से लिड और आसानी से एक हाथ से खोली जा सकती है। नीचे वाले बेज़ेल पर ASUS की ब्रांडिंग है, जिसे यहां थोड़े भड़कीले स्टीकरों के साथ जगह दी गयी है और इसी वजह से ये ध्यान आकर्षित करता है।
इसके बाद की-बोर्ड आता है जिसमें WASD की-बटन अलग से हल्के सफ़ेद रंग में साफ़ नज़र आते हैं। इसके भी अपने फायदे हैं, जिसके बारे में बाद में बात करेंगे। इसके अलावा की-बोर्ड के नीचे ट्रैकपैड है जिसके नीचे के दो बटन ट्रैकपैड से थोड़े से ऊपर नज़र आते हैं। ट्रैकपैड यहां प्लास्टिक का है जिस पर आपको एल्युमीनियम टेक्सचर दिया गया है। इस लैपटॉप में मेटल या प्लास्टिक दोनों पर ही धूल-धब्बे आसानी से आ जाते हैं।
की-बोर्ड के ठीक ऊपर की तरफ पावर, एयरप्लेन मोड, चार्जिंग, और ड्राइव एक्टिविटी स्टेटस के लिए एलइडी इंडिकेटर हैं। यहीं पर एयर-इन्टेक वेंट (हवा आने के लिए एक वेंट) है और दूसरा नीचे की तरफ मधुमक्खी के छत्ते जैसे डिज़ाइन के साथ दिया हुआ है। एयर एग्जॉस्ट ग्रिल साइड पर दी गयी है। इस बार कंपनी ने हवा के वेंटिलेशन के लिए ज्यादा जगह दी है और इसका परिणाम आप परफॉरमेंस में महसूस कर पाएंगे।
हिन्ज की बात करें तो ये भी काफी मज़बूत है और 140° तक मुड सकती है।
TUF A15 2021 में सभी तरह के पोर्ट सोच समझ कर दिए गए हैं। इसमें तीन USB 3.2 Gen 1 Type-A पोर्ट हैं, एक USB 3.2 Gen 2 Type-C (G-Sync और डिस्प्ले पोर्ट), एक HDMI 2.0b पोर्ट, एक पावर DC पोर्ट, केंसिंग्टन सिक्योरिटी स्लॉट, LAN पोर्ट, और 3.5mm ऑडियो जैक शामिल हैं। लेकिन इसमें एसडी कार्ड स्लॉट और Thunderbolt सपोर्ट नहीं मिलता है।
Asus TUF Gaming A15 2021 रिव्यु: ऑडियोविसुअल
यहाँ 15.6-इंच की फुल एचडी (1080p) 16:9 IPS एंटी-ग्लेयर डिस्प्ले है जिसका रिफ्रेश रेट 144Hz है और ऑनलाइन गेम खेलने वालों को ये चीज़ आकर्षित ज़रूर कर सकती है। तो कुल मिलाकर ये डिस्प्ले गेमिंग, ऑफिस के काम, स्कूल, और मीडिया (फिल्में, वेब-सीरीज़, इत्यादि) के लिए काफी अच्छा है। Mare of Eastown (2021) जैसे क्राइम ड्रामा के कुछ डार्क सीन हों या फिर Casino Royale (2006) फिल्म के चकाचौंध वाले सीन, ये डिस्प्ले आपको बाँध लेती है। अगर आपने बहुत ज्यादा उम्मीदें इससे नहीं लगाई हैं तो आपको डिस्प्ले का कलर अच्छा लगेगा। लेकिन ये डिस्प्ले 62.5% sRGB gamut रंग, 45% NTSC कलर और 47.34% एडोबी कलर स्पेस को दिखाने की क्षमता रखती है। हालांकि वीडियो एडिटिंग और बाकी रचनात्मक कामों के लिए ये उतनी अच्छी नहीं है। लेकिन हमें ये भी तो ध्यान रखना चाहिए कि ये लैपटॉप गेमिंग के लिए ही है, क्रिएटिव काम के लिए नहीं।
अंदर इसका ब्राइटनेस लेवल भी काफी अच्छा है, लेकिन आउटडोर में इसकी सीमा सिर्फ 250 nits ब्राइटनेस तक ही है।
अब इसके साउंड की बात करें तो, ये ज्यादा लाउड नहीं है, लेकिन इसका बेस ठीक काम करता है। DTS equalizer से छेड़-छाड़ करके आप वॉल्यूम को बढ़ा सकते हैं या फिर हैडफ़ोन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। वीडियो कॉल्स के लिए भी यहां बिल्ट-इन 2-वे नॉइज़ कैंसलेशन माइक हैं और ये काफी अच्छे से अपना काम करते हुए बाहर के शोर को कम करते हैं।
