Realme P4s 5G vs Nothing Phone 4b – ₹35,000 में कौन सा फोन आपके लिए बेहतर?

Main Image
  • Like
  • Comment
  • Share

Realme ने अपनी P4 सीरीज़ में एक और नया स्मार्टफोन realme P4s 5G पेश किया है। इस स्मार्टफोन की खासियत है, इसमें मिलने वाला डेडिकेटेड गेमिंग चिप, लेकिन इसी के साथ कंपनी ने इस फोन का दाम भी अन्य P4 सीरीज़ फोनों से ऊपर पहुंचा दिया है। लगभग ₹32,000 (ऑफर के बाद) का ये फोन एक काफी बड़ी बैटरी, और बेहतरीन 144Hz AMOLED स्क्रीन भी ऑफर करता है।

हालाँकि लगभग इसी बजट में भारतीय बाज़ार में और भी अच्छे फोन मौजूद हैं, जिनमें इसका सीधा प्रतिद्वंदी है Nothing Phone (4b), जो फिलहाल Amazon पर ₹31,205 में मिल रहा है, यानी realme के लॉन्च ऑफर वाले दाम से भी थोड़ा नीचे।

Nothing इसी बजट में आपको छह साल के सिक्योरिटी अपडेट देगी, और realme चार साल पर रुक जाती है। इसके अलावा Android 17 पर बने Nothing OS 5.0 की कन्फर्म डिवाइस लिस्ट में भी Phone (4b) का नाम पहले से दर्ज है। इसके अलावा आप जानते हैं कि Nothing के फोनों में आपको डिज़ाइन भी सबसे अलग मिलता है। आइए जानते हैं, इन दोनों में से किस फोन पर आपको दाँव लगाना चाहिए।

ये पढ़ें: realme P4s 5G भारत में लॉन्च, 8,000mAh बैटरी के साथ अब गेमिंग के लिए मिलेगी एक अलग चिप

कीमत

Nothing Phone (4b) 7 जुलाई को ₹34,999 पर लॉन्च हुआ था, और आज Amazon पर इसका वही बेस मॉडल ₹31,205 का है। वहीँ Flipkart और Croma पर अब भी इसका दाम ₹34,999 ही चल रहा है, हालांकि Flipkart पर बैंक ऑफर लगाने के बाद आप इसे ₹33,249 में खरीद पाएंगे।

फोनवैरिएंटकीमतऑफर के बाद
realme P4s 5G8GB + 128GB₹34,999₹31,999
realme P4s 5G8GB + 256GB₹37,999₹34,999
realme P4s 5G12GB + 256GB₹41,999₹38,999
Nothing Phone (4b)8GB + 128GB₹34,999₹31,205 (Amazon)
Nothing Phone (4b)8GB + 256GB₹38,999₹34,399 (Amazon)

वहीँ Realme P4s को आप ऑफर के बाद 31,999 में खरीद पाएंगे। realme का ₹3,000 वाला इंस्टेंट डिस्काउंट सिर्फ HDFC, ICICI और SBI कार्डों पर मिलेगा, यानी वो छूट तभी काम आएगी जब आपके पास इनमें से कोई कार्ड हो।

एक बात और ध्यान रखिए। Nothing Phone (4b) आज ही खरीदा जा सकता है, वहीँ realme P4s 5G की पहली सेल 3 सितंबर को दोपहर 12 बजे से Flipkart और realme.com पर शुरू होगी।

ये पढ़ें: Nothing Phone (4b) vs (4a): बड़ी बैटरी या ज़ूम वाला कैमरा, एक जैसी कीमत में कौन सा फोन खरीदें?

realme P4s vs Nothing Phone 4b: डिज़ाइन और डिस्प्ले

इन दोनों में स्क्रीन में असली फर्क रेज़ॉल्यूशन का है। realme P4s में 6.78-इंच का 1.5K Samsung M14 पैनल इस्तेमाल हुआ है, जो 1,272×2,772 रेज़ॉल्यूशन और 450 PPI के साथ आता है। Nothing Phone (4b) की 6.77-इंच स्क्रीन FHD+ यानी 1,080×2,344 पर ही रुक जाती है, और इसका PPI 381 है। रिफ्रेश रेट भी realme पर 144Hz का है और Nothing पर 120Hz का।

