Samsung ने अपने नए फ्लैगशिप फोनों – Galaxy S25, S25+ और S25 Ultra को लॉन्च कर दिया है। चिपसेट के अलावा इन स्मार्टफोनों में ज़्यादा कुछ नहीं बदला है, लेकिन AI फीचरों में कंपनी ने कई बेहतरीन अपग्रेड दिए हैं। कंपनी इसे “true AI companion” यानि आपका सच्चा AI साथी कह रही है। पिछले साल Galaxy AI की शुरुआत के साथ AI फीचर्स कुछ खास कामों तक ही सीमित थे, लेकिन इस बार Google Gemini के कॉम्बिनेशन के साथ ये AI फ़ीचर फोन के इस्तेमाल को और आसान बनाने के उद्देश्य से अपग्रेड किये गए हैं। इस बार कई फ़ीचर ऐसे हैं, जो आपकी आवाज़ के साथ ही कई ऐप्स में एक साथ काम करने की सुविधा देंगे। इसके अलावा, अब आप सामान्य भाषा में बोलकर या टाइप करके अपनी फोटो गैलरी या फोन की सेटिंग्स में कुछ भी आसानी से सर्च कर पाएंगे। आइये जानते हैं कि Galaxy AI में क्या नया मिला है।
ये पढ़ें: Samsung ट्राई-फोल्ड को कंपनी ने पहली बार किया टीज़, क्या है आगे का प्लान?
Galaxy S25 सीरीज़ में Galaxy AI होगा और भी एडवांस्ड
Now Brief

Galaxy AI का एक ख़ास फ़ीचर Now Brief है, जो कार्ड-बेस्ड इंटरफेस के द्वारा आपको आपके पूरे दिन की जानकारी देता है, फिर चाहे वो मौसम की अपडेट हो, आपकी एक्सरसाइज एक्टिविटी का कोर, आपके रिमाइंडर, इत्यादि। ये फीचर आपके रूटीन के हिसाब से कस्टमाइज़्ड अपडेट देने में सक्षम है, जैसे—आपके मीटिंग रिमाइंडर, किसी छूटने वाले कूपन की जानकारी, या घर पहुंचने का आपका सही समय ताकि आपका कोई काम छूट न जाए। साथ ही ये Samsung के Knox Vault द्वारा सुरक्षित भी है। Now Bar भी इसी का हिस्सा है, जो लॉक स्क्रीन पर ये सारी जानकारी आपको एक नज़र में ही देता है। ये फ़ीचर Samsung के Personal Data Engine द्वारा आपके रूटीन से सीखता है और आपके अनुभव को बेहतर बनाने के लिए खुद को उसके अनुसार ढालता है।
ये पढ़ें: Samsung Galaxy S25 Ultra भारत में लॉन्च; देखें इस प्रीमियम में फ़ोन में नया क्या है?
AI Select
AI Select आपके फ़ोन की स्क्रीन पर दिख रहे कंटेंट को देखकर उसके अनुसार सुझाव देता है, जिससे आपका अनुभव बेहतर हो। उदाहरण के लिए, अगर आप कोई टेक्स्ट मैसेज पढ़ रहे हैं, तो ये Writing Assist फीचर को ऑटोमैटिकली एक्टिव कर सकता है। या अगर आप कोई वीडियो देख रहे हैं, तो ये उसमें से GIF बनाने का सुझाव देगा और कोई फोटो देखने पर ये उसे वॉलपेपर सेट करने का विकल्प आपको देगा। अच्छी बात ये है कि ये फ़ीचर बिना इंटरनेट के भी काम करता है।
Conversational Search
Samsung का नया Conversational AI फ़ीचर भी काफी उपयोगी है। इसके साथ आप सेटिंग्स और फोटो जैसी ऐप्स में जो चाहिए, वो आसानी से ढूंढ सकते हैं। इस फीचर की मदद से आप साधारण भाषा में टेक्स्ट या वॉयस के द्वारा अपने फोन के ऐप्स में से किसी भी चीज़ को ढूंढ सकते हैं। जैसे – अगर आप कहें कि Photos में से पिछले साल की क्रिसमस पार्टी की फोटो दिखाओ, या डिस्प्ले सेटिंग्स खोलो, इस तरह की वौइस् कमांड देकर आप जो चाहें अपने फ़ोन में सेकेंडों में ढूंढ सकते हैं।
Circle to Search