Asus TUF Gaming A15 2021 रिव्यु: की-बोर्ड
ASUS TUF A15 में नंबर की-बटनों को मिलाकर लगभग 104 की-बटन हैं। जब टाइपिंग के लिए हाथ चले तो सभी की-बटनों में 1.8mm की दूरी के साथ हमें इनकी सटीक जगह अच्छी लगी। एरो की की-बटन छोड़कर, की-कैप भी बड़े हैं। इसमें कोई हॉट-की नहीं है, लेकिन यहां आप फंक्शन की बटन के साथ शॉर्टकट बना सकते हैं।
इसमें पूरे कीबोर्ड के लिए एक बैकलाइट भी है जिसकी ब्राइटनेस (चमक) के तीन लेवल हैं। यहां आरजीबी (RGB) भी है, लेकिन WASD की अलग तरह से चमकती हैं।
टचपैड और दोनों नीचे दिए गए बटन भी सही काम करते हैं। ये Microsoft Precision Drivers के साथ चलते हैं और इनमें मल्टी-फिंगर जेस्चर का सपोर्ट भी है। साथ ही हाथ को रखने के लिए पामरेस्ट (palmrest) भी काफी जगह में मौजूद है।
Asus TUF Gaming A15 2021 रिव्यु: परफॉरमेंस
सबसे पहले आपको बता दें कि हमने 64-बिट विंडोज 10 होम एडिशन पर सारे टेस्ट किये हैं। हमारे सभी टेस्ट का परिणाम आने के बाद ही हमने इस लैपटॉप में Windows 11 Insider Preview को अपडेट किया है।
McAfee के अलावा इस लैपटॉप में ऐसा कोई ख़ास ब्लोटवेयर नहीं है। लेकिन यहां आपको ASUS की प्री-इनस्टॉल्ड ऐप Armoury Crate मिलती है जो आपको परफॉरमेंस प्रोफाइल,और सेटिंग्स में गेमिंग सम्बन्धी कुछ ज़रूरी बदलाव करने में सहायक है। अपने हल्के-फुल्के कामों के लिए आप साइलेंट प्रोफाइल (Silent profile) को चुन सकते हैं और हैवी लोड वाले कामों के लिए आप टर्बो मोड (Turbo mode) के साथ काम कर सकते हैं। लेकिन टर्बो मोड सीपीयू और जीपीयू पर दबाव बढ़ाएगा जिससे थोड़ा तापमान बढ़ता है और ये थोड़ी आवाज़ भी करता है।
Asus TUF A15 2021 अपने नाम की तरह हार्डवेयर के मामले में भी टफ है। ये 8 कोर, 16 थ्रेड वाले AMD Ryzen 7 5800H प्रोसेसर पर चलता है जिसकी क्लॉक स्पीड 3.2 GHz है। हमारे पास उपलब्ध रिव्यु मॉडल में 16GB की DDR4 3200MHz रैम और 1TB की M.2 NVMe PCIe 3.0 SSD स्टोरेज है। इसे 32GB रैम तक बढ़ा सकते हैं और मदरबोर्ड पर स्टोरेज के लिए एक अलग 1TB M.2 SATA स्लॉट भी है।
जैसे कि ये एक गेमिंग लैपटॉप है इसमें ग्राफ़िक्स के लिए Radeon 8 इंटीग्रेटेड जीपीयू है और एक 6GB GDDR6 Nvidia GeForce RTX 3060 चिप भी मौजूद है। साथ ही 144Hz डिस्प्ले के लिए G-sync है जो आपको एक बेहतर गेमिंग अनुभव दे सकता है। और ये हैं वो कुछ गेम जो हमने इस पर खेलकर देखें हैं।
TUF A15 2021 चलाये गए गेम | FPS |
Watch Dogs 2 | 88 |
Valorant | 166 |
GTA V | 117 |
Control DX12 Ultra | RT High | DLSS | 79 | 49 | 78 |
इसमें आपको एक अच्छा हार्डवेयर मिलता है और नीचे दिए गए बेंचमार्क के स्कोर से ये साबित होता है —
Asus TUF Gaming A15 2021 बेंचमार्क (टर्बो मोड, प्लग करके चलाये गए हैं) | Scores |
3DMark Fire Strike | Fire Strike Ultra | 18029 | 4915 |