बनावट दोनों की अलग है। Nothing Phone (4b) कंपनी का पहला ऐसा फोन है, जिसके बैक पैनल से ट्रांसपेरेंट लुक हटाकर एक रंगीन यूनिबॉडी दी गई है। पीछे इसमें Glyph Bar मिलता है, जिसमें 45 मिनी-LED लगी हैं और ये 3,500 निट्स तक चमककर नोटिफिकेशन, चार्जिंग या रिकॉर्डिंग का इशारा करती हैं। realme P4s पर ऐसा कुछ नहीं मिलेगा, लेकिन इसे IP66, IP68 और IP69, तीनों रेटिंग मिली हैं, वहीँ Nothing Phone (4b) पर IP64 ही है।

₹34,999 के फोन में IP64 का मतलब है कि छींटों से बचाव तो मिलेगा, लेकिन तेज़ बारिश या स्विमिंग पूल जैसी स्थितियों में नहीं।

मोटाई दोनों की 8.6mm ही है, और वज़न में भी बस 2 ग्राम का अंतर है। realme P4s 208 ग्राम का है और Nothing Phone (4b) 210 ग्राम का है। लेकिन यहां ये देखिए कि , यानी 2,000mAh बड़ी बैटरी के साथ भी realme इसी वज़न में मिल रहा है।

realme P4s vs Nothing Phone 4b: परफॉरमेंस

चिप के मामले में Nothing के पास बेहतर हार्डवेयर है। Nothing Phone (4b) में Snapdragon 6 Gen 4 दिया गया है, जिसके कोर Cortex-A720s और A520s हैं, यानी Arm की नई पीढ़ी वाले। realme P4s का Dimensity 7400 Ultra अब भी Cortex-A78 और A55 कोर पर चलता है, जो एक पीढ़ी पुराने हैं। क्लॉक स्पीड realme की ज़्यादा है, 2.6GHz तक, लेकिन नई पीढ़ी के कोर उसकी काफी भरपाई कर देते हैं। रैम दोनों में LPDDR4X ही मिलती है।

लेकिन रोज़मर्रा की रफ्तार सिर्फ चिप से तय नहीं होती। स्टोरेज realme में UFS 3.1 की है और Nothing Phone (4b) में UFS 2.2 की, और यही वो जगह है जो आपको हर दिन महसूस होगी। BGMI का कोई बड़ा अपडेट डाउनलोड करके तुरंत मैच जॉइन करना हो, तो UFS 3.1 वाला फोन वो फाइलें तेज़ी से खोलता है और लोडिंग स्क्रीन पर आपका कम समय जाता है।

गेमिंग के लिए realme ने इसमें एक अलग HyperVision+ AI चिप भी दी है, जो ग्राफिक्स रेंडरिंग और फ्रेम रेट का काम अलग से संभालती है। कंपनी का दावा है कि इसकी मदद से BGMI जैसे गेमों में 144FPS तक की गेमिंग मिलेगी। फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें 7,000 वर्ग मिलीमीटर का वेपर चैंबर भी दिया गया है, वहीँ Nothing Phone (4b) पर कंपनी ने ऐसी किसी कूलिंग सिस्टम का ज़िक्र नहीं किया।

कनेक्टिविटी में realme एक कदम पीछे रह जाती है। ₹34,999 के फोन में भी कंपनी आपको Wi-Fi 6 नहीं, Wi-Fi 5 ही दे रही है, वहीँ Nothing Phone (4b) पर Wi-Fi 6 और Bluetooth 6.0, दोनों मिलते हैं। इसके अलावा realme पर IR ब्लास्टर भी मिलता है, जिससे आप घर का AC या TV चला सकते हैं, और Nothing Phone (4b) में ये नहीं है।

ये पढ़ें: iQOO Z11 रिव्यू: भरोसेमंद ऑल राउंडर फोन, पर कुछ कमियाँ भी हैं

realme P4s vs Nothing Phone 4b: कैमरा

आपको दोनों फोनों में OIS वाला 50MP का प्राइमरी सेंसर, 8MP का अल्ट्रावाइड और 16MP का फ्रंट कैमरा मिलता है, और प्राइमरी सेंसर का अपर्चर भी दोनों पर f/1.8 ही है।

फर्क छोटी-छोटी जगहों पर है। Nothing के अल्ट्रावाइड का फील्ड ऑफ व्यू 120° तक जाता है, वहीँ realme का 112° पर रुक जाता है, यानी एक ही जगह खड़े होकर खींची गई फोटो में Nothing थोड़ा ज़्यादा फ्रेम में ले आएगा। Nothing ने अपने प्राइमरी सेंसर का साइज़ भी दर्ज किया है, 1/2.76-इंच, और realme ने अपने सेंसर का साइज़ कहीं नहीं बताया।

कैमराrealme P4s 5GNothing Phone (4b)
प्राइमरी सेंसर50MP, f/1.8, OIS50MP, f/1.8, 1/2.76-इंच, OIS
दूसरा सेंसर8MP अल्ट्रावाइड, f/2.2, 112°8MP अल्ट्रावाइड, f/2.2, 120°
फ्रंट कैमरा16MP, f/2.416MP, f/2.4
रियर वीडियो4K@30fps, 1080p@60fps4K@30fps, 1080p@60fps
फ्रंट वीडियो1080p@30fps1080p@30fps
स्लो-मोशन1080p@120fps, 720p@240fps1080p@120fps

दोनों की असल फोटो क्वॉलिटी में कितना फासला रहेगा, ये रिव्यू के बाद ही पक्का कहा जा सकेगा।

realme P4s vs Nothing Phone 4b: बैटरी और चार्जिंग

बैटरी और चार्जिंग, दोनों में realme P4s साफ आगे है। इसमें 8,000mAh बैटरी और 80W चार्जिंग मिलती है, वहीँ Nothing Phone (4b) में 6,000mAh बैटरी और 33W चार्जिंग दी गई है। फर्क सिर्फ 2,000mAh का नहीं है, चार्जिंग की रफ्तार भी यहाँ ढाई गुना के करीब पहुँच जाती है।

सुबह ऑफिस निकलने से पहले हाथ में बीस मिनट ही बचे हों, तो 80W चार्जर उतनी देर में काम लायक बैटरी भर देता है। 33W चार्जर उतने ही समय में 6,000mAh में थोड़ा ही डाल पाएगा, और आपको पावर बैंक साथ रखना पड़ेगा।

यहाँ एक बात और है। realme डिब्बे में आपको 80W का चार्जर देती है, वहीँ Nothing Phone (4b) के बॉक्स में सिर्फ केबल, केस और स्क्रीन प्रोटेक्टर मिलते हैं। यानी ₹34,999 का फोन लेने के बाद भी आपको 33W का चार्जर अलग से खरीदना पड़ेगा, जो निराशाजनक है।

इसके अलावा realme P4s पर बायपास चार्जिंग भी मिलती है, जो लंबे गेमिंग सेशन में बैटरी की जगह सीधे करंट से फोन चलाती है। Nothing Phone (4b) पर 7.5W की रिवर्स वायर्ड चार्जिंग दी गई है।

सॉफ्टवेयर और अपडेट

अपडेट के मामले में Nothing दो साल आगे निकल जाती है। दोनों फोन Android 16 पर चलते हैं, realme UI 7.0 और Nothing OS 4.1 के साथ, और बड़े Android अपग्रेड दोनों कंपनियां तीन-तीन देंगी। लेकिन सिक्योरिटी पैच realme चार साल तक देगी और Nothing छह साल तक। कंपनी का दावा है कि ये इसके सेगमेंट में सबसे लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट है।

इसके अलावा Android 17 पर बने Nothing OS 5.0 की कन्फर्म डिवाइस लिस्ट में Phone (4b) का नाम शामिल है, और ये अपडेट 25 अगस्त को पेश भी हो चुका है। Nothing OS के साथ आपको Essential Key नाम का एक अलग बटन भी मिलता है, जिससे Essential Space, Essential Search और Essential Voice जैसे टूल सेट खुलते हैं, और ChatGPT तथा Gemini का सपोर्ट भी इसमें दिया गया है।

चार साल और छह साल का ये फर्क कागज़ी नहीं है। जो लोग एक फोन खरीदकर उसे चार-पाँच साल चलाते हैं, उनके लिए यही सबसे बड़ा अंतर है।

ये पढ़ें: Nothing ने बताई Nothing OS 5.0 की तारीख, इन फोनों को मिलेगा अपडेट

पूरी स्पेसिफिकेशन तुलना

स्पेसिफिकेशनrealme P4s 5GNothing Phone (4b)
डिस्प्ले6.78″ 1.5K AMOLED, 1,272×2,772, 144Hz, 450 PPI6.77″ FHD+ AMOLED, 1,080×2,344, 120Hz, 381 PPI
ब्राइटनेस1,400 निट्स HBM, 6,500 निट्स पीक1,200 निट्स HBM, 2,000 निट्स पीक
प्रोसेसरDimensity 7400 Ultra (4nm) + HyperVision+ AI चिपSnapdragon 6 Gen 4 (4nm)
GPUMali-G615 MC2Adreno 810
रैम और स्टोरेज8GB/12GB LPDDR4X, 128GB/256GB UFS 3.18GB LPDDR4X, 128GB/256GB UFS 2.2
रियर कैमरा50MP OIS + 8MP अल्ट्रावाइड50MP OIS + 8MP अल्ट्रावाइड
फ्रंट कैमरा16MP16MP
बैटरी और चार्जिंग8,000mAh, 80W, बायपास चार्जिंग6,000mAh, 33W, 7.5W रिवर्स
बॉक्स में चार्जरहाँनहीं
सॉफ्टवेयरAndroid 16, realme UI 7.0Android 16, Nothing OS 4.1
अपडेट3 Android अपग्रेड + 4 साल सिक्योरिटी3 Android अपग्रेड + 6 साल सिक्योरिटी
मज़बूतीIP66 + IP68 + IP69IP64
कूलिंग7,000 वर्ग मिलीमीटर वेपर चैंबरकंपनी ने नहीं बताया
बाकी फीचरस्टीरियो स्पीकर, IR ब्लास्टर, Wi-Fi 5, Bluetooth 5.4स्टीरियो स्पीकर, Glyph Bar, Wi-Fi 6, Bluetooth 6.0
वज़न और मोटाई208 ग्राम, 8.6mm210 ग्राम, 8.6mm
कीमत₹34,999 से₹34,999 से (आज ₹31,205)

किसके लिए कौन सा फोन सही रहेगा?

जिन्हें एक फोन खरीदकर उसे चार-पाँच साल चलाना है, जिन्हें साफ सॉफ्टवेयर और अलग दिखने वाला डिज़ाइन पसंद है, और जो फोन आज ही हाथ में चाहते हैं, Nothing Phone (4b) उनके लिए बना है। Amazon पर इसका आज का दाम ₹31,205 है, और इसके लिए किसी खास बैंक कार्ड की शर्त भी नहीं रखी गई है।

इसके अलावा रोज़मर्रा की लगभग हर ज़रूरत में realme P4s 5G आगे खड़ा है। 8,000mAh बैटरी, डिब्बे में 80W चार्जर, 1.5K 144Hz स्क्रीन, UFS 3.1 स्टोरेज और IP69 रेटिंग, ये पाँचों चीज़ें आपको हर हफ्ते काम आएंगी।

मेरी सलाह है कि ज़्यादातर लोग realme P4s 5G को ही लीजिए। ₹31,999 की प्रभावी कीमत पर ये फोन आपको लगभग ₹800 ज़्यादा में वो सब दे देता है, जो Nothing Phone (4b) में है ही नहीं।

हाँ अगर आपके पास HDFC, ICICI या SBI का कार्ड नहीं है, तो realme P4s आपको पूरे ₹34,999 का ही पड़ेगा, और उतने में Nothing Phone (4b) आज ₹3,794 सस्ता बैठता है। ऐसी हालत में मैं Nothing Phone (4b) लेने की ही सलाह दूँगी। और अगर फोन आपको इसी हफ्ते चाहिए, तब भी Nothing ही आपका विकल्प रहेगा, क्योंकि realme P4s की सेल 3 सितंबर से पहले शुरू ही नहीं होगी

Pooja ChaudharyPooja Chaudhary
Pooja has been covering technology and gadgets for more than 5 years. Most of her work has been centred around smartphones and smartphone apps, but she occasionally likes to dabble with content on people and relationships. She is also a bit of a TV junkie and is often trying to make time to catch up with her favourite shows and classic movies.

Related Articles

Imagerealme P4s 5G भारत में लॉन्च, 8,000mAh बैटरी के साथ अब गेमिंग के लिए मिलेगी एक अलग चिप

realme की P सीरीज़ में अब तक बड़ी बैटरी और बजट गेमिंग वाले फोन ही देखने को मिलते थे। लेकिन आज कंपनी ने realme P4s 5G को भारत में एक अलग ग्राफिक्स चिप के साथ पेश किया है। इसके अलावा एक और अच्छी बात ये है कि जैसे इस सीरीज़ के फोनों में बैटरी हर …

ImageVivo T5e vs Realme C100x: ₹14,000 में आपके लिए कौन सा फोन सही?

Vivo T5e vs Realme C100x: अगर आपका बजट ₹14,000 के आसपास है और आप एक भरोसेमंद 4G फोन ढूंढ रहे हैं, तो इन दिनों दो नाम सीधे आमने-सामने हैं, Vivo T5e और Realme C100x। दोनों हाल ही में भारत में लॉन्च हुए हैं, दोनों की कीमत लगभग बराबर है, और दोनों ही एक जैसे खरीददार …

ImageNothing Phone (4b) vs (4a): बड़ी बैटरी या ज़ूम वाला कैमरा, एक जैसी कीमत में कौन सा फोन खरीदें?

Nothing Phone (4b) vs (4a): Nothing ने आज भारत में अपना नया फोन Phone (4b) लॉन्च कर दिया है। ये कंपनी की बिल्कुल नई “b-सीरीज़” का पहला फोन है, और इसकी कीमत ₹34,999 से शुरू होती है। दिलचस्प बात ये है कि कंपनी के पास पहले से Phone (4a) मौजूद है, जो इसी साल मार्च …

ImageRealme P4R vs Vivo T5 Lite 5G: ₹20,000 में बड़ी बैटरी या हल्का डिज़ाइन, कौन सा खरीदें?

Realme P4R vs Vivo T5 Lite 5G: ₹20,000 से कम का 5G सेगमेंट इस समय भारत का सबसे भीड़भाड़ वाला स्मार्टफोन बाज़ार बन चुका है, और realme ने यहां कुछ ही समय पहले अपनी P4 सीरीज़ के नए फोन realme P4R के साथ दस्तक दी थी, जो बड़ी बैटरी और मज़बूती को अपनी सबसे बड़ी …

ImageMotorola Edge 70 Max vs Vivo X200T: दमदार बैटरी व मैगनेट चार्जिंग या ZEISS का ज़ूम कैमरा, कौन सा है आपके लिए बेहतर?

Motorola Edge 70 Max vs Vivo X200T: Motorola ने 15 जुलाई को अपना Edge 70 Max भारत में लॉन्च किया है, जो कंपनी के अब तक के सबसे दमदार बैटरी-और-डिस्प्ले वाले फोनों में से एक है, और इस सेगमेंट का पहला फोन है जिसमें Qi2.2 मैगनेट वाली वायरलेस चार्जिंग मिलती है। दूसरी तरफ Vivo का …

Discuss

Be the first to leave a comment.

Related Products