Circle to Search पहले भी Galaxy AI का हिस्सा था, लेकिन इसे अपग्रेड किया गया है। ये फ़ीचर अब आपकी आवाज़ भी पहचानेगा, जैसे वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट में बज रहे गाने। Samsung का दावा है कि अब आप सिर्फ गुनगुनाकर भी किसी गाने को पहचान सकते हैं, और Circle to Search उसे ढूंढ देगा। इसके लिए Circle to Search इंटरफेस में एक नए म्युज़िक नोट आइकन भी जोड़ा गया है।
Audio Eraser

Audio Eraser इस बार के अपडेट में एक बहुत ही ख़ास फ़ीचर है, जो आपके वीडियो में से अनचाही आवाज़ों या किसी भी तरह की ध्वनियों को हटा सकता है। इस फ़ीचर के साथ आप अलग अलग आवाज़ों का वॉल्यूम एडजस्ट कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आपने बाहर किसी टूरिस्ट प्लेस पर कोई वीडियो बनायी है, तो लोगों की भीड़ की आवाज़ को आप कम कर सकते हैं और अपनी बातचीत या गाने की आवाज़ को आप बढ़ा सकते हैं। ये फ़ीचर आउटडोर वीडियो के लिए बहुत बेहतरीन है। इसके साथ आप ट्रैफिक या भीड़ या पीछे बज रहे लाउड DJ जैसी अनचाहे शोर को काफी कम कर सकते हैं।
ProScaler

इन फोनों में ProScaler नाम का एक एडवांस्ड फ़ीचर भी है, जो डिस्प्ले क्वॉलिटी को और बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके साथ डिस्प्ले इमेज की गुणवत्ता 40% तक सुधारी जा सकती है। Samsung का कहना है कि ये टेक्नोलॉजी Digital Natural Image Engine (mDNIe) और Galaxy IP का उपयोग करके डिस्प्ले की पावर एफिशिएंसी को बेहतर बनाती है। कुल मिलाकर इस फ़ीचर के साथ डिस्प्ले पर इमेज क्वॉलिटी भी बेहतर होती है, और ये काम ये कम बैटरी की खपत किये कर पाता है। Samsung के अनुसार इस फ़ीचर के साथ प्रीमियम टीवी तकनीक स्मार्टफोन तक आएगी।
ये पढ़ें: Galaxy S25 Vs S24: इसमें ऐसा क्या नया है जो S24 में नहीं? जानकर रह जाएंगे दंग
Drawing Assist
ये फ़ीचर S24 में आया था, लेकिन Galaxy S25 सीरीज़ में इसे अपडेट किया गया है। अब Drawing Assist के साथ आप आवाज़, टेक्स्ट, स्केच या फोटो के द्वारा भी कमांड दे सकते हैं। इसके बाद AI द्वारा बनाई गई इमेज को असली तस्वीरों पर सुपरइंपोज़ कर सकते हैं। यानि आर्ट को बनाकर उसे रियल लाइफ फोटो जैसा दिखाने में ये फ़ीचर अब मदद। करेगा। इसके अलावा अल्ट्रा मॉडल में S-Pen की मदद से स्केच को AI की आर्ट में बदला जा सकता है। Galaxy AI के इस अपग्रेड के बाद वो यूज़र्स खुश होंगे जो AI की मदद से नई चीज़ें बनाने और अपने आइडियाज़ को जीवंत करने का शौक रखते हैं।
Cross App Actions

Samsung के नए Cross App Actions फीचर से अब आप वॉइस कमांड के साथ कई ऐप्स में एक साथ काम कर सकते हैं। आमतौर पर, जिन कामों के लिए आपको कई ऐप्स खोलने पड़ते, अब वे बस एक वॉइस कमांड से पूरे हो सकते हैं। जैसे अगर आपके घर में पालतू जानवर है और आप इसे कमांड दें कि मेरे पास के पेट-फ्रेंडली रेस्टोरेंट की जानकारी दो, तो ये Google पर सर्च करेगा, Maps में उसकी लोकेशन देखेगा और WhatsApp पर आपको ये लोकेशन सेंड करेगा। इस तरह एक ही वॉइस कमांड में आपकी कई ऐप्स का इस्तेमाल करके, ये उसका हल आपको तुरंत देता है।
अधिक जानकारी के लिए आप Smartprix को Twitter, Facebook, Instagram, और Google News पर फॉलो कर सकते हैं। मोबाइल फोन, टेक, गाइड या अन्य खबरों के लिए आप Smartprix पर भी विज़िट कर सकते हैं।






