3DMark Time Spy | 7378 |
Cinebench R20 | 4948 |
CrystalDiskMark Seq Read | Write Speed | 3606.99 | 3010.51 MB/s |
CrystalDiskMark Random Read | Write Speed | 1322.08 | 503.48 MB/s |
Geekbench 5 Single-Core | Multi-core (CPU) | 1377 | 7389 |
PCMark 10 | 6779 |
Unigine Superposition (1080p Extreme) | 4707 |
Handbrake test (1GB WebM file to H.265 MKV 1080p30 conversion) | 34 min |
Blender bmw27 | classroom | 3m28s | 9m13s |
इस पर आप कितने क्रिएटिव (रचनात्मक) काम कर सकते हैं ये जांचने के लिए भी हमने कुछ टेस्ट किये हैं।
नोट: ये सभी टेस्ट इस लैपटॉप में एंड्राइड 11 preview वर्शन अपडेट करने से पहले किये गए हैं।
Asus TUF Gaming A15 2021 रिव्यु: बैटरी
अपने बैटरी बैकअप को लेकर भी ये आपको निराश नहीं करेगा। TUF A15 2021 में अंदर 90WHr बैटरी है। हमने इस पर आसानी से पूरे दिन काम किया है और अगर आपका काम थोड़ा कम है तो ये आपको एक और दिन का बैटरी बैकअप भी दे सकता है। हमारे एक दिन के काम में इसमें लगभग 30 या उससे कुछ ज्यादा टैब खुली हुईं थीं, बैकग्राउंड में Spotify भी चला है और साथ में हमने इस पर कुछ YouTube कंटेंट देखा है। PCMark टेस्ट में लगभग 10 घंटे ये चला। लेकिन अगर आप एक हार्ड-कोर गेम खेलने वाले हैं तो शायद ये आपको इससे थोड़ी काम बैटरी लाइफ देगा। इसे 5% से वापस 100% तक रिचार्ज होने में मात्र 1 घंटे 30 मिनट का समय लगा।
स्थिति | Runtime |
साधारण काम, Armoury crate में परफॉरमेंस मोड | 7 घंटे, 40 मिनट |
ऑफिस का काम, साइलेंट मोड, पैनल पावर सेविंग ऑन करके और iGPU मोड ऑन, | 11 घंटे |
रिव्यु का वर्डिक्ट: क्या आपको Asus TUF Gaming A15 2021 खरीदना चाहिए ?
ASUS TUF A15 का 2021 एडिशन बेहतरीन फीचरों के साथ आता है। साथ ही आपको इसमें AMD और Nvidia से मिला-जुला एक पावर पैक्ड हार्डवेयर मिलता है। इस लैपटॉप से मेरी जो उम्मीद थी वो 144Hz पैनल, एक बड़ी 90WHr बैटरी और अच्छी मेमोरी जैसे फीचरों के साथ पूरी हुई। साथ ही इसमें आपको पिछले साल आये एडिशन के मुकाबले थर्मल परफॉरमेंस भी थोड़ी बढ़ी हुई नज़र आएगी।
अब ये आपको एक शानदार लुक के साथ आने वाला लैपटॉप लगे या फिर पसंद ना आये, ये आपके चयन पर निर्भर करता है। वैसे भी ये आपको प्रीमियम रेंज के ROG लैपटॉप में आने वाली फील देने की कोशिश नहीं करता। साथ ही इसमें आपको सभी की-बटनों के पीछे आने वाली RGB बैकलाइट, बेहतरीन रंगों के साथ डिस्प्ले, अच्छी आवाज़ के साथ स्पीकर का लोभ भी छोड़ना पड़ेगा। लेकिन अपनी कीमत जो कि ₹1,10,990 है के अनुसार ये आपको एक अच्छा परफॉरमेंस और अनुभव देता है।
क्यों खरीदें?
- अच्छी बैटरी लाइफ
- बढ़िया परफॉरमेंस
- Adaptive sync के साथ 144Hz रिफ्रेश रेट
- टाइपिंग का अच्छा अनुभव
- सही पोर्ट चयन
- काफी मेमोरी उपलब्ध है, बढ़ाई जा सकती है
क्यों ना खरीदें ?
- डिस्प्ले प्रोफेशनल कार्य के लिए नहीं है।
- वेबकैम की क्वालिटी बहुत ज्यादा अच्छी नहीं है।
- बायोमेट्रिक अनलॉक नहीं है